Odisha Board Syllabus 2021-22: ओडिशा ने घटाया 9वीं और 10वीं कक्षाओं का सिलेबस, महामारी के चलते 30 फीसदी तक घटा पाठ्यक्रम
Odisha Board Syllabus 2021-22 बोर्ड ऑफ सेकेंड्री एजुकेशन ओडिशा ने 9वीं और 10वीं कक्षाओं के सिलेबस को शैक्षणिक वर्ष 2021-22 के लिए 30 फीसदी तक घटा दिया है। बोर्ड द्वारा यह निर्णय राज्य में कोरोना महामारी (कोविड-19) के चलते बाधित हुई शैक्षणित गतिविधियों के मद्देनजर लिया गया है।
नई दिल्ली, ऑनलाइन डेस्क। Odisha HSC Syllabus 2021-22: बोर्ड ऑफ सेकेंड्री एजुकेशन, ओडिशा ने 9वीं और 10वीं कक्षाओं के सिलेबस को शैक्षणिक वर्ष 2021-22 के लिए 30 फीसदी तक घटा दिया है। बोर्ड द्वारा यह निर्णय राज्य में कोरोना महामारी (कोविड-19) के चलते बाधित हुई शैक्षणित गतिविधियों के मद्देनजर लिया गया है। बता दें कि ओडिशा बोर्ड द्वारा पिछले वर्ष भी कोरोना महामारी के ही चलते कक्षा 9 और कक्षा 10 की आगामी परीक्षाओं परीक्षाओं के मद्देनजर सिलेबस को 30 फीसदी तक घटाने की घोषणा की गयी थी।
शिक्षा मंत्री ने की थी घोषणा
इससे पहले ओडिशा राज्य सरकार में स्कूल एवं मास एजुकेशन मिनिस्टर समीर रंजन दास ने मंगलवार, 23 जून को कहा था कि कोरोना महामारी के चलते इस वर्ष भी 9वीं एवं 10वीं की कक्षाओं के लिए सिलेबस को 30 फीसदी तक कम किया जाएगा। “राज्य में इस समय कोविड-19 की स्थिति के कारण ऑनलाइन कक्षाएं चल रही हैं। हालांकि, प्रत्येक छात्र के लिए ऑनलाइन शिक्षा प्राप्त करना संभव नहीं है। इसलिए, हमने पाठ्यक्रम को कम करने का निर्णय लिया है,” शिक्षा मंत्री ने कहा था।
गौरतलब है कि ओडिशा राज्य सरकार ने सोमवार, 22 जून 2021 से राज्य के 8 चयनित जिलों में पहली से लेकर आठवीं तक की कक्षाओं के लिए और सभी जिलों में 9वीं एवं 10वीं कक्षाओं के लिए यूट्यूब के माध्यम से ऑनलाइन क्लासेस शुरू की गयी है। हालांकि, आरंभिक आधिकारिक अनुमानों के अनुसार, राज्य के विभिन्न हिस्सों में कनेक्टिविटी की समस्या के चलते कुछ स्टूडेंट्स में से एक तिहाई से भी कम ऑनलाइन क्लासेस कर पा रहे हैं।
ओडिशा 10वीं रिजल्ट 2021 आज
दूसरी तरफ, महामारी के चलते शैक्षणिक वर्ष 2020-21 के लिए घटाये गये सिलेबस और फिर रद्द की गयी बोर्ड परीक्षाओं के बाद वैकल्पिक पद्धति से मूल्यांकन करते हुए ओडिशा 10वीं रिजल्ट 2021 की घोषणा आज, 25 जून 2021 को ओडिशा बोर्ड द्वारा की जा रही है। ओडिशा बोर्ड 10वीं रिजल्ट 2021 को स्टूडेंट्स ऑफिशियल वेबसाइट, bseodisha.nic.in या bseodisha.ac.in पर विजिट करके चेक कर पाएंगे। साथ ही, ओडिशा बोर्ड 10वीं रिजल्ट 2021 को मोबाइल SMS के माध्यम से भी चेक कर पाएंगे। अधिक जानकारी के लिए पूरी खबर इस लिंक से पढ़ें।