देश में अब तक लगाए गए 17 करोड़ कोरोना टीके, 18 प्लस वालों में टीका लगवाने को लेकर उत्साह

राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को अब तक कोरोना वैक्सीन की कुल 17.56 करोड़ डोज दी गई हैं। इनमें से करीब 62 लाख डोज राज्यों के पास अभी उपलब्ध हैं और अगले तीन दिन के भीतर उन्हें वैक्सीन की 46.61 लाख और डोज दे दी जाएंगी।

By Bhupendra SinghEdited By: Publish:Mon, 10 May 2021 03:29 AM (IST) Updated:Mon, 10 May 2021 03:29 AM (IST)
देश में अब तक लगाए गए 17 करोड़ कोरोना टीके, 18 प्लस वालों में टीका लगवाने को लेकर उत्साह
60 साल से ज्यादा उम्र के करीब डेढ़ करोड़ लोगों को वैक्सीन की दोनों डोज दी गईं।

नई दिल्ली, एजेंसियां। कोरोना महामारी के खिलाफ शुरू हुए टीकाकरण अभियान में अब तक 17 करोड़ से ज्यादा टीके लगाए जा चुके हैं। अभियान के 114वें दिन रविवार को करीब पौने सात लाख टीके लगाए गए। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि छुट्टी का दिन होने के चलते कई राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों ने टीकाकरण अभियान ही नहीं चलाया, इसलिए लाभार्थियों की संख्या कम रही।

मंत्रालय ने बताया कि रविवार को 30 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में 18-45 आयुवर्ग के 2,43,958 लोगों को कोरोना रोधी वैक्सीन की पहली डोज लगाई गईं। इस आयुवर्ग के अब तक 20,29,395 लोगों को पहली डोज दी जा चुकी हैं।

मंत्रालय के मुताबिक लाभार्थियों को अब तक कुल 17 करोड़ एक लाख 53 हजार 432 डोज दी जा चुकी हैं। इनमें 95.46 लाख स्वास्थ्यकर्मियों को पहली और 64.71 लाख को दूसरी, 1.39 करोड़ फ्रंटलाइन वर्कर्स को पहली और 77.54 लाख को दूसरी डोज अब तक दी चुकी हैं।

इनके अलावा 45-60 आयुवर्ग के 5.51 करोड़ लोगों को पहली और 65.55 लाख लोगों को टीके की दूसरी डोज लगाई जा चुकी हैं। जबकि, 60 साल से ज्यादा उम्र के 5.36 करोड़ लोगों को पहली और 1.4 करोड़ को अब तक दूसरी डोज दी गई हैं।

राज्यों को अब तक 17.56 करोड़ डोज दी गईं

स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को अब तक कोरोना वैक्सीन की कुल 17.56 करोड़ डोज दी गई हैं। इनमें से करीब 62 लाख डोज राज्यों के पास अभी उपलब्ध हैं और अगले तीन दिन के भीतर उन्हें वैक्सीन की 46.61 लाख और डोज दे दी जाएंगी।

कर्नाटक और आंध्र प्रदेश को वैक्सीन की सप्लाई

आंध्र प्रदेश में संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए टीकाकरण अभियान में तेजी लाने की कोशिश की जा रही है। इसमें वैक्सीन की कमी आड़े न आए इसके लिए रविवार को राज्य को 3.6 लाख और डोज उपलब्ध कराई गईं। अधिकारियों कोविशील्ड की 3.6 लाख डोज मिलने की पुष्टि की।

कर्नाटक के स्वास्थ्य मंत्री के. सुधाकर ने भी बताया कि राज्य को शनिवार की रात कोरोना वैक्सीन की 3.5 लाख डोज मिलीं। कर्नाटक ने दो करोड़ डोज का ऑर्डर दिया है, जिसमें से उसे अब तक 6.5 लाख डोज मिल चुकी हैं। केंद्र सरकार से उसे 1.10 करोड़ डोज मिली हैं। कर्नाटक में सोमवार से 18-44 साल के लोगों का टीकाकरण शुरू हो रहा है।

chat bot
आपका साथी