Omicron Variant: महाराष्ट्र में ओमिक्रोन के सात नए मामले, अब तक आठ केस सामने आए

Omicron Variant महाराष्ट्र में नाइजीरिया से आए तीन लोगों सहित सात लोग ओमिक्रोन संक्रमित पाए गए हैं। इनमें एक महिला भी शामिल है जो नाइजीरिया से अपनी दो बेटियों के साथ अपने भाई से मिलने पिंपरी चिंचवाड़ इलाके में आई थी।

By Sachin Kumar MishraEdited By: Publish:Sun, 05 Dec 2021 07:04 PM (IST) Updated:Sun, 05 Dec 2021 07:17 PM (IST)
Omicron Variant: महाराष्ट्र में ओमिक्रोन के सात नए मामले, अब तक आठ केस सामने आए
महाराष्ट्र में सात और ओमिक्रोन पाजिटिव, अब तक आठ मामले सामने। फाइल फोटो

मुंबई, एएनआइ/प्रेट्र। महाराष्ट्र में सात लोग ओमिक्रोन पाजिटिव आए। महाराष्ट्र में अब तक ओमीक्रोन के कुल आठ मामले सामने आए हैं। रविवार को जन स्वास्थ्य विभाग महाराष्ट्र ने यह जानकारी दी है। नाइजीरिया से आए तीन लोगों सहित सात लोग ओमिक्रोन संक्रमित पाए गए हैं। इनमें एक महिला भी शामिल है, जो नाइजीरिया से अपनी दो बेटियों के साथ अपने भाई से मिलने पिंपरी चिंचवाड़ इलाके में आई थी। उनके भाई और उनकी दो बेटियों भी वैरिएंट संक्रमित हैं। एक अन्य मामला पुणे के एक व्यक्ति का है, जो पिछले महीने के अंतिम सप्ताह में फिनलैंड से लौटा था। महाराष्ट्र में ओमाइक्रोन के पुष्ट मामलों की कुल संख्या आठ हो गई है।

महाराष्ट्र के ठाणे जिले के एक 33 वर्षीय व्यक्ति कोरोन वायरस के ओमिक्रोन वैरिएंट से संक्रमित मिला है। एक समुद्री इंजीनियर का वर्तमान में राज्य की राजधानी मुंबई से लगभग 50 किमी दूर स्थित कल्याण शहर में एक कोविड-19 देखभाल केंद्र में इलाज चल रहा है। डोंबिवली कस्बे का निवासी 23 नवंबर को दक्षिण अफ्रीका से दिल्ली आया था और उसके बाद मुंबई के लिए फ्लाइट से आया था। इस बीच, मुंबई की मेयर किशोरी पेडनेकर ने बताया कि धारावी में एक व्यक्ति को कोरोना से संक्रमित पाया गया है। ओमिक्रोन वैरिएंट का पता लगाने के लिए उसके नमूने को जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए भेजा गया है। यह व्यक्ति भी हाल ही में तंजानिया से लौटा था। इसके संपर्क में आए लोगों की भी जांच की जा रही है। एक दिन पहले ठाणे के कल्याण-डोम्बिवली क्षेत्र में पाए गए ओमिक्रोन संक्रमित व्यक्ति की हालत स्थिर बताई गई है। उस पर उपचार का भी सही असर हो रहा है।

इधर, देश में कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रोन के मामले धीरे-धीरे बढ़ने लगे हैं। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में एक व्यक्ति को इस नए वैरिएंट से संक्रमित पाया गया है जो हाल ही में तंजानिया से लौटा था। तंजानिया से ही लौटा एक व्यक्ति मुंबई में कोरोना संक्रमित पाया गया है, अधिकारियों को उसके ओमिक्रोन से संक्रमित होने का शक है। उसके नमूने को जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए भेजा गया है। ओमिक्रोन वैरिएंट को लेकर अत्यधिक जोखिम वाले देशों से लौटे और कोरोना संक्रमित पाए गए 12 लोगों को दिल्ली के लोक नायक जयप्रकाश नारायण (एलएनजेपी) अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इनके नमूनों की जीनोम सीक्वेंसिंग कराई गई थी। दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने बताया कि इन्हीं में से 37 वर्षीय एक व्यक्ति में ओमिक्रोन वैरिएंट पाया गया है। वह तंजानिया से लौटा था और संक्रमण के हल्के लक्षण पाए जाने पर उसे दो दिसंबर को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अब उसके संपर्क में आए लोगों की तलाश तेज कर दी गई है। जोखिम वाले देशों से लौटे संक्रमित लोगों की संख्या भी 17 हो गई है। इसके साथ ही देश में ओमिक्रोन वैरिएंट के मामलों की संख्या पांच हो गई है। शनिवार को महाराष्ट्र और गुजरात में एक-एक मामले मिले थे और उससे पहले कर्नाटक में दो मामलों की पुष्टि हुई थी।

chat bot
आपका साथी