किसान आंदोलन के चलते अदाणी ग्रुप ने लाजिस्टिक्स पार्क किया बंद, सरकार नाकाबंदी हटाने में रही विफल

धरने पर बैठे किसान लाजिस्टिक्स पार्क के कर्मचारियों को भी अंदर नहीं जाने दे रहे थे। किसानों को धरने से हटाने के संबंध में कई शिकायतें की गईं लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। कोर्ट के आदेश के बावजूद राज्य सरकार किसानों की नाकाबंदी हटाने में विफल रही।

By Bhupendra SinghEdited By: Publish:Sat, 31 Jul 2021 10:26 PM (IST) Updated:Sun, 01 Aug 2021 12:11 AM (IST)
किसान आंदोलन के चलते अदाणी ग्रुप ने लाजिस्टिक्स पार्क किया बंद, सरकार नाकाबंदी हटाने में रही विफल
700 करोड़ रुपये के कर राजस्व का नुकसान होगा

जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। किसान आंदोलन की वजह से अदाणी ग्रुप ने लुधियाना स्थित किला रायपुर के इनलैंड कंटेनर डिपो (आइसीडी) का परिचालन बंद कर दिया है। इस साल जनवरी से किला रायपुर लाजिस्टिक्स पार्क के मुख्य द्वार पर किसान धरने पर बैठे थे। इस वजह से लाजिस्टिक्स पार्क में कामकाज पूरी तरह ठप हो गया था।

सरकार किसानों की नाकाबंदी हटाने में विफल

धरने पर बैठे किसान लाजिस्टिक्स पार्क के कर्मचारियों को भी अंदर नहीं जाने दे रहे थे। किसानों को धरने से हटाने के संबंध में प्रबंधन की तरफ से पंजाब सरकार को कई शिकायतें की गईं, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। इसके बाद प्रबंधन की तरफ से पंजाब व हरियाणा हाई कोर्ट में याचिका दायर की गई। कोर्ट के आदेश के बावजूद राज्य सरकार के अधिकारी किसानों की नाकाबंदी हटाने में पूरी तरह से विफल रहे।

लाजिस्टिक्स पार्क बंद होने से 1,000 लोगों की जाएगी नौकरी, 700 करोड़ का राजस्व नुकसान

सूत्रों के मुताबिक लाजिस्टिक्स पार्क बंद होने से प्रत्यक्ष रूप से 400 लोगों तो परोक्ष रूप से 1,000 से अधिक लोगों के सामने रोजगार का संकट उत्पन्न हो जाएगा और 700 करोड़ रुपये के कर राजस्व का नुकसान होगा। वहीं, इससे पंजाब से होने वाले निर्यात पर भी प्रतिकूल असर पड़ने की आशंका है।

अदाणी ग्रुप अब और नुकसान उठाने की स्थिति में नहीं

अदाणी समूह की तरफ से पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट में एक हलफनामा दाखिल कर कहा गया है कि पिछले सात महीनों में कोई भी राहत नहीं मिलने से वह अब और नुकसान उठाने की स्थिति में नहीं है। अदाणी ग्रुप ने पंजाब के औद्योगिक माल की आवाजाही को आसान करने के लिए किला रायपुर में अपने आइसीडी की शुरुआत 2017 में की थी। समूह ने आइसीडी के संचालन को बंद करने के लिए प्रतीकात्मक रूप से अपने साइनबोर्ड को भी हटा दिया है।

chat bot
आपका साथी