Maharashtra Politics: भाजपा नेता किरीट सोमैया ने मुंबई पुलिस व महाराष्ट्र सरकार के खिलाफ दर्ज कराई शिकायत

Maharashtra Politics महाराष्ट्र में भाजपा नेता किरीट सोमैया ने मुंबई पुलिस और महाराष्ट्र सरकार के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने के बाद कहा कि पुलिस ने हमें कोल्हापुर जाने से रोकने के लिए अपनी शक्तियों का गलत उपयोग किया।

By Sachin Kumar MishraEdited By: Publish:Thu, 23 Sep 2021 07:21 PM (IST) Updated:Thu, 23 Sep 2021 07:21 PM (IST)
Maharashtra Politics: भाजपा नेता किरीट सोमैया ने मुंबई पुलिस व महाराष्ट्र सरकार के खिलाफ दर्ज कराई शिकायत
भाजपा नेता किरीट सोमैया की फाइल फोटो।

राज्य ब्यूरो, मुंबई। भाजपा नेता किरीट सोमैया ने मुंबई पुलिस व महाराष्ट्र सरकार के विरुद्ध मुंबई के नवघर मुलुंड (पूर्व) थाने में शिकायत दर्ज कराई है। यह शिकायत उन्होंने खुद को कराड रेलवे स्टेशन पर हिरासत में लेने का आरोप लगाते हुए दर्ज कराई है। शिकायत दर्ज कराने के बाद सोमैया ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि पुलिस ने हमें कोल्हापुर जाने से रोकने के लिए अपनी शक्तियों का गलत उपयोग किया। गणपति विसर्जन के दिन मुझे मेरे घर से निकलने से रोका गया। फिर कराड रेलवे स्टेशन पर उन्होंने मुझे ट्रेन से उतार लिया। मैंने पुलिस के इन कृत्यों के विरुद्ध मुलुंड व एमआरए मार्ग पुलिस थाने में आइपीसी की धाराओं 149, 340, 341, 342 के तहत कानूनी नोटिस दी है। मुंबई पुलिस व महाराष्ट्र सरकार को हमसे 24 घंटे के अंदर माफी मांगनी होगी। 

जानें, क्या है मामला

किरीट सोमैया को दो दिन पहले कोल्हापुर जाते समयल कराड स्टेशन पर ट्रेन से उतार लिया गया था। वह राकांपा नेता व राज्य के ग्रामीण विकास मंत्री हसन मुश्रिफ की कुछ संपत्तियां देखने कोल्हापुर जा रहे थे। उनकी इस यात्रा से पहले कोल्हापुर के जिलाधिकारी ने भी शहर में निषेधाज्ञा लगा दी थी। किरीट सोमैया इन दिनों राज्य की महाविकास अघाड़ी सरकार के मंत्रियों का भ्रष्टाचार उजागर करने का अभियान चला चुके हैं। हसन मुश्रिफ को मिलाकर उनकी सूची में कांग्रेस, राकांपा व शिवसेना मिलाकर 12 वरिष्ठ नेता या मंत्री शामिल हो चुके हैं। मुश्रिफ के अलावा वह परिवहन मंत्री अनिल परब, नागरिक आपूर्ति मंत्री छगन भुजबल, उद्धव ठाकरे के निजी सचिव मिलिंद नार्वेकर आदि के कथित भ्रष्टाचार से संबंधित मामले उजागर कर चुके हैं। अनिल परब ने तो सोमैया द्वारा लगाए गए आरोपों को गलत बताते हुए उन पर 100 करोड़ रुपये का मानहानि का मामला भी दर्ज करवा दिया है। हसन मुश्रिफ ने भी उनपर 100 करोड़ रुपये का दावा करने की धमकी दी है, लेकिन भाजपा का कहना है कि सरकार अपने मंत्रियों के भ्रष्टाचार छुपाने के लिए किरीट सोमैया को परेशान कर रही है।

chat bot
आपका साथी