देश में कोरोना के सक्रिय मामले 132 दिन के निचले स्तर पर, 89 लाख से ज्यादा ने दी कोरोना को मात

पिछले 24 घंटे में 36 हजार से ज्यादा नए मामलों के साथ कुल संक्रमितों का आंकड़ा 94.99 लाख पर पहुंच गया है। इनमें से सक्रिय मरीजों की संख्या 4.28 लाख है। कुल मामलों की तुलना में यह 4.51 फीसद है।

By Bhupendra SinghEdited By: Publish:Wed, 02 Dec 2020 07:11 PM (IST) Updated:Wed, 02 Dec 2020 07:11 PM (IST)
देश में कोरोना के सक्रिय मामले 132 दिन के निचले स्तर पर, 89 लाख से ज्यादा ने दी कोरोना को मात
आइसीएमआर के मुताबिक, मंगलवार को 10,96,651 लोगों की कोरोना जांच हुई।

- 89 लाख से ज्यादा ने दी कोरोना को मात, 1.38 लाख संक्रमितों ने गंवाई जान

जेएनएन, नई दिल्ली। कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों के बीच एक राहत देने वाला आंकड़ा सामने आया है। स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से बुधवार सुबह जारी आंकड़ों के मुताबिक, देश में कुल सक्रिय मामलों की संख्या 132 दिन के निचले स्तर पर आ गई है।

कुल संक्रमितों का आंकड़ा 95 लाख के करीब, सक्रिय मामले 4.28 लाख पर

मंत्रालय ने बताया कि पिछले 24 घंटे में 36 हजार से ज्यादा नए मामलों के साथ कुल संक्रमितों का आंकड़ा 94.99 लाख पर पहुंच गया है। इनमें से सक्रिय मरीजों की संख्या 4.28 लाख है। कुल मामलों की तुलना में यह 4.51 फीसद है। इससे पहले 23 जुलाई को सक्रिय मामलों की संख्या 4.26 लाख पर रही थी। इसके बाद से सक्रिय मामले लगातार 4.30 लाख या इससे ज्यादा बने हुए हैं।

केरल में सबसे ज्यादा 5,375 नए मामले, 89 लाख से ज्यादा ने दी कोरोना को मात

आंकड़ों के मुताबिक, अब तक 89 लाख से ज्यादा लोग कोरोना को मात दे चुके हैं। इस तरह से ठीक होने की दर 94.03 फीसद पर पहुंच गई है। लगातार पांच दिन से रोजाना ठीक होने वालों की संख्या नए मामलों से कम है। ठीक होने वालों में 78.35 फीसद लोग 10 राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों से हैं। महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा 6,290 लोग एक दिन में ठीक हुए हैं। केरल में 6,151 और दिल्ली में 5,036 लोग एक दिन में ठीक हुए हैं। रोजाना सामने आने वाले नए मामलों में भी 10 राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों की हिस्सेदारी 77.25 फीसद है। केरल में सबसे ज्यादा 5,375 नए मामले आए हैं।

1.38 लाख संक्रमितों ने गंवाई जान

इस बीच, जान गंवाने वालों की संख्या 1.38 लाख पर पहुंच गई है। मंत्रालय ने बताया कि पिछले 24 घंटे में 501 लोगों ने कोरोना संक्रमण के कारण जान गंवाई है। इसमें 79.84 फीसद मामले 10 राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों से हैं। सबसे ज्यादा महाराष्ट्र में 95 लोगों की मौत हुई है। दिल्ली में 86 और बंगाल में 52 लोगों की जान कोरोना के कारण गई है।

इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च (आइसीएमआर) के मुताबिक, अब तक कुल 14.24 करोड़ लोगों की जांच हुई है। अकेले मंगलवार को 10,96,651 लोगों की जांच हुई।

ऐसे बढ़े मामले

20 लाख 7 अगस्त

30 लाख 23 अगस्त

40 लाख 5 सितंबर

50 लाख 16 सितंबर

60 लाख 28 सितंबर

70 लाख 11 अक्टूबर

80 लाख 29 अक्टूबर

90 लाख 20 नवंबर।

chat bot
आपका साथी