कोरोना मरीजों के स्वस्थ होने की दर बढ़कर 71.61 फीसद हुई, एक दिन में रिकॉर्ड 57,381 मरीज हुए ठीक

उत्तर प्रदेश में कुल संक्रमितों का आंकड़ा डेढ़ लाख को पार कर गया है। राज्य में 4774 नए मामले मिले हैं। अब तक 2377 लोगों की जान भी जा चुकी है।

By Bhupendra SinghEdited By: Publish:Sat, 15 Aug 2020 10:01 PM (IST) Updated:Sat, 15 Aug 2020 10:01 PM (IST)
कोरोना मरीजों के स्वस्थ होने की दर बढ़कर 71.61 फीसद हुई, एक दिन में रिकॉर्ड 57,381 मरीज हुए ठीक
कोरोना मरीजों के स्वस्थ होने की दर बढ़कर 71.61 फीसद हुई, एक दिन में रिकॉर्ड 57,381 मरीज हुए ठीक

जेएनएन, नई दिल्ली। देश में कोरोना मरीजों के ठीक होने का ग्राफ तेजी से ऊपर उठ रहा है। संक्रमण मुक्त होने वाले मरीजों की संख्या दिन प्रति दिन बढ़ रही है। पिछले 24 घंटे के दौरान 57 हजार से अधिक मरीज ठीक हुए हैं। एक दिन में स्वस्थ होने वाले मरीजों की यह अब तक की सबसे बड़ी संख्या है। इसके साथ ही मरीजों के स्वस्थ होने की दर बढ़कर 71.61 फीसद हो गई है। हालांकि, इस दौरान 65 हजार से अधिक नए मामले भी सामने आए हैं और संक्रमितों का आंकड़ा सवा 25 लाख को पार कर गया है। मृतकों की संख्या 50 हजार के करीब पहुंच गई है।

कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 25 लाख के पार, 65 हजार से ज्यादा मिले नए मरीज

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से सुबह आठ बजे जारी आंकड़ों के मुताबिक बीते चौबीस घंटे के दौरान कोरोना के 57,381 मरीज ठीक हुए हैं। इनको मिलाकर अब तक 18 लाख आठ हजार से ज्यादा मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। इस दौरान 65,002 नए मरीज भी मिले हैं और कुल संक्रमितों का आंकड़ा 25 लाख 26 हजार से अधिक हो गया है। मंत्रालय के मुताबिक पिछले सात दिनों से रोज 60 हजार से ज्यादा नए मरीज मिल रहे हैं। सक्रिय मरीज छह लाख 68 हजार 220 रह गए हैं। अब तक 49,036 मरीजों की मौत हो चुकी है। कोरोना से मृत्युदर गिरकर 1.94 फीसद पर आ गई है।

मंत्रालय ने बताया कि शुक्रवार को रिकॉर्ड आठ लाख 68 हजार 679 नमूनों की जांच की गई। अब तक दो करोड़ 85 लाख 63 हजार 95 नमूनों का परीक्षण हो चुका है।

अब तक 49 हजार से अधिक कोरोना मरीजों की मौत

वहीं, राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों से पीटीआइ व अन्य स्त्रोतों से रात आठ बजे तक मिले आंकड़ों के मुताबिक शुक्रवार देर रात से अब तक 29,270 नए केस मिले और संक्रमितों का आंकड़ा 25 लाख 47 हजार 768 हो गया। इस दौरान 27,963 मरीज ठीक भी हुए और स्वस्थ हुए मरीजों की संख्या 18 लाख 26 हजार 317 हो गई। सक्रिय मामले छह लाख 72 हजार 100 रह गए हैं। अब तक 49,351 मरीजों की जान भी जा चुकी है। शनिवार को 297 लोगों की मौत हुई, जिसमें सबसे अधिक आंध्र प्रदेश में 87, बिहार में 15, राजस्थान में 13, तेलंगाना में 10 और ओडिशा में नौ मौतें शामिल हैं।

स्वास्थ्य मंत्रालय और अन्य स्त्रोतों से मिले आंकड़ों में अंतर का कारण राज्यों से केंद्र को मिलने वाली सूचनाओं में देरी है। इसके अलावा कई एजेंसियां सीधे राज्यों से आंकड़े लेकर जारी करती हैं।

महाराष्ट्र में सबसे अधिक 12,614 नए केस

नए मामलों में महाराष्ट्र लगातार आगे बना हुआ है। शनिवार को भी राज्य में 12,614 नए मामले सामने आए और संक्रमितों का आंकड़ा पांच लाख 84 हजार को पार कर गया। राज्य के सहकारिता मंत्री बालासाहेब पाटिल भी संक्रमित पाए गए हैं। राज्य में अब तक 19,749 मरीजों की मौत भी हो चुकी है। इसी तरह गुजरात में 1,094 नए मामले आए हैं और मरीजों की कुल संख्या 77,663 हो गई है। राज्य में 2,767 मरीजों की मौत भी हो चुकी है।

बिहार में भी एक लाख से अधिक मरीज

बिहार एक लाख से अधिक संक्रमितों वाला देश का आठवां राज्य बन गया है। 3,536 नए मामलों के साथ राज्य में कुल एक लाख एक हजार 906 संक्रमित हो गए हैं। 3,074 नए केस के साथ बंगाल में एक लाख 13 हजार 432, ओडिशा में 2,496 नए मरीजों के साथ 57,126, और राजस्थान में 686 नए मामलों के साथ कुल 59,378 मरीज अब तक सामने आ चुके हैं।

उत्तर प्रदेश में 1.5 लाख के पार आंकड़

उत्तर प्रदेश में कुल संक्रमितों का आंकड़ा डेढ़ लाख को पार कर गया है। राज्य में 4,774 नए मामले मिले हैं। अब तक 2,377 लोगों की जान भी जा चुकी है।

दिल्ली में 1276 नए मामले मिले

राजधानी दिल्ली में 1276 नए मामले मिले हैं और कुल केस डेढ़ लाख से ज्यादा हो गए हैं। अब तक 4,188 लोगों की मौत भी हो चुकी है।

chat bot
आपका साथी