Coronavirus: देश में कोरोना संक्रमण दर 20 फीसद से नीचे, 316 जिलों में बढ़ते मामले चिंता का कारण

देश में कोरोना संक्रमण दर में गिरावट का सिलसिला जारी है। पिछले पांच दिनों से संक्रमण दर 20 फीसद से नीचे बनी हुई है। यही नहीं चार दिनों में 10 फीसद से अधिक संक्रमण दर वाले जिलों की संख्या 533 से घटकर 516 पर आ गई है।

By Bhupendra SinghEdited By: Publish:Sat, 15 May 2021 08:33 PM (IST) Updated:Sun, 16 May 2021 06:48 AM (IST)
Coronavirus: देश में कोरोना संक्रमण दर 20 फीसद से नीचे, 316 जिलों में बढ़ते मामले चिंता का कारण
चार दिनों में 10 फीसद से ज्यादा संक्रमण दर वाले जिले 533 से घटकर 516 हुए।

जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। देश में कोरोना संक्रमण दर में गिरावट का सिलसिला जारी है। पिछले पांच दिनों से संक्रमण दर 20 फीसद से नीचे बनी हुई है। यही नहीं, चार दिनों में 10 फीसद से अधिक संक्रमण दर वाले जिलों की संख्या 533 से घटकर 516 पर आ गई है, लेकिन 316 जिलों में नए केस का बढ़ना चिंता का सबब बना हुआ है।

दिल्ली, एमपी समेत 18 राज्यों में संक्रमण दर में गिरावट

स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि पिछले हफ्ते संक्रमण दर 21.9 फीसद थी, जो इस हफ्ते 19.8 फीसद पर आ गई है। वैसे तीन मई के बाद से ही संक्रमण दर में गिरावट शुरू हो गई थी। 18 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में संक्रमण दर में कमी दर्ज की गई है। छत्तीसगढ़, झारखंड, दिल्ली, दमन एवं दीव, हरियाणा, मध्य प्रदेश जैसे राज्यों संक्रमण दर में सबसे ज्यादा गिरावट आई है।

देश में पॉजिटिविटी रेट घट रही, रिकवरी रेट बढ़ रही

एक तरफ देश में जहां पॉजिटिविटी रेट कम हो रही है वहीं कोरोना से स्वस्थ होने यानी रिकवरी रेट बढ़ रही है। लव अग्रवाल के अनुसार महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, मध्य प्रदेश, बिहार समेत 18 राज्यों में रिकवरी रेट में सुधार हुआ है। तीन मई को जहां पूरे देश में औसत रिकवरी रेट 81.70 फीसद थी, अब बढ़कर 83.83 फीसद पर पहुंच गई है।

उबरने की दर में सुधार के कारण सक्रिय मरीज कम हो रहे

उबरने की दर में सुधार के कारण सक्रिय मरीज भी कम हो रहे हैं और वर्तमान में इनकी संख्या 36.73 लाख रह गई है। सक्रिय मरीजों की संख्या में गिरावट का यह सिलसिला पिछले 12 दिनों से जारी है। महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, गुजरात, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ जैसे राज्यों, जहां केस की संख्या बहुत ज्यादा है, लेकिन एक्टिव केस में गिरावट देखने को मिल रही है।

केरल समेत दक्षिण के राज्यों में कोरोना के नए मामले बढ़े

हालांकि, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, उत्तर पूर्व और कर्नाटक, केरल समेत दक्षिण के कुछ राज्यों में केस बढ़ने भी शुरू हो गए हैं। लव अग्रवाल के अनुसार केंद्र लगातार राज्यों के संपर्क में है और इससे निपटने के लिए सुझाव दिए हैं।

10 फीसद से ज्यादा संक्रमण दर वाले जिले (राज्यवार)

राज्य                जिलों की संख्या

मध्य प्रदेश            42

उत्तर प्रदेश          28

राजस्थान             27

बिहार                 24

छत्तीसगढ़           23

हरियाणा            21

गुजरात             19

पंजाब               17

झारखंड            13

उत्तराखंड         13

हिमाचल प्रदेश   12

जम्मू-कश्मीर      12

दिल्ली               09

chat bot
आपका साथी