Cyclone Tauktae: मुंबई सहित समूचे कोकण को करारा झटका दे गया टाक्टे, गेटवे आफ इंडिया के कुछ हिस्से को भी नुकसान

चक्रवाती तूफान टाक्टे देश की आर्थिक राजधानी मुंबई सहित समूचे कोकण क्षेत्र को बड़ा नुकसान पहुंचा गया है। तूफानी लहरों से मुंबई में गेटवे आफ इंडिया के कुछ हिस्से को भी नुकसान पहुंचा है। राज्य सरकार नुकसान का आकलन करने में जुटी है।

By Vijay KumarEdited By: Publish:Tue, 18 May 2021 07:47 PM (IST) Updated:Tue, 18 May 2021 07:47 PM (IST)
Cyclone Tauktae: मुंबई सहित समूचे कोकण को करारा झटका दे गया टाक्टे, गेटवे आफ इंडिया के कुछ हिस्से को भी नुकसान
मुंबई सहित समूचे कोकण क्षेत्र को बड़ा नुकसान

राज्य ब्यूरो, मुंबई! चक्रवाती तूफान टाक्टे देश की आर्थिक राजधानी मुंबई सहित समूचे कोकण क्षेत्र को बड़ा नुकसान पहुंचा गया है। तूफानी लहरों से मुंबई में गेटवे आफ इंडिया के कुछ हिस्से को भी नुकसान पहुंचा है। राज्य सरकार नुकसान का आकलन करने में जुटी है। महाराष्ट्र को कोकण क्षेत्र एवं मुंबई से सोमवार को टकराए टाक्टे चक्रवात से 12 लोगों की जान जाने की आशंका जताई जा रही है। 114 किमी. प्रति घंटा हवा की रफ्तार एवं भारी बरसात के साथ कोकण एवं मुंबई से टकराए तूफान से सिंधुदुर्ग, रत्नागिरी, रायगढ़, पालघर एवं ठाणे के कई हजार गांव एवं मुंबई महानगर प्रभावित हुए हैं। 

तूफान आने से पहले कोकण क्षेत्र के तीन जिलों के 13,172 लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया गया था। इससे जनहानि कम हुई है। लेकिन रत्नागिरी एवं सिंधुदुर्ग में बिजली की आपूर्ति खंडित होने से करीब 18.43 लाख लोग प्रभावित हुए हैं। यहां तक की मुंबई के निकट कल्याण एवं वसई-विरार क्षेत्रों में भी 30 घंटे से अधिक विद्युत आपूर्ति नहीं हो सकी। सोमवार को ही तूफान के कारण छह लोगों के मारे जाने की खबर थी। मंगलवार को मुंबई के तीन लोगों को मिलाकर यह संख्या 12 हो गई है। मुंबई से 60 से 70 समुद्री मील दूर एक बार्ज पर फंसे 314 लोगों को भारतीय नौसेना एवं कोस्टगार्ड अपने हेलीकाप्टरों के साहसिक अभियानों के जरिए बचाने में कामयाब रहे हैं।  

चक्रवाती तूफान का विकराल रूप मुंबई की विभिन्न चौपाटियों सहित गेटवे आफ इंडिया पर देखने को मिल रहा है। तेज हवा के साथ तट से टकराई समुद्री लहरों के कारण गेटवे आफ इंडिया पर बनी जेट्टी कुछ पत्थर उखड़कर पांच मीटर दूर जा गिरे हैं। इस ऐतिहासिक स्थल पर लगा लोहे का गेट भी टूट गया है। आसपास के फुटपाथों को भी नुकसान पहुंचा है। तूफान के कारण गेटवे आफ इंडिया सहित गिरगांव, जुहू सहित अन्य चौपाटियों पर समुद्र से कई ट्रक कचरा आकर जमा हो गया है। मंगलवार सुबह मुंबई महानगर पालिका ने सिर्फ गिरगांव चौपाटी एवं गेटवे आफ इंडिया से ही चार ट्रक कचरा हटाया।

मुंबई की महापौर किशोरी पेडणेकर के अनुसार तूफान से गेटवे आफ इंडिया की सेफ्टी वाल सहित आसपास कुछ नुकसान जरूर हुआ है, लेकिन मुख्य वास्तु पूरी तरह सुरक्षित है। बता दें कि मुंबई में रविवार रात से शुरू हुई भारी बरसात को मई महीने में हुई रिकार्ड बरसात माना जा रहा है। इस दौरान सबसे ज्यादा बरसात पश्चिमी उपनगरों कांदीवली, बोरीवली एवं दहिसर में रिकार्ड की गई। सिर्फ मुंबई में 2,364 पेड़ गिरने, 56 स्थानों पर जलभराव होने एवं 43 स्थानों पर घर या दीवार गिरने की खबरें आई हैं। 

chat bot
आपका साथी