इंदौर : प्रेमिका को गोली मारकर अपनी कनपटी पर भी दाग दी पिस्टल, जानें क्यों उठाया खौफनाक कदम

करीब डेढ़ साल पहले दोनों में दोस्ती हुई और फिर दोनों एक-दूसरे से प्यार करने लगे। इसके बाद दोनों के बीच रिश्ता इतना गहरा हो गया कि दोनों शादी करने की सोचने लगे। वहीं नवीन ने लड़की को अंगूठी स्कूटी जैसे कई गिफ्ट भी दिए।

By Neel RajputEdited By: Publish:Sun, 20 Jun 2021 11:34 AM (IST) Updated:Sun, 20 Jun 2021 11:34 AM (IST)
इंदौर : प्रेमिका को गोली मारकर अपनी कनपटी पर भी दाग दी पिस्टल, जानें क्यों उठाया खौफनाक कदम
प्रेमी की मौके पर ही मौत, सिर के आर-पार हुई गोली

इंदौर, एएनआइ। इंदौर में एक लड़की को उसके प्रेमी द्वारा गोली मारने का मामला सामने आया है। 23 वर्षीय लड़की को उसके प्रेमी नवीन परमान ने गोली मार दी, जो उसके सिर से छूकर निकल गई। इसके बाद नवीन ने खुद को भी गोली मारी और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, लड़की की जान बच गई है।

यह शनिवार रात करीब नौ बजे की घटना है। एसपी (पश्चिम) महेशचंद जैन के मुताबिक, गांधीनगर निवासी नवीन परमार पहले पीड़िता के साथ ही यशवंत प्लाजा में नौकरी करता था। करीब डेढ़ साल पहले दोनों में दोस्ती हुई और फिर दोनों एक-दूसरे से प्यार करने लगे। इसके बाद दोनों के बीच रिश्ता इतना गहरा हो गया कि दोनों शादी करने की सोचने लगे। वहीं, नवीन ने लड़की को अंगूठी, स्कूटी जैसे कई महंगे गिफ्ट भी दिए।

इसके बाद कोरोना महामारी के चलते देशभर में लाकडाउन के दौरान लोगों का आफिस जाना बंद हो गया। इस दौरान नवीन राजवाड़ा पर कपड़े की दुकान पर काम करने लगा और लाकडाउन के चलते लड़की ने भी आफिस जाना बंद कर दिया। इस दौरान लड़की ने नवीन को नदरअंदाज करना शुरू कर दिया और उसके घर में दूसरी जगह रिश्ते की बातें चलने लगीं। वहीं, नवीन जब लड़की को काल करता था तो वो उससे बात तो करती थी लेकिन शादी से इनकार कर देती थी। अचानक से बदले इस व्यवहार से नवीन नाराज हुआ और लड़की से स्कूटी व अंगूठी वापस करने को कहा। यह बात जब लड़की के घरवालों तक पहुंची तो उसकी मां सामान वापस लौटाने के लिए निकल गई। लड़की की मां सामान लौटाने के लिए लक्कड़ पीठा तक पहुंची थी कि वहीं, नवीन इस दौरान लड़की के घर पहुंच गया। उस वक्त पीड़िता अपने भाई और बहन के साथ घर पर थी।

नवीन पिस्टल लेकर लड़की के घर पहुंचा और उसे धमकी देने लगा कि अगर उससे शादी नहीं की तो जान से मार देगा और उसपर गोली दाग दी। नवीन को लगा कि लड़की मर गई और किचन की तरफ जाकर खुद को भी गोली मार ली और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। सूचना मिलते ही एएसपी राजेश व्यास और सीएसपी एसकेएस तोमर मौके पर पहुंच गए। सीएसपी के मुताबिक, नवीन के बारे में अभी ज्यादा जानकारी नहीं मिली है। पीड़िता खतरे से बाहर है।

chat bot
आपका साथी