Maharashtra: बार्ज पी 305 और टगबोट के सभी लापता लोगों के शव मिले: नौसेना
Maharashtra 17 मई को जब यह बार्ज और टगबोट अरबसागर में हादसे का शिकार बनी थी तो उन पर कुल 274 लोग सवार थे। बार्ज पर 261 और टगबोट पर 13 लोग थे। नौसेना ने 186 लोगों को बार्ज से टगबोट के दो लोगों को बचा लिया था।
मुंबई, प्रेट्र। Maharashtra। चक्रवात टाक्टे के प्रकोप के दौरान बार्ज पी 305 और उसे खींचने वाली टगबोट वरप्रदा के डूबने के बाद से लापता सभी लोगों के शव मिल गए हैं। नौसेना ने सोमवार को कहा कि शिनाख्त के बाद शवों को उनके स्वजन को सौंप दिया जाएगा। बचाव व तलाशी अभियान अभी भी चल रहा है। उल्लेखनीय है 17 मई को जब यह बार्ज और टगबोट अरबसागर में हादसे का शिकार बनी थी तो उन पर कुल 274 लोग सवार थे। बार्ज पर 261 और टगबोट पर 13 लोग थे। नौसेना ने लंबे अभियान के बाद 186 लोगों को बार्ज से टगबोट के दो लोगों को बचा लिया था। कुछ समय बाद अरब सागर से कुछ लोगों को जिंदा तो कुछ के शव निकाले गए। रविवार को आठ शव महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में दो शव गुजरात के वलसाड जिले से मिले थे। शनिवार को भी चार शव वलसाड में समुद्र में मिले थे।
नौसेना के प्रवक्ता ने बताया कि इस प्रकार सभी 274 लोगों का हिसाब मिल गया है। उन्होंने कहा कि बरामद सभी शवों की शिनाख्त कराई जा रही है। अगर किसी शव की शिनाख्त नहीं हो पाएगी तो डीएनए टेस्ट भी कराया जाएगा। प्रवक्ता ने बताया कि नौसेना का यह बचाव अभियान बंद नहीं हुआ है। नौसेना ने डूबी हुई टगबोट का समुद्र की तलहटी में पता लगा लिया है। गोताखोर टीम उसका जायजा ले रही है।
उल्लेखनीय है ओएनजीसी के लिए अनुबंध पर काम करने वाले कामगारों के लिए कार्यस्थल पर 261 लोगों की रिहायश के लिए बार्ज पी-305 पर व्यवस्था की गई थी। तूफान के कारण बार्ज के बहने और बाद में डूबने से अब तक 70 लोगों की मौत की पुष्टि की जा चुकी है। हालांकि नौसेना और कोस्टगार्ड ने कई दिन तक अभियान चलाकर 186 लोगों को बचा लिया था। इस बार्ज पर सवार पांच लोग अभी भी लापता हैं। वहीं इस बार्ज को खींचने वाली नौका वरप्रदा पर सवार 11 लोगों की भी तलाश की जा रही है। इस नौका पर कुल 13 लोग सवार थे जिसमें से दो लोगों को बचा लिया गया था।