पार्टी के लिए इतनी गहरी आस्था, कार्यकर्ता ने अपने बेटे का नाम रख दिया 'कांग्रेस'

बच्चे के जन्म के छह महीने बाद पिता ने जन्म प्रमाण पत्र पर भी बेटे का नाम कांग्रेस जैन लिखवाया है।

By Manish PandeyEdited By: Publish:Tue, 21 Jan 2020 09:38 PM (IST) Updated:Tue, 21 Jan 2020 09:38 PM (IST)
पार्टी के लिए इतनी गहरी आस्था, कार्यकर्ता ने अपने बेटे का नाम रख दिया 'कांग्रेस'
पार्टी के लिए इतनी गहरी आस्था, कार्यकर्ता ने अपने बेटे का नाम रख दिया 'कांग्रेस'

उदयपुर, जेएनएन। एक कांग्रेस कार्यकर्ता की पार्टी के प्रति गहरी आस्था कहिए या समर्पण, उन्होंने अपने बेटे का नाम ही कांग्रेस रख दिया। दोस्तों और स्वजनों ने इसके लिए ताने भी दिए और सभी इस बात को मजाक में ले रहे थे, लेकिन बेटे के जन्म के छह महीने बाद जन्म प्रमाण पत्र लिया तो उसमें भी बेटे का नाम कांग्रेस जैन लिखवाया तो सभी हैरत में रह गए।

जन्म प्रमाण पत्र पर लिखवाया कांग्रेस

पिछले साल 18 जुलाई को कांग्रेस कार्यकर्ता समता नगर, बेदला (उदयपुर) निवासी विनोद जैन के बेटे का जन्म हुआ था। विनोद ने उसी समय बेटे का नाम कांग्रेस रख दिया। इस दौरान विनोद दोस्तों को बताते रहे कि उन्होंने पूरी गंभीरता से यह नाम रखा है। सोमवार को उन्होंने बेटे का जन्म प्रमाण पत्र लिया तो उस पर भी नाम कांग्रेस जैन था। इस तरह नाम पर सरकारी मुहर लग गई।

सीएम की डिजिटल प्लेटफार्म संचालित करने वाली टीम के सदस्य                                   

विनोद का कहना है कि वे पार्टी तथा राज्य के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के प्रति बेहद समर्पित हैं। उन्होंने बताया कि वे सबसे पहले छात्र संगठन एनएसयूआई से जुड़े और राजसमंद जिले में एनएसयूआई के जिला महासचिव भी रहे। कई साल पहले उनकी मुलाकात अशोक गहलोत से हुई और वे समर्पित कार्यकर्ता के रूप में कांग्रेस के लिए काम करने लगे। इन दिनों वे सोशल मीडिया पर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के समर्थन में अभियान चला रहे हैं। वे गहलोत के लिए डिजिटल प्लेटफार्म संचालित करने वाली टीम के सदस्य भी हैं।

chat bot
आपका साथी