देश में 10 फीसद से कम हुए सक्रिय मामले, बंगाल में बढ़ रहे हैं कोरोना संक्रमण के नए मामले

भारत में कोरोना महामारी से हालात में तेजी से सुधार देखने को मिल रहा है। प्रतिदिन नए मामले कम हो रहे हैं और ठीक होने वाले मरीज बढ़ रहे हैं। लगातार कम होते-होते सक्रिय मामलों की संख्या भी 10 फीसद से भी नीचे आ गई है।

By Bhupendra SinghEdited By: Publish:Tue, 20 Oct 2020 10:34 PM (IST) Updated:Wed, 21 Oct 2020 07:24 AM (IST)
देश में 10 फीसद से कम हुए सक्रिय मामले, बंगाल में बढ़ रहे हैं कोरोना संक्रमण के नए मामले
बंगाल में स्थिति खराब हो रही है। रोज नए मामले बढ़ रहे हैं।

जेएनएन, नई दिल्ली। भारत में कोरोना महामारी से हालात में तेजी से सुधार देखने को मिल रहा है। प्रतिदिन नए मामले कम हो रहे हैं और ठीक होने वाले मरीज बढ़ रहे हैं। लगातार कम होते-होते सक्रिय मामलों की संख्या भी 10 फीसद से भी नीचे आ गई है। ठीक होने वाले मरीजों और सक्रिय मामलों के बीच का दायरा लगातार बढ़ रहा है। अब तक सक्रिय मामलों से 59.84 लाख अधिक मरीज ठीक हो चुके हैं। संक्रमितों का आंकड़ा भी 76 लाख के करीब पहुंच गया है और एक लाख 15 हजार से अधिक मरीजों की जान भी जा चुकी है।

भारत में स्वस्थ हो चुके मरीजों की संख्या दुनिया में सबसे अधिक

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से मंगलवार सुबह आठ बजे जारी आंकड़ों के मुताबिक देश में सक्रिय मामले 7,48,538 हैं, जो कुल मामलों का 9.85 फीसद है। बीते 24 घंटों के दौरान 46,790 नए केस मिले हैं और कुल संक्रमित 75,97,063 हो गए हैं। इस दौरान 69720 मरीज ठीक हुए हैं और अब तक स्वस्थ हो चुके लोगों की संख्या 67.33 लाख हो गई है। इसके साथ ही मरीजों के उबरने की दर 88.63 फीसद हो गई है। भारत में स्वस्थ हो चुके मरीजों की संख्या दुनिया में सबसे अधिक है। 587 और लोगों की मौत हुई है। इस महामारी से अब तक 1.15 लाख मरीज जान गंवा चुके हैं और मृत्युदर 1.52 फीसद पर आ गई है।

एक हफ्ते से प्रति 10 लाख आबादी पर 310 मामले

दुनिया के कुछ देशों में जहां नए मामले बढ़ रहे हैं, वहीं, भारत में लगातार इनकी संख्या कम हो रही है। पिछले एक हफ्ते से भारत में प्रति 10 लाख आबादी पर औसत 310 मामले मिले हैं, जो अन्य देशों के मुकाबले बहुत कम है। अपने देश में प्रति 10 लाख आबादी पर मौतों की संख्या 83 है, जो दूसरे विकसित राज्यों की तुलना में बहुत कम है। स्पेन में 727, ब्राजील में 724 और अमेरिका में यह संख्या 680 है।

बंगाल में बढ़ रहे मामले

कोरोना से सबसे अधिक प्रभावित महाराष्ट्र समेत ज्यादातर राज्यों में हालात सुधर रहे हैं, लेकिन बंगाल में स्थिति खराब हो रही है। रोज नए मामले बढ़ रहे हैं। बीते 24 घंटों के दौरान 4,029 नए केस मिले हैं, जो एक दिन में राज्य में सामने आए नए मामलों की सबसे बड़ी संख्या है। कुल मामले 3.29 लाख हो गए हैं। महाराष्ट्र में 8,151 नए केस के साथ कुल संक्रमित 16.09 लाख हो गए हैं।

केरल में 6,591 नए केस

इसी तरह केरल में 6,591 नए केस के साथ कुल मामले 3.40 लाख, तमिलनाडु में 3,094 नए मामलों के साथ 6.94 लाख, आंध्र प्रदेश में 3,503 नए केस के साथ 7.89 लाख और दिल्ली में 3,579 नए मामलों के साथ कुल संक्रमितों का आंकड़ा 3.36 लाख पर पहुंच गया है।

महाराष्ट्र में फिर बढ़ी मौतें

महाराष्ट्र में एक दिन बाद मौतों की संख्या फिर बढ़ गई है। सोमवार को राज्य में कुल 125 मौतें हुई थीं, मंगलवार को 213 लोगों की जान गई। इसके अलावा बंगाल में 61, तमिलनाडु में 50, दिल्ली में 41, उत्तर प्रदेश में 30, केरल में 24 और ओडिशा में और 16 लोगों की जान गई है।

chat bot
आपका साथी