Maharashtra: फास्ट ट्रैक में चलेगा साकीनाका दुष्कर्म केस का ट्रायल, दोषियों को मिलेगी कड़ी सजाः उद्धव ठाकरे

Maharashtra मुंबई के साकीनाका में एक महिला के साथ दुष्कर्म और हत्या को उद्धव ठाकरे ने मानवता पर धब्बा करार दिया है। उन्होंने इस मामले में फास्ट ट्रैक सुनवाई का वादा किया। ठाकरे ने कहा कि अपराधी को कड़ी सजा दिलाई जाएगी।

By Sachin Kumar MishraEdited By: Publish:Sat, 11 Sep 2021 08:13 PM (IST) Updated:Sat, 11 Sep 2021 10:16 PM (IST)
Maharashtra: फास्ट ट्रैक में चलेगा साकीनाका दुष्कर्म केस का ट्रायल, दोषियों को मिलेगी कड़ी सजाः उद्धव ठाकरे
फास्ट ट्रैक में चलेगा साकीनाका दुष्कर्म केस का ट्रायल। फाइल फोटो

मुंबई, प्रेट्र। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने मुंबई के साकीनाका में एक महिला के साथ दुष्कर्म और हत्या को मानवता पर धब्बा करार दिया और मामले में फास्ट ट्रैक सुनवाई का वादा किया। ठाकरे ने शनिवार को कहा कि अपराधी को कड़ी सजा दिलाई जाएगी। मामले की सुनवाई तेजी से होगी और पीड़िता को न्याय मिलेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने राज्य के गृह मंत्री दिलीप वालसे पाटिल और मुंबई के पुलिस आयुक्त हेमंत नागराले से मामले पर चर्चा की है। आइएएनएस के अनुसार, दुष्कर्म की घटना के खिलाफ राज्य में उपजी नाराजगी के बीच राष्ट्रीय महिला आयोग ने भी घटना का संज्ञान लिया है। महिला आयोग की अध्यक्ष रेखा शर्मा ने इसे बर्बर घटना करार दिया है।

भाजपा ने उद्धव सरकार पर साधा निशाना

इस बीच, भाजपा ने दुष्कर्म के आरोपित के लिए मृत्युदंड की मांग करते हुए महिला सुरक्षा के मुद्दे पर महा विकास अघाड़ी सरकार को घेरा है। राज्य विधानसभा में विपक्ष के नेता देवेंद्र फड़नवीस ने कहा कि इस मामले में फास्ट ट्रैक अदालत में सुनवाई की जानी चाहिए। विधान परिषद में विपक्ष के नेता प्रवीण दरेकर ने घटना के लिए राज्य सरकार को जिम्मेदार ठहराया।

मुंबई में निर्भया जैसी दरिंदगी की शिकार महिला की मौत

मुंबई के उपनगरीय इलाके साकीनाका में दुष्कर्म और प्राइवेट पार्ट में लोहे की राड डालने की वीभत्सता का शिकार बनी महिला ने यहां नगरपालिका के एक अस्पताल में इलाज के दौरान शनिवार तड़के दम तोड़ दिया। एक अधिकारी ने बताया कि महिला के निजी अंगों में गंभीर चोटें आई थीं और हादसे में उसका बहुत खून बह गया था। वह शुक्रवार तड़के से राजावाड़ी अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रही थी। उन्होंने बताया कि महिला से दुष्कर्म और लोहे की राड से निर्ममता से हमला करने के बाद आरोपित ने उस पर चाकू से भी वार किया।

अधिकारी ने बताया कि यह घटना शुक्रवार तड़के सामने आई थी, जब पुलिस को साकीनाका में खैरानी रोड पर एक शख्स के एक महिला पर हमला करने के बारे में फोन आया था। पुलिस मौके पर पहुंची जहां उसने महिला को खून से लथपथ पाया। इसके बाद उसे राजावाड़ी अस्पताल में भर्ती कराया गया। अधिकारी ने कहा कि जांच के दौरान सामने आया कि सड़क किनारे खड़े एक आटो के भीतर महिला से दुष्कर्म किया गया और उसके शरीर एवं निजी अंगों पर लोहे की छड़ से निर्ममता से वार किया गया। पुलिस को आटो में खून के निशान भी मिले। सीसीटीवी से मिले फुटेज के आधार पर कुछ घंटे बाद पुलिस ने आरोपित मोहन चौहान को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया।

chat bot
आपका साथी