DATA STORY: चीन और भारत के पास सबसे बड़ी सेना, जानें-कौन हैं दुनिया के टॉप-10 देश

मिलिट्री मैनपॉवर के आधार पर टॉप-10 देशों में चीन भारत के अलावा अमेरिका उत्तर कोरिया रूस पाकिस्तान दक्षिण कोरिया ईरान वियतनाम और सऊदी अरब शामिल हैं। इस रैंकिंग में राष्ट्र के लिए उपलब्ध जंग के लिए तैयार सैनिक को आधार बनाया जाता है।

By Vineet SharanEdited By: Publish:Sat, 05 Dec 2020 12:00 PM (IST) Updated:Sat, 05 Dec 2020 02:04 PM (IST)
DATA STORY: चीन और भारत के पास सबसे बड़ी सेना, जानें-कौन हैं दुनिया के टॉप-10 देश
ग्लोबल फायरपावर संस्था दुनिया की सैन्य शक्तियों की रैंकिंग कई श्रेणी में जारी करती है।

नई दिल्ली, जेएनएन। चीन की सेना में 21.83 लाख और भारत के पास कुल 14.44 लाख जवान हैं। इस तरह ये दोनों देश मिलिट्री मैन पॉवर के लिहाज से दुनिया के दो सबसे बड़े देश हैं। ग्लोबल फायरपावर रैंकिंग 2020 से यह खुलासा हुआ है। ये संस्था दुनिया की सैन्य शक्तियों की रैंकिंग जारी करती है। यह रैंकिंग कुल सैन्य ताकत (जमीन, जल और आसमान में जंग करने की क्षमता), मिलिट्री मैनपॉवर, हथियार, वित्त, प्राकृतिक संसाधन और भौगौलिक स्थिति की अलग-अलग श्रेणी में समय-समय पर जारी की जाती है।

मौजूदा रैंकिंग मिलिट्री मैनपॉवर के आधार पर तैयार की गई है। इसमें किसी भी समय किसी राष्ट्र के लिए उपलब्ध 'जंग के लिए तैयार सैनिक' को आधार बनाया जाता है। इस सूची पर प्रस्तुत डाटा 2019 के लिए है। आधिकारिक डेटा उपलब्ध नहीं होने पर अनुमान लगाए जाते हैं। मिलिट्री मैनपॉवर के आधार पर टॉप-10 देशों में चीन, भारत के अलावा अमेरिका, उत्तर कोरिया, रूस, पाकिस्तान, दक्षिण कोरिया, ईरान, वियतनाम और सऊदी अरब शामिल हैं। इस सूची में कुल 138 देशों के नाम हैं। वहीं, सबसे कम सैनिकों वाले दस देशों में-सूरीनेम (1850 सैनिक), मोंटेनेग्रो (2000 सैनिक), लाइबेरिया (2100 सैनिक), गैबॉन (5000 सैनिक), माल्डोवा (5100 सैनिक), लातविया (5300 सैनिक), नाइजर (5300 सैनिक), एस्तोनिया (6500 सैनिक), भूटान (7000 सैनिक) और सेंट्रल अफ्रीकन रिपब्लिक (7150 सैनिक) हैं।

भारतीय एयरफोर्स की ताकत

ग्लोबल फायरपावर रिपोर्ट के मुताबिक, भारतीय एयरफोर्स के पास कुल 2123 विमान हैं। इनमें से 538 युद्धक, 172 हमलावर, 250 ट्रांसपोर्टर, 359 ट्रेनर, 77 स्पेशल मिशन की श्रेणी वाले विमान हैं। वहीं हेलीकॉप्टरों की संख्या 722 है।

थल सेना और नौसेना

भारतीय थल सेना के पास कुल 4292 टैंक हैं। इनके अलावा कुल 8686 हथियारबंद वाहन और 4060 तोपें हैं। रॉकेट प्रोजेक्टर की संख्या 266 बताई गई है। भारतीय नौसेना पर नजर डालें तो ग्लोबल फायरपावर रिपोर्ट के मुताबिक, हमारे पास कुल 285 जहाज हैं। इसमें एक विमानवाहक पोत, 10 डेस्ट्रायर, 13 युद्धपोत हैं। वहीं 16 पनडुब्बियां, 139 पेट्रोलिंग नौकाएं हैं। इसके अलावा, 19 जंगी जहाज और 3 माइन वॉरफेयर हैं।

एशिया की बड़ी सैन्य ताक़तें

ग्लोबल फायरपावर सैन्य ताकत के लिहाज से एशियाई देशों की भी रैंकिंग की है। इसमें रूस, चीन, भारत, जापान, दक्षिण कोरिया, तुर्की, ईरान, पाकिस्तान, इंडोनेशिया और सऊदी अरब को टॉप-10 देशों में शामिल किया गया है। 

chat bot
आपका साथी