शिल्पा शेट्टी के पति राज कुंद्रा के चार कर्मचारी बने गवाह
अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी के पति और कारोबारी राज कुंद्रा के चार कर्मचारी उनके खिलाफ गवाह बन गए हैं। मुंबई पुलिस के सूत्रों ने बताया कि इन कर्मचारियों ने मुंबई पुलिस की अपराध शाखा के प्रापर्टी सेल को रैकेट के कामकाज के बारे में पूरी जानकारी उपलब्ध करा दी है।
मुंबई, एएनआइ। अश्लील फिल्म बनाने के मामले में अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी के पति और कारोबारी राज कुंद्रा के चार कर्मचारी उनके खिलाफ गवाह बन गए हैं। मुंबई पुलिस के सूत्रों ने रविवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इन कर्मचारियों ने मुंबई पुलिस की अपराध शाखा के प्रापर्टी सेल को रैकेट के कामकाज के बारे में पूरी जानकारी उपलब्ध करा दी है। इससे राज कुंद्रा की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। कथित रूप से अश्लील फिल्में बनाने से जुड़े आरोपों में मुंबई पुलिस ने कुंद्रा को 11 अन्य लोगों के साथ 19 जुलाई को गिरफ्तार किया था। वे 27 जुलाई तक अपराध शाखा की हिरासत में रहेंगे।
अपराध शाखा की प्रापर्टी सेल ने रविवार को इस मामले में पूछताछ के लिए टीवी अभिनेत्री व माडल गहना वशिष्ठ और दो अन्य लोगों को पूछताछ के लिए समन किया। इस बीच, अपराध शाखा को तलाशी के दौरान कुंद्रा के मुंबई में अंधेरी स्थित वियान एवं जेएल स्ट्रीम कार्यालयों में गुप्त अलमारियां मिली हैं। सूत्रों के अनुसार कुंद्रा को जल्द ही विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम (फेमा) और मनी लांड्रिंग के मामलों का सामना करना पड़ेगा क्योंकि प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) जल्द ही इन कानूनों के तहत उनके खिलाफ मामले दर्ज कर सकता है। वर्तमान में कुंद्रा के खिलाफ अश्लील फिल्में बनाने और कुछ एप के जरिये उन्हें प्रसारित करने के आरोप हैं।
गौरतलब है अश्लील फिल्में बनाकर एप के जरिये लोगों को दिखाने के मामले में हर दिन नई जानकारी सामने आ रही है। इस मामले में गिरफ्तार राज कुंद्रा की पत्नी और फिल्म अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी ने अपने पति को निर्दोष बताते हुए इस मामले का ठीकरा राज के लंदन निवासी बहनोई पर फोड़ दिया है। अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी ने शुक्रवार को मुंबई पुलिस को बताया कि राज के लंदन निवासी बहनोई प्रदीप बख्शी ही हाटशाट एप और इसके कामकाज से जुड़े थे। शिल्पा ने कहा कि उन्हें हाटशाट एप की सामग्री के बारे में सटीक पता नहीं था। उन्होंने यह भी दावा है कि इस एप से उनका कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने अपने पति को भी निर्दोष बताया।