Chhattisgarh News: मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के पिता नंदकुमार को तीसरे दिन इन तीन शर्तो पर मिली जमानत

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के पिता नंदकुमार बघेल को ब्राह्मण समाज को लेकर विवादित टिप्पणी के मामले में तीन दिन बाद जमानत मिल गई। उन्हें सभी पेशी में प्रस्तुत होना होगा साक्ष्यों को प्रभावित नहीं करेंगे और अपराध की पुनरावृत्ति नहीं करेंगे।

By TaniskEdited By: Publish:Fri, 10 Sep 2021 11:08 PM (IST) Updated:Fri, 10 Sep 2021 11:08 PM (IST)
Chhattisgarh News: मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के पिता नंदकुमार को तीसरे दिन इन तीन शर्तो पर मिली जमानत
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के पिता नंदकुमार बघेल को मिली जमानत।

नईदुनिया, रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के पिता नंदकुमार बघेल को तीन दिन बाद जमानत मिल गई। शुक्रवार को सिविल जज जनक कुमार हिड़को की कोर्ट में उनके वकील गजेंद्र सोनकर ने जमानत याचिका लगाई थी। दोनों पक्षों की सुनवाई के बाद कोर्ट ने उन्हें जमानत दे दी। वे अब 21 सितंबर को कोर्ट में पेश होंगे।

बता दें कि नंदकुमार बघेल ने 30 अगस्त को लखनऊ में ब्राह्मण समाज को लेकर विवादित टिप्पणी की थी। इसके बाद रायपुर सर्व ब्राह्मण समाज के पदाधिकारियों ने चार सितंबर को डीडीनगर थाने में उनके खिलाफ एफआइआर दर्ज कराई थी। इसके बाद नंदकुमार आगरा फिर दिल्ली चले गए थे। रायपुर पुलिस सात सितंबर को उन्हें दिल्ली से गिरफ्तार कर लाई और कोर्ट में पेश किया गया था। यहां से उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया था। नंदकुमार बघेल ने इस दौरान जमानत के लिए अर्जी नहीं लगाई थी।

कड़ी सुरक्षा के बीच बाहर निकले 

कोर्ट में दोनों वकीलों के बीच करीब 25 मिनट तक बहस हुई। इसके बाद फैसला सुनाया गया। शाम छह बजे कोर्ट में नंदकुमार बघेल की रिहाई के कागज पहुंचे और सात बजे वह जेल से बाहर निकले। इस दौरान पुलिस की कड़ी सुरक्षा थी।

युवाओं के धरने में की थी विवादित टिप्पणी

नंद कुमार बघेल लखनऊ में शिक्षक भर्ती में गलत आरक्षण प्रक्रिया अपनाने के खिलाफ धरना दे रहे युवाओं के बीच उनका समर्थन करने 30 अगस्त को पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने कहा था कि ब्राह्मण विदेशी हैं, जिस तरह अंग्रेज यहां से गए, वे भी यहां से जाएंगे। ब्राह्मण सुधर जाएं या तो जाने के लिए तैयार रहें। इससे आक्रोशित सर्व ब्राह्मण समाज ने रायपुर में प्राथमिक सूचना रिपोर्ट (FIR) दर्ज करवाई थी। इसके बाद पुलिस उन्हें गिरफ्तार करने के लिए उत्तर प्रदेश गई थी। अदालत से निकलते समय नंद कुमार बघेल ने कहा था कि लड़ाई जारी रहेगी। वह सुप्रीम कोर्ट तक जाएंगे।

chat bot
आपका साथी