छत्तीसगढ़ में विधानसभा सत्र की शुरुआत में वंदे मातरम के बाद बजेगा राज्य का आधिकारिक गीत
छत्तीसगढ़ में जल्द ही विधानसभा के प्रत्येक सत्र की शुरुआत से पहले राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम के बाद राज्य का आधिकारिक गीत भी बजेगा।
रायपुर, एएनआइ। छत्तीसगढ़ में जल्द ही विधानसभा के प्रत्येक सत्र की शुरुआत से पहले राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम के बाद राज्य का आधिकारिक गीत भी बजेगा। राज्य सरकार ने यह फैसला लिया है। छत्तीसगढ़ गीत के बोल, अरपा पैरी के धार महानदी है अपार (Arpa Pairi Ke Dhaar Mahanadi he apaar) है। इसको नरेंद्र देव वर्मा ने लिखा है। कैबिनेट द्वारा राज्य के आधिकारिक गीत के रूप में घोषित किया गया है। इस गीत में छत्तीसगढ़ की पूरी तस्वीर को दिखाया गया है और इसे कई मौकों पर नियमित रूप से गाया जाता है।
कैबिनेट बैठक में लिया गया फैसला
गुरुवार को राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में भाग लेने के बाद छत्तीसगढ़ के कृषि मंत्री रवींद्र चौबे ने कहा कि आज कैबिनेट की बैठक के दौरान एक निर्णय लिया गया कि राज्य विधानसभा के हर सत्र से पहले राज्य गीत (अरपा पैरी के धार महानदी है अपार ) को भी राष्ट्रीय गीत वन्दे मातरम के बाद बजाया जाएगा। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की अध्यक्षता में गुरुवार को राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में यह निर्णय लिया गया।
राम वन गमन पथ को पर्यटन स्थल के लिए होगा काम
उसी बैठक में सरकार ने यह भी घोषणा कि वह पर्यटन स्थलों के रूप में राम वन गमन को विकसित करेगी। इस दौरान कहा गया है कि केंद्र सरकार राम वन गमन पथ पर विभिन्न स्थानों को पर्यटन स्थलों के रूप में देखती है। बैठक में छत्तीसगढ़ के जगदलपुर सहित इन स्थानों को पर्यटन स्थलों में विकसित करने का भी प्रस्ताव रखा है। इसके अलावा अन्य स्थानों में तियुरतुरिया, चंदखुरी, राजिम, सिहावा शामिल को भी पर्यटन स्थल के तौर पर विकसित किया जाएगा। इसके लिए धार्मिक पर्यटन और सांस्कृतिक विरासत के दृष्टिकोण से काम किया जाएगा। बता दें कि इससे पहले भी राज्य सरकार ने राम वन गमन पथ को पर्यटन स्थल के तौर पर विकसित करने के लिए कार्य किए हैं।