Ganesh Chaturthi 2021: मुंबई में 10 से 19 सितंबर तक धारा 144, गणपति जुलूस की भी अनुमति नहीं

Ganesh Chaturthi 2021 मुंबई में गणेश चतुर्थी को लेकर मुंबई पुलिस ने 10 से 19 सितंबर तक धारा 144 लागू की है। इस दौरान गणपति जुलूस की अनुमति नहीं होगी। एक जगह पर पांच से ज्यादा लोगों को इकट्ठा होने की इजाजत नहीं है।

By Sachin Kumar MishraEdited By: Publish:Thu, 09 Sep 2021 04:38 PM (IST) Updated:Thu, 09 Sep 2021 06:32 PM (IST)
Ganesh Chaturthi 2021: मुंबई में 10 से 19 सितंबर तक धारा 144, गणपति जुलूस की भी अनुमति नहीं
गणेश चतुर्थी को लेकर मुंबई में धारा 144 लागू। फाइल फोटो

मुंबई, एएनआइ। देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में गणेश चतुर्थी को लेकर मुंबई पुलिस ने 10 से 19 सितंबर तक धारा 144 लागू की है। इस दौरान गणपति जुलूस की अनुमति नहीं होगी। एक जगह पर पांच से ज्यादा लोगों को इकट्ठा होने की इजाजत नहीं है। भक्त आनलाइन भगवान गणेश के दर्शन करने कर सकेंगे। यह आदेश मुंबई पुलिस आयुक्तालय के अधिकार क्षेत्र के तहत लागू होगा। दस सितंबर को गणेश चतुर्थी मनाई जा रही है। इधर, बीएमसी ने भी कोरोना महामारी के बीच इस साल गणेश चतुर्थी को लेकर नई गाइडलाइन जारी की है। बीएमसी की लोगों से अपील है कि ये धार्मिक पर्व सादगी और कोविड नियमों का पालन करते हुए मनाए जाए।  कुछ दिन पहले मुंबई की मेयर किशोरी पेडनेकर की अध्‍यक्षता में हुई एक बैठक में कोविड-19 मरीजों की बढ़ती संख्या के साथ-साथ संभावित तीसरी लहर पर भी विचार किया गया था। इस बैठक में गणेशोत्सव मंडल भक्तों के लिए केबल नेटवर्क, वेबसाइट, फेसबुक, सोशल मीडिया आदि के माध्यम से आनलाइन दर्शन की सुविधा प्रदान करवाने का निर्णय लिया गया था ।

बीएमसी की नई गाइडलाइन के मुताबिक, पंडालों में स्थापित गणेश मूर्ति वही लोग लाने जा सकते हैं, जिन्होंने वैक्सीन की दोनों डोज ली हो।बीएमसी ने गणपति की मूर्ति को पंडालों में लाने के लिए शर्तों के साथ मात्र 10 लोगों को इजाजत दी है। सार्वजनिक गणेशोत्सव मंडलों की प्रतिमाओं का विसर्जन कंटेनमेंट जोन में पंडालों में किया जाए या इसे टाल दिया जाए। गणपति मंडलों से अपील की है कि भक्तों के लिए गणपति के आनलाइन दर्शन की व्यवस्था करें।बीएमसी ने लोगों से अपील की है कि भीड़-भाड़ वाले स्‍थानों पर जाने से बचें और एक दूसरे से उचित दूरी बनाकर रखें। सीलबंद भवनों में गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन की व्यवस्था की जाए या घर पर ही विसर्जन करें। गणेशोत्सव के दौरान घर व भवन को प्रतिबंधित क्षेत्र घोषित किया जाता है तो प्रतिबंधित क्षेत्र के नियमों का पालन किया जाना चाहिए। मुंबई में 519 मंडलों को गणेशोत्सव के लिए पंडाल स्थापित करने की अनुमति दी गई है। बीएमसी व पुलिस प्रशासन द्वारा निर्धारित नियमों का सख्ती से पालन किया जाना चाहिए।

chat bot
आपका साथी