प्रश्नपत्र लीक होने के बाद सेना ने रद की भर्ती परीक्षा, तीन आरोपी गिरफ्तार

अधिकारी के अनुसार पुणे की स्थानीय पुलिस के साथ चलाए गए संयुक्त अभियान के दौरान शनिवार रात को सैनिकों (जनरल ड्यूटी) की भर्ती के लिए आयोजित होने वाली सामान्य प्रवेश परीक्षा का प्रश्नपत्र लीक होने का मामला सामने आया। उन्होंने कहा कि इस मामले में आगे की जांच जारी है।

By Neel RajputEdited By: Publish:Sun, 28 Feb 2021 10:31 PM (IST) Updated:Sun, 28 Feb 2021 10:31 PM (IST)
प्रश्नपत्र लीक होने के बाद सेना ने रद की भर्ती परीक्षा, तीन आरोपी गिरफ्तार
पुणे से तीन आरोपितों को किया गया गिरफ्तार

नई दिल्ली, एजेंसी। सेना ने जनरल ड्यूटी कर्मियों के लिए राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित भर्ती परीक्षा को रद कर दिया। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी। सेना ने यह निर्णय प्रश्नपत्र लीक होने की सूचना मिलने के बाद लिया है। अधिकारियों के अनुसार, इस मामले में पुणे में तीन आरोपितों की गिरफ्तारी भी हो चुकी है। इस बाबत एक अधिकारी ने कहा कि सही उम्मीदवार के चयन के लिए भर्ती प्रक्रिया में किसी भी तरह के भ्रष्टाचार को सेना सहन नहीं करती।

अधिकारी के अनुसार, पुणे की स्थानीय पुलिस के साथ चलाए गए संयुक्त अभियान के दौरान शनिवार रात को सैनिकों (जनरल ड्यूटी) की भर्ती के लिए आयोजित होने वाली सामान्य प्रवेश परीक्षा का प्रश्नपत्र लीक होने का मामला सामने आया। उन्होंने कहा कि इस मामले में आगे की जांच जारी है। भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता बरकरार रखने को लेकर परीक्षा रद करने का निर्णय लिया गया।

मायूस होकर घर लौटे उम्मीदवार

उत्तराखंड में थल सेना की जनरल ड्यूटी की लिखित परीक्षा तकनीकी कारणों के चलते स्थगित कर दी गई है। इसके चलते गढ़वाल के विभिन्न जनपदों से आए हजारों उम्मीदवारों को मायूस होकर लौटना पड़ा। रविवार को लैंसडौन के गढ़वाल राइफल्स रेजीमेंट सेंटर में आर्मी की जनरल ड्यूटी का रिटन एग्जाम होना था। इस परीक्षा में 3708 युवा शामिल थे। परीक्षा के लिए बड़ी संख्या में युवाओं के साथ उनके स्वजन भी गढ़वाल के विभिन्न हिस्सों से यहां पहुंचे थे।

तकनीकी खराबी के चलते परीक्षा स्थगित कर दी गई। इसकी सूचना मिलते ही युवाओं में मायूसी छा गई। युवाओं को सेना की तरफ से जल्द ही नई परीक्षा तिथि घोषित होने के बाद इसकी सूचना देने की बात कही गई है। सेना भर्ती कार्यालय के भर्ती निदेशक कर्नल विनीत वाजपेयी के मुताबिक लिखित परीक्षा तकनीकी कारणों की वजह से स्थगित करनी पड़ी है। फिलहाल अगली तिथि अभी निश्चित नहीं हो पाई है। तिथि की घोषणा जल्द तय कर इसे सार्वजनिक रूप से प्रसारित कर दिया जाएगा।

chat bot
आपका साथी