कोरोना मरीजों के उबरने की दर 70 फीसद, दक्षिण भारत के राज्यों में ज्यादा नए केस

देश में सबसे ज्यादा महाराष्ट्र में कोरोना के 11088 नए केस सामने आए और कुल संक्रमितों का आंकड़ा बढ़कर पांच लाख 35 हजार 601 हो गया।

By Bhupendra SinghEdited By: Publish:Tue, 11 Aug 2020 09:52 PM (IST) Updated:Tue, 11 Aug 2020 09:52 PM (IST)
कोरोना मरीजों के उबरने की दर 70 फीसद, दक्षिण भारत के राज्यों में ज्यादा नए केस
कोरोना मरीजों के उबरने की दर 70 फीसद, दक्षिण भारत के राज्यों में ज्यादा नए केस

जेएनएन, नई दिल्ली। कोरोना संक्रमण की रोकथाम के सफल उपायों, जांच में तेजी और बेहतर इलाज व्यवस्था के परिणाम स्वरूप देश में मरीजों के स्वस्थ होने की दर जहां लगातार बढ़ रही है, वहीं मृत्युदर में गिरावट आ रही है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने मंगलवार को बताया कि मरीजों के उबरने की दर करीब 70 फीसद हो गई है, जबकि मृत्यु दर दो प्रतिशत से भी नीचे आ गई है। कुल संक्रमितों की संख्या 22.50 लाख को पार कर गई है।

कोरोना संक्रमितों की संख्या 22 लाख से अधिक

राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों से पीटीआइ व अन्य श्रोतों से रात आठ बजे तक मिली सूचनाओं के मुताबिक सोमवार देर रात से अब तक 34,035 नए केस मिले हैं और संक्रमितों की संख्या 22 लाख 95 हजार 576 हो गई है। इस दौरान 29,071 लोग ठीक हुई हैं और इनकी संख्या बढ़कर 16 लाख तीन हजार 217 हो गई है। सक्रिय मामले छह लाख 46 हजार 745 रह गए हैं। इस महामारी से अब तक 45,614 मरीजों की जान भी जा चुकी है।

कोरोना मरीजों के उबरने की दर 69.80 फीसद

मंत्रालय की तरह से सुबह आठ बजे जारी आंकडों के मुताबिक पिछले चौबीस घंटे के दौरान 47,746 मरीज ठीक हुए और स्वस्थ हुए लोगों की संख्या बढ़कर 15 लाख 83 हजार 489 हो गई। इसके साथ ही मरीजों के स्वस्थ होने की दर 69.80 फीसद हो गई है। इस दौरान 53,601 नए मामले भी दर्ज किए गए और कुल मरीजों का आंकड़ा 22 लाख 68 हजार 675 पर पहुंच गया। सक्रिय मामलों की संख्या छह लाख 39 हजार 929 है। 871 लोगों की मौत हुई है और इस महामारी से मरने वालों की कुल संख्या 45,257 हो गई है। संक्रमण से मृत्यु दर 1.99 फीसद हो गई है।

स्वास्थ्य मंत्रालय और अन्य स्त्रोतों से मिले आंकड़ों में अंतर का कारण राज्यों से केंद्र को मिलने वाली सूचनाओं में देरी है। इसके अलावा कई एजेंसियां सीधे राज्यों से आंकड़े लेकर जारी करती हैं।

ज्यादा मामलों से डरें नहीं : भूषण

केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने कहा है कि रोजाना बड़ी संख्या में नए मामलों के सामने आने से राज्यों को डरने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि 31 मार्च को 88.83 फीसद सक्रिय मामलों की तुलना में इस समय इनकी संख्या 28.21 फीसद रह गई है। इनमें से भी एक फीसद से भी कम मरीज वेंटिलेटर पर हैं, जबकि तीन फीसद से कम मरीजों को ऑक्सीजन की जरूरत पड़ रही है। आइसीयू में चार फीसद से कम मरीज हैं।

महाराष्ट्र में सबसे अधिक 256 की मौत 

मंगलवार को महाराष्ट्र में सबसे अधिक 256 लोगों की मौत हुई। इसके अलावा तमिलनाडु में 118, आंध्र प्रदेश में 87, कर्नाटक में 86, बंगाल में 51, तेलंगाना में आठ और केरल में पांच मौतें हुई हैं।

महाराष्ट्र में 11 हजार से ज्यादा नए मामले

देश में सबसे ज्यादा महाराष्ट्र में नए मामलों का मिलना जारी है। मंगलवार को राज्य में 11,088 नए केस सामने आए और कुल संक्रमितों का आंकड़ा बढ़कर पांच लाख 35 हजार 601 हो गया। इस दौरान 10,014 मरीजों को अस्पताल से छुट्टी भी मिली और ठीक होने वाले लोगों की संख्या बढ़कर तीन लाख 68 हजार 435 हो गई। एक लाख 48 हजार 553 सक्रिय मामले रह गए हैं। नए मामलों में मुंबई में सिर्फ 917 केस मिले और कुल मामले बढ़कर एक लाख 25 हजार 224 हो गए। मुंबई में कुल 18,887 सक्रिय मामले हैं।

दक्षिण भारत के राज्यों में ज्यादा नए केस

दक्षिण भारत के राज्यों में बड़ी संख्या में नए मामलों का आना जारी है। इन राज्यों में करीब 25 हजार नए केस मिले हैं। सबसे ज्यादा आंध्र प्रदेश में 9,024, कर्नाटक में 6,257, तमिलनाडु में 5,834, तेलंगाना में 1,896 और केरल में 1,417 नए मामले सामने आए हैं। इसके साथ ही आंध्र प्रदेश में दो लाख 44 हजार 549, कर्नाटक में एक लाख 88 हजार 611, तमिलनाडु में तीन लाख आठ हजार 649, तेलंगाना में 82,647 और केरल में 36 हजार से ज्यादा मरीज अब तक सामने आ चुके हैं। तमिलनाडु में अब तक ढाई लाख और कर्नाटक में एक लाख से ज्यादा मरीज अब तक ठीक हो चुके हैं।

chat bot
आपका साथी