देश में कोरोना महामारी बेकाबू, अमेरिका का भी तोड़ा रिकार्ड; इन पांच राज्यों में सबसे ज्यादा मामले

देश में पहली बार एक दिन में रिकॉर्ड 3 लाख 15 हजार 552 लोग संक्रमित पाए गए। अब तक किसी एक देश में एक दिन के अंदर मिले मरीजों का यह आंकड़ा सबसे अधिक है। इसके पहले अमेरिका में 3 लाख 7 हजार सर्वाधिक लोग पॉजिटिव पाए गए थे।

By Sanjeev TiwariEdited By: Publish:Thu, 22 Apr 2021 03:39 PM (IST) Updated:Thu, 22 Apr 2021 10:38 PM (IST)
देश में कोरोना महामारी बेकाबू, अमेरिका का भी तोड़ा रिकार्ड; इन पांच राज्यों में सबसे ज्यादा मामले
भारत में कोरोना महामारी ने आज रिकार्ड तोड़ दिया है (फाइल फोटो)

नई दिल्ली, प्रेट्र। देश में 24 घंटों के दौरान 3.14 लाख से अधिक कोरोना के नए मामले दर्ज किए गए हैं। किसी भी देश में एक दिन में संक्रमण के इतने ज्यादा मामले आने का यह नया रिकार्ड है। इन मामलों के साथ देश में अब तक कोरोना से 1,59,30,965 लोग संक्रमित हो चुके हैं। फिलहाल देश में कोरोना के 22.91 लाख से अधिक सक्रिय मामले हैं।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा गुरुवार सुबह आठ जारी आंकड़ों के अनुसार, 24 घंटे की अवधि में कुल 3,14,835 नए मामले दर्ज किए गए। वहीं 2,104 लोगों की मौत के साथ मरने वालों की संख्या बढ़कर 1,84,657 हो गई। लगातार बढ़ते मामलों के कारण ठीक होने की दर गिरकर 84.46 फीसद हो गई है। जबकि बीती 8 फरवरी को ठीक होने की दर 97.2 फीसद दर्ज की गई थी।

नए मामलों में लगातार 43वें दिन बढ़ोतरी देखी गई। इसके साथ सक्रिय मामले बढ़कर 22,91,428 हो गए जो संक्रमण के कुल मामलों का 14.38 फीसद हैं। देश में अब तक 1,34, 54,880 लोग इस बीमारी को हराकर ठीक हो चुके हैं। मृत्यु दर घटकर 1.16 फीसद रह गई है। देश में 7 अगस्त को कोरोना संक्रमण के मामले 20 लाख के पार हुए थे। इसी तरह 16 सितंबर को 50 लाख और 19 दिसंबर को एक करोड़ का आंकड़ा पार हुआ। जबकि 19 अप्रैल को संक्रमितों की संख्या 1.50 करोड़ के पार हुई। आइसीएमआर के अनुसार 21 अप्रैल तक 27,27,05,103 नमूनों की जांच की गई। जबकि अकेले बुधवार को 16,51,711 नमूनों की जांच हुई।

सर्वाधिक मौतें महाराष्ट्र में

कोरोना के कारण 24 घंटों के दौरान जिन 2,104 लोगों की जान गई उसमें से सर्वाधिक 568 लोग महाराष्ट्र के रहे। इसके बाद से दिल्ली से 249, छत्तीसगढ़ से 193, उत्तर प्रदेश से 187, गुजरात से 125 और कर्नाटक से 116 लोगों ने जान गंवा दी।

देश में अब तक कुल 1,84,657 मौतें हुई हैं जिनमें महाराष्ट्र से 61,911, कर्नाटक से 13,762, तमिलनाडु से 13,258, दिल्ली से 12,887, बंगाल से 10,710, उत्तर प्रदेश से 10,346, पंजाब से 8,114 और आंध्र प्रदेश से 7,510 शामिल हैं।

संक्रमण के 75 फीसद मामले दस राज्यों से

24 घंटों में सामने आए 3,14,835 मामलों में 75 फीसद हिस्सेदारी 10 राज्यों की हैं। ये दस राज्य महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, गुजरात, कर्नाटक, केरल, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, बिहार और राजस्थान हैं। महाराष्ट्र में सबसे अधिक 67,468 नए मामले दर्ज किए गए हैं। इसके बाद उप्र में 33,106 और दिल्ली में 24,638 नए मामले दर्ज किए गए।

13.23 करोड़ लोगों को लग चुका टीका

स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि बुधवार शाम सात बजे तक 19,28,118 सत्रों के जरिये लोगों को 13,23,30,644 टीक लगाए जा चुके हैं। टीकाकरण अभियान के 96वें दिन (21 अप्रैल) 22,11,334 वैक्सीन खुराक दी गई। इनमें 92,19,544 ऐसे स्वास्थ्यकर्मी हैं जिन्होंने पहली खुराक ली और 58,52,071 स्वास्थ्यकर्मी ऐसे हैं जिन्होंने दूसरी खुराक ली। इसी तरह 1,16,32,050 फ्रंटलाइन कर्मचारियों को पहली डोज और 5936,530 कर्मचारियों को दूसरी डोज दी गई।

इसके अलावा, 60 वर्ष से अधिक उम्र के 4,78,67,118 को पहली और 57,60,331 लाभाíथयों को दूसरी डोज दी गई। इसी तरह 45 से 60 साल के 4,44,28,884 लोगों को पहली और 16,34,116 लाभाíथयों को दूसरी डोज दी जा चुकी है। देश में अब तक दी गई संचयी डोज में आठ राज्यों का 59.25 फीसद हिस्सेदारी है।

जानें- इन पांच प्रमुख राज्यों का हाल

1.महाराष्ट्र

महाराष्ट्र में बुधवार को 67,013 नए मरीज मिले। 62,298 मरीज ठीक हुए और 568 की मौत हो गई। राज्य में अब तक 40.94 लाख लोग इस महामारी की चपेट में आ चुके हैं। इनमें से 33.30 लाख लोग ठीक हुए हैं, जबकि 61,911 की मौत हुई है। यहां फिलहाल करीब सात लाख लोगों का इलाज चल रहा है।

2. उत्तर प्रदेश

उत्तर प्रदेश में पिछले 24 घंटे के दौरान 34,379 लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई। 16,514 लोग ठीक हुए राज्य में सक्रिय मामलों की कुल संख्या 2,59,810 हैं। उत्तर प्रदेश के अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य अमित मोहन प्रसाद ने बताया कि अब तक कुल 10,541 लोगों की मृत्यु हुई है। कल प्रदेश में 1,96,889 सैंपल की जांच की गई।

3. दिल्ली

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में बुधवार को 24,638 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए। 24,600 लोग रिकवर हुए और 249 की मौत हो गई। अब तक यहां 9.30 लाख लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें 8.31 लाख ठीक हो चुके हैं, जबकि 12,887 मरीजों की जान चली गई। 85,364 मरीज ऐसे हैं, जिनका इलाज चल रहा है।

4. केरल

केरल में पिछले 24 घंटे के कोरोना के 26,995 मामले सामने आए हैं, जो एक दिन में संक्रमण का अभी तक का सबसे बड़ा आंकड़ा है। बता दें कि केरल में कोरोना के सक्रिय मामलों की संख्या 1,56,266 है। जबकि राज्य में कोरोना से अब तक 5000 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। इसके बावजूद सीएम ने राज्य में पूर्ण लॉकडाउन लगाने से इनकार कर दिया है।

5. कर्नाटक

कर्नाटक में कोरोना वायरस के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। कर्नाटक में पिछले 24 घंटों में कोविड-19 के 25,795 नए मामले सामने आए हैं और 123 मौतें दर्ज हुई हैं। बीते 24 घंटे में 5,624 लोग डिस्चार्ज हुए हैं। राज्य में कुल कोरोना पॉजिटिव मामलों की संख्या 12,22,202 हो गई है, जिसमें से सक्रिय मामले 1,96,236 हैं। कर्नाटक में कोरोना वायरस मरीजों की बढ़ती मौतों पर राज्य सरकार ने एक बड़ा फैसला किया है। राज्य सरकार ने अब कोरोना मरीजों की मौत पर परिवार को निजी जमीन पर अंतिम संस्कार और शवों को दफनाने की इजाजत दे दी है।

chat bot
आपका साथी