Maharashtra: मुंबई की बेकरी में बिक रहे थे भांग वाले केक, तीन गिरफ्तार

Maharashtra मुंबई के मलाड स्थित एक बेकरी में छापा मारकर एनसीबी ने गांजा और 830 ग्राम भांग वाला केक जब्त किया है। एनसीबी ने इस मामले में एक महिला समेत तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया। एनसीबी का दावा है कि देश में पहली बार इस ट्रेंड का पर्दाफाश हुआ।

By Sachin Kumar MishraEdited By: Publish:Sun, 13 Jun 2021 06:48 PM (IST) Updated:Sun, 13 Jun 2021 06:48 PM (IST)
Maharashtra: मुंबई की बेकरी में बिक रहे थे भांग वाले केक, तीन गिरफ्तार
मुंबई की बेकरी में बिक रहे थे भांग वाले केक, तीन गिरफ्तार। फाइल फोटो

मुंबई, प्रेट्र। एनसीबी ने मुंबई के मलाड स्थित एक बेकरी में छापा मारकर गांजा और 830 ग्राम भांग वाला केक जब्त किया है। केंद्रीय एजेंसी ने इस मामले में एक महिला समेत तीन आरोपितों को गिरफ्तार भी किया है। एनसीबी का दावा है कि देश में पहली बार इस ट्रेंड का पर्दाफाश हुआ है। पहली बार यह मामला सामने आया है कि भांग का इस्तेमाल केक में मिलाकर भी किया जा रहा है। नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) के अधिकारियों ने रविवार को बताया कि शनिवार की रात बेकरी पर छापेमारी के दौरान वहां से भांग वाले केक व ब्राउनी जब्त किए गए। उनका वजन 830 ग्राम है। मौके से 35 ग्राम गांजा भी जब्त किया गया। इस दौरान एनसीबी ने जगत चौरसिया नामक एक संदिग्ध समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया। जगत मुख्य सप्लायर बताया जाता है और हिरासत में लिए जाने के बाद उसके पास से 125 ग्राम गांजा बरामद हुआ है। एनसीबी ने तीनों के खिलाफ एनडीपीएस कानून की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। अधिकारियों ने बताया कि युवाओं में भांग वाले केक व ब्राउनी खाने का नया ट्रेंड पनप रहा है। अधिकारियों का कहना है कि गांजा के बजाय भांग वाले केक युवाओं को लंबे समय तक प्रभावित करते हैं।

इधर, मुंबई के दहिसर पूर्व इलाके से एक चौंका देने वाली घटना सामने आयी है। यहां एक 28 वर्षीय महिला ने अपने प्रेमी की मदद से कथित तौर पर अपने पति की हत्‍या कर दी और उसके शव को रसोई में ही दफना दिया। इस घटना की जानकारी मृतक की 6 वर्षीय बेटी द्वारा अपने चाचा को दी जिसके बाद शिकायत दर्ज करवायी गई। पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया। महिला की पहचाना राशिदा शेख के तौर पर हुई है, जबकि उसके प्रेमी की पहचान अमित मिश्रा के रूप में हुई है। इस मामले की आरोपी महिला राशिदा को गिरफ्तार कर लिया गया। ये घटना दहिसर (पूर्वी) के रावल पाडा इलाके में 12 दिन पहले हुई थी, आरोपी महिला ने अपने प्रेमी की मदद से अपनी नाबालिग बेटी के सामने ही पति रईस शेख की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी थी। 

chat bot
आपका साथी