देश में कोरोना महामारी की स्थिति गंभीर, तीस दिनों में एक दिन में रिकॉर्ड नए मामले, महाराष्ट्र में संक्रमण के सबसे ज्यादा मामले

देश में कोरोना महामारी की स्थिति फिर गंभीर होती जा रही है। छह राज्यों में सबसे ज्यादा नए संक्रमित मिल रहे हैं। इन राज्यों में महाराष्ट्र केरल पंजाब तमिलनाडु कर्नाटक और गुजरात शामिल हैं। 16752 नए मामलों में से 86.37 फीसद मामले इन्हीं राज्यों में पाए गए हैं।

By Bhupendra SinghEdited By: Publish:Sun, 28 Feb 2021 07:50 PM (IST) Updated:Sun, 28 Feb 2021 09:11 PM (IST)
देश में कोरोना महामारी की स्थिति गंभीर, तीस दिनों में एक दिन में रिकॉर्ड नए मामले, महाराष्ट्र में संक्रमण के सबसे ज्यादा मामले
कोरोना के चलते सौ से ज्यादा मरीजों की गई जान, मृतकों में 85 फीसद छह राज्यों के।

जेएनएन, नई दिल्ली। देश में कोरोना महामारी की स्थिति एक बार फिर गंभीर होती जा रही है। पिछले एक हफ्ते से ज्यादा समय से अधिक नए मामले सामने आए रहे हैं। एक महीने में पहली बार रविवार को संक्रमण के सबसे ज्यादा मामले सामने आए। ज्यादातर नए मामले छह राज्यों में ही पाए गए हैं। इन्हीं राज्यों में सबसे अधिक मरीजों की मौत भी हुई है। सक्रिय मामलों का आंकड़ा 1.60 लाख को पार कर गया है।

कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा एक करोड़ 10 लाख 96 हजार के पार

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से सुबह आठ बजे जारी आंकड़ों के मुताबिक बीते 24 घंटों के दौरान देश में कोरोना संक्रमण के 16,752 नए मामले मिले। इससे पहले 29 जनवरी को 18,855 नए संक्रमित पाए गए थे। इस दौरान 11,718 मरीज ठीक हुए और 113 मरीजों की मौत भी हुई। इसके साथ ही कुल संक्रमितों का आंकड़ा एक करोड़ 10 लाख 96 हजार को पार कर गया है। इनमें से एक करोड़ सात लाख 75 हजार से अधिक मरीज पूरी तरह से ठीक हो चुके हैं और 1,57,051 मरीजों की अब तक जान भी जा चुकी है। मरीजों के उबरने की दर घटकर 97.10 फीसद पर आ गई है और मृत्युदर 1.42 फीसद पर बनी हुई है। सक्रिय मामले 1,64,511 हैं, जो कुल मामलों का 1.48 फीसद है।

छह राज्यों में 86 फीसद नए मामले

मंत्रालय ने बताया कि छह राज्यों में सबसे ज्यादा नए संक्रमित मिल रहे हैं। इन राज्यों में महाराष्ट्र, केरल, पंजाब, तमिलनाडु, कर्नाटक और गुजरात शामिल हैं। 16,752 नए मामलों में से 86.37 फीसद मामले इन्हीं राज्यों में पाए गए हैं। सबसे ज्यादा महाराष्ट्र में 8,623, केरल में 3,792, पंजाब में 593, कर्नाटक में 523, तमिलनाडु में 486 और गुजरात में 451 नए मामले सामने आए हैं। 113 में से करीब 85 फीसद मौतें इन्हीं राज्यों में हुई हैं। इनमें महाराष्ट्र में 51, केरल में 18 और पंजाब में हुईं 11 मौतें शामिल हैं। मंत्रालय ने बताया कि इन छह राज्यों समेत आठ राज्यों में नए मामले बढ़ रहे हैं।

कोरोना संक्रमण का पता लगाने के लिए देशभर में हुए 95 लाख टेस्ट

भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (आइसीएमआर) के मुताबिक कोरोना संक्रमण का पता लगाने के लिए देशभर में रविवार को 7,95,723 नमूनों की जांच की गई। इनको मिलाकर अब तक कुल 21 करोड़ 62 लाख 31 हजार से ज्यादा नमूनों का परीक्षण किया जा चुका है।

chat bot
आपका साथी