बेंगलुरू के शहरी और ग्रामीण जिलों में 14 से 23 जुलाई तक लॉकडाउन, कई राज्यों में बढ़ी पाबंदियां

बेंगलुरू के शहरी और ग्रामीण जिलों में 14 जुलाई से 23 जुलाई तक संपूर्ण लॉकडाउन की घोषणा की गई है। देश के कई अन्‍य दूसरे राज्‍यों में भी लॉकडाउन बढ़ाया गया है।

By Krishna Bihari SinghEdited By: Publish:Sat, 11 Jul 2020 08:34 PM (IST) Updated:Sun, 12 Jul 2020 04:31 AM (IST)
बेंगलुरू के शहरी और ग्रामीण जिलों में 14 से 23 जुलाई तक लॉकडाउन, कई राज्यों में बढ़ी पाबंदियां
बेंगलुरू के शहरी और ग्रामीण जिलों में 14 से 23 जुलाई तक लॉकडाउन, कई राज्यों में बढ़ी पाबंदियां

नई दिल्‍ली, एजेंसियां। कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए बेंगलुरू के शहरी और ग्रामीण जिलों में 14 जुलाई की रात 8 बजे से 23 जुलाई के सुबह पांच बजे तक संपूर्ण लॉकडाउन की घोषणा की गई है। इस दौरान जरूरी सेवाओं में छूट जारी रहेगी। इसके अलावा महाराष्ट्र, असम, अरुणाचल प्रदेश समेत कई राज्यों ने अपने यहां विभिन्‍न इलाकों में दोबारा लॉकडाउन लागू करने या उसे बढ़ाने का एलान किया है। संक्रमण के नए मामलों को ध्यान में रखते हुए लॉकडाउन को ज्यादातर राज्यों में क्षेत्रवार रूप से लागू किया गया है। 

जारी रहेगी जरूरी वस्‍तुओं की आपूर्ति 

लॉकडाउन के दौरान दुकानें और व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद रहेंगे। हालांकि, आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति करने वाले प्रतिष्ठान खुले रहेंगे। लोगों को घरों के अंदर रहने और जब तक बहुत जरूरी ना हो, घरों से बाहर नहीं निकलने को कहा गया है। 

महाराष्‍ट्र के कुछ जिलों में लॉकडाउन 

महाराष्ट्र के पुणे, पिंपरी-चिंचवाड़ और जिले के कुछ अन्य हिस्सों में 10 दिनों के लिये लॉकडाउन लागू किया गया है, जो 13 जुलाई से शुरू होगा। इसके अलावा ठाणे और नवी मुंबई नगर निकाय इलाके में भी 19 जुलाई तक के लिए लॉकडाउन बढ़ा दिया गया है।

कामरूप में लॉकडाउन बढ़ा 

असम में, कामरूप मेट्रोपालिटन जिले में जारी लॉकडाउन को 12 जुलाई से एक हफ्ते के लिए बढ़ा दिया गया है। इसी क्षेत्र में गुवाहाटी शहर भी आता है। अरुणाचल प्रदेश के राजधानी क्षेत्र में लॉकडाउन को 20 जुलाई तक के लिए बढ़ा दिया गया है। क्षेत्र में कोविड-19 के मामलों के तेजी से बढ़ने को लेकर यह कदम उठाया गया। 

नगालैंड और बिहार में लॉकडाउन 

नगालैंड ने भी राज्य में लागू लॉकडाउन 31 जुलाई तक बढ़ाने का निर्णय लिया है। मेघालय सरकार ने सोमवार से राजधानी शिलांग में दो दिनों का पूर्ण लॉकडाउन लागू करने की घेाषणा की। बिहार में राजधानी पटना के साथ कैमूर, बक्सर, नवादा, सुपौल, मधेपुरा, खगड़िया, मुंगेर, किशनगंज, मुजफ्फरपुर,पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, मधुबनी, नालंदा, भागलपुर, बेगूसराय, मधेपुरा में लॉकडाउन लागू है। 

केरल में भी बढ़ी सख्‍ती 

केरल के तिरुअनंतपुरम में लॉकडाउन बढ़ाया जा चुका है। मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने इसकी घोषणा करते हुए कल कहा था कि कंटेनमेंट जोन में ट्रिपल लॉकडाउन लागू होगा। वहीं कर्नाटक के मुख्‍यमंत्री बीएस येदियुरप्पा (B S Yediyurappa) के घर और कार्यालय में भी कई स्‍टाफ के संक्रमित पाए गए हैं। इसे देखते हुए मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा (B S Yediyurappa) ने सेल्‍फ आइसोलेशन में जाने की घोषणा की है।

पश्‍च‍िम बंगाल में सात दिनों के लिए पाबंदियां 

पश्चिम बंगाल में राज्य के निरूद्ध क्षेत्रों में बृहस्पतिवार को सात दिनों के लिए लॉकडाउन लागू किया गया था। उत्तर प्रदेश सरकार ने भी शुक्रवार रात दस बजे से सोमवार सुबह पांच बजे तक लॉकडाउन जैसी पाबंदियां लागू की हैं। जम्मू-कश्मीर के राजौरी शहर और उससे लगे इलाकों को सील कर लोगों को घरों में रहने के लिए कहा गया है ताकि संक्रमण के फैलने की रफ्तार को कम किया जा सके।

chat bot
आपका साथी