Weather Alert: कश्मीर, हिमाचल में भारी बर्फबारी से शीतलहर बढ़ी, देश के कई इलाकों में बारिश-कोहरे के आसार

Weather Forecast आज कुछ जगहों पर बारिश और बर्फबारी के आसार हैं। जम्मू-कश्मीर हिमाचल और उत्तराखंड में तीन दिन से बर्फबारी और बारिश जारी है।

By Shashank PandeyEdited By: Publish:Sun, 15 Dec 2019 08:25 AM (IST) Updated:Sun, 15 Dec 2019 12:16 PM (IST)
Weather Alert: कश्मीर, हिमाचल में भारी बर्फबारी से शीतलहर बढ़ी, देश के कई इलाकों में बारिश-कोहरे के आसार
Weather Alert: कश्मीर, हिमाचल में भारी बर्फबारी से शीतलहर बढ़ी, देश के कई इलाकों में बारिश-कोहरे के आसार

नई दिल्ली, जेएनएन। Weather Alert, रविवार को जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बर्फबारी हुई है। मौसम विभाग (IMD) ने बर्फबारी के बाद शीतलहर की आशंका जताई है। पूर्व मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में अलग-अलग स्थानों पर बिजली गिरने के साथ गरज के साथ बारिश होने की संभावना है। वहीं पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली के कुछ इलाकों में घने कोहरे की संभावना है।

हिमाचल प्रदेश में ताजा बर्फबारी के बाद मंडी जिले में बरोट घाटी बर्फ से पूरी तरह ढक गई है। मौसम विभाग के अनुसार, यहां शीत लहर की स्थिति राज्य में और बढ़ने वाली है। हिमाचल प्रदेश के कुल्लू में बिजली महादेव मंदिर के आसपास के पहाड़ों में ताजा बर्फबारी हुई है। इसके अलावा जम्मू और कश्मीर के डोडा जिले में भी आज ताजा बर्फबारी हुई है।वहीं उत्तर भारत के तीन पहाड़ी राज्यों जम्मू-कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड में तीन दिन से बर्फबारी और बारिश जारी है।

उत्तर पश्चिमी भारत में बारिश के आसार है। मौसम विभाग की मानें तो इसका असर पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में आज रहेगा। आज कुछ जगहों पर बारिश और बर्फबारी के आसार हैं। उत्तर पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में आज घना कोहरा रहेगा। वहीं अगले दो दिन बिहार, ओडिशा, उत्तर मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश में घने कोहरे की संभावना है।

तीनों ही राज्यों के उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में अगले 24 घंटे के दौरान हिमस्खलन और बर्फीले तूफान की चेतावनी जारी की गई है। इसके साथ ही लोगों को हिदायत दी गई है कि मौसम के पूरी तरह से साफ होने तक घरों से बाहर न निकलें। इसके साथ ही उन्हें घरों की छतों पर बर्फ को जमा न होने देने को कहा है। 

कश्मीर में 9वें दिन शुरू हुई हवाई सेवा

मौसम में सुधार होने और धुंध हटने के बाद नौवें दिन श्रीनगर एयरपोर्ट से हवाई सेवा भी शुरू हो गई। इससे कश्मीर में फंसे यात्रियों को राहत मिल गई है। वहीं, बर्फबारी के कारण आंशिक तौर पर प्रभावित हुई बनिहाल-बारामूला रेल सेवा भी सुचारू कर दी गई। इसके अलावा सभी मार्गो को बहाल करने का काम किया जा रहा है।

उत्तराखंड में बर्फबारी, 300 गांव कटे

उत्तराखंड में गुरुवार से जारी बारिश और बर्फबारी का दौर शनिवार सुबह थम गया, लेकिन दुश्वारियों का सिलसिला जारी है। प्रदेश के पर्वतीय क्षेत्रों में 300 से ज्यादा गांव अलग-थलग पड़ गए हैं और 440 गांवों में बिजली आपूर्ति अभी तक ठप है। भारी बर्फबारी के बाद बदरीनाथ, गंगोत्री, यमुनोत्री और पिथौरागढ़ हाईवे के अलावा 80 से अधिक संपर्क मार्ग भी बंद हैं। वहीं, बर्फबारी का लुत्फ उठाने हर्षिल पहुंचे 25 पर्यटक गंगोत्री हाईवे बंद होने के कारण फंस गए हैं।

हिमाचल में ठंड से एक की मौत

हिमाचल में मौसम के तेवर तीखे बने हुए हैं। मौसम विभाग ने 15 और 16 दिसंबर को किन्नौर, कुल्लू व लाहुल स्पीति जिलों के कई क्षेत्रों में हिमस्खलन की चेतावनी जारी की है। चंबा में एक व्यक्ति की मौत ठंड से होने की आशंका है। मृतक की पहचान चंबा के मोहल्ला लोअर जुलाहकड़ी निवासी 75 वर्षीय मलकीत सिंह के रूप में हुई है। वहीं, प्रदेश में 431 सड़कें बंद रहीं, जहां करीब 54 बसें फंसी हैं।

chat bot
आपका साथी