CBSE Class 10 Result 2021: सीबीएसई 10वीं के परिणाम में लड़कियों का प्रदर्शन लड़कों से बेहतर, चेक करें अपडेट्स

CBSE Class 10 Result 2021 इस वर्ष 10वीं की परीक्षा के लिए कुल 2097128 उम्मीदवारों ने रजिस्ट्रेशन कराया था। जिसमें कुल 2076997 उम्मीदवारों ने सफलता हासिल की है। इस वर्ष 10वीं कक्षा की परीक्षा में पास प्रतिशत 99.04 दर्ज किया गया है।

By Nandini DubeyEdited By: Publish:Tue, 03 Aug 2021 01:47 PM (IST) Updated:Tue, 03 Aug 2021 01:47 PM (IST)
CBSE Class 10 Result 2021: सीबीएसई 10वीं के परिणाम में लड़कियों का प्रदर्शन लड़कों से बेहतर, चेक करें अपडेट्स
99.24 प्रतिशत लड़कियों ने सीबीएसई 10वीं के परिणाम में सफलता हासिल की

CBSE Class 10 Result 2021: सेंट्रल बोर्ड ऑफ सेकंडरी एजुकेशन की 10वीं कक्षा के नतीजे आज, 3 अगस्त 2021 को घोषित कर दिए गए हैं। नतीजे घोषित करने के साथ ही, 20 लाख से अधिक स्टूडेंट्स का इंतजार आज समाप्त हो गया है। परिणाम की घोषणा आज दोपहर 12 बजे की गई। सीबीएसई के ऑफिशियल रिजल्ट पोर्टल, cbseresults.nic.in पर जाकर स्टूडेंट्स अपना मार्क्स चेक कर सकते हैं। इसके लिए उम्मीदवार के रोल नंबर, स्कूल नंबर और डेट ऑफ बर्थ की जरुरत होगी।

बता दें कि इस वर्ष 10वीं की परीक्षा के लिए कुल 20,97,128 उम्मीदवारों ने रजिस्ट्रेशन कराया था। जिसमें कुल 20,76,997 उम्मीदवारों ने सफलता हासिल की है। इस वर्ष 10वीं कक्षा की परीक्षा में पास प्रतिशत 99.04 दर्ज किया गया है। वैकल्पिक मूल्यांकन पद्धति के अनुसार रिजल्ट तैयार किए जाने के कारण इस बार पिछले वर्षों की तुलना में पास प्रतिशत में बढ़ोतरी हुई है।

लड़कियों ने मारी बाजी

वर्ष 2021 के 10वीं के परिणाम में लड़कियों का प्रदर्शन लड़कों की तुलना में बेहतर रहा। इस बार 98.89 प्रतिशत लड़कों को सफल घोषित किया गया है। जबकि, 99.24 प्रतिशत लड़कियों ने सफलता प्राप्त की है। लड़कियों के पास प्रतिशत में लड़कों की तुलना में 0.35 प्रतशत की बढ़त दर्ज की गई है।

पीटीआई की रिपोर्ट्स के अनुसार, इस वर्ष 57 हजार से अधिक स्टूडेंट्स ने 95 प्रतिशत से अधिक स्कोर प्राप्त किया है। जबकि, 2 लाख से अधिक स्टूडेंट्स ने 90 प्रतिशत से 95 प्रतिशत के बीच मार्क्स हासिल किए हैं। वहीं, 16 हजार से अधिक उम्मीदवारों के परिणाम जारी किए जाने हैं।

गौरतलब है कि कोविड-19 महामारी के कारण इस वर्ष सीबीएसई 10वीं कक्षा की परीक्षा को रद्द कर दिया गया था। उम्मीदवारों के रिजल्ट प्रत्येक विषय के लिए बोर्ड द्वारा निर्धारित कुल 100 अंकों के अनुसार तैयार किए गए हैं। इनमें से 20 मार्क्स स्टूडेंट्स के आंतरिक मूल्यांकन के लिए हैं। जबकि, बचे हुए 80 मार्क्स स्टूडेंट्स के शैक्षणिक वर्ष के दौरान आयोजित विभिन्न टेस्ट/एग्जाम के आधार पर हैं।

chat bot
आपका साथी