Maharashtra: अंटीलिया और मनसुख हत्या मामलों में एक और पुलिस अधिकारी गिरफ्तार

Maharashtra अंटीलिया के निकट विस्फोटक लदी स्कार्पियो खड़ी करने व इसी स्कार्पियो के कथित मालिक मनसुख हिरेन की हत्या के मामलों में राष्ट्रीय जांच एजेंसी ने शुक्रवार को मुंबई पुलिस के एक और इंस्पेक्टर सुनील माने को गिरफ्तार कर लिया।

By Sachin Kumar MishraEdited By: Publish:Fri, 23 Apr 2021 03:44 PM (IST) Updated:Fri, 23 Apr 2021 09:26 PM (IST)
Maharashtra: अंटीलिया और मनसुख हत्या मामलों में एक और पुलिस अधिकारी गिरफ्तार
एंटीलिया व मनसुख मामले में मुंबई पुलिस के एक और अधिकारी को एनआइए ने किया गिरफ्तार। फाइल फोटो

मुंबई, राज्य ब्यूरो। Maharashtra: मुकेश अंबानी के घर अंटीलिया के निकट विस्फोटक लदी स्कार्पियो खड़ी करने व इसी स्कार्पियो के कथित मालिक मनसुख हिरेन की हत्या के मामलों में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआइए) ने शुक्रवार को मुंबई पुलिस के एक और इंस्पेक्टर सुनील माने को गिरफ्तार कर लिया। विशेष एनआइए कोर्ट ने माने को 28 अप्रैल तक एनआईए की हिरासत में भेज दिया है। एनआइए का कोर्ट में कहना था कि सुनील माने मुकेश अंबानी की इमारत अंटीलिया के बाहर स्कार्पियो खड़ी किए जाने व मनसुख हिरेन की हत्या की साजिश में शामिल था। एनआइए को उसके इलेक्ट्रानिक गैजेट्स व काल रिकार्ड की जांच करनी है। इसलिए उसे हिरासत में रखने की जरूरत है। विशेष अदालत ने एनआइए के तर्क से सहमत होते हुए माने को उसकी हिरासत में भेज दिया।

सुनील माने भी मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच से संबंधित है। उक्त दोनों मामलों में गिरफ्तार होनेवाला वह तीसरा सेवारत पुलिस अधिकारी है। इससे पहले इस मामले के मुख्य आरोपित सचिन वाझे को व उसके साथी रियाजुद्दीन काजी को गिरफ्तार किया जा चुका है। इन तीनों के अलावा इस मामले में विनायक शिंदे व नरेश गोर को भी गिरफ्तार किया जा चुका है। विनायक शिंदे भी मुंबई पुलिस की सेवा में रहा है। उसे 2006 के एक मामले में आजीवन कारावास की सजा हो चुकी है। आरोप है कि अंटीलिया मामले में एनआइए के शक के दायरे में आने के बाद सचिन वाझे ने अपना मोबाइल फोन सुनील माने को दिया था।

सुनील माने ने यह फोन किसी और पुलिस इंस्पेक्टर को देकर उसके काल रिकार्ड डिलीट करवा दिए थे। इससे इन दोनों मामलों के कई महत्वपूर्ण सबूत नष्ट हो गए हैं। सुनील माने से इसी संबंध में पूछताछ की जानी है। 25 फरवरी को उद्योगपति मुकेश अंबानी की इमारत अंटीलिया के निकट के जिलेटिन की 20 छड़ें रखी स्कार्पियो खड़ी पाई गई थी। करीब एक सप्ताह बाद ही इस स्कार्पियो के कथित मालिक मनसुख हिरेन की हत्या हो गई थी। इन दोनों मामलों में मुंबई पुलिस के एपीआइ सचिन वाझे को मुख्य आरोपित बनाया गया है। वाझे को निलंबित भी किया जा चुका है। शुक्रवार को ही एनआइए कोर्ट ने वाझे व काजी की न्यायिक हिरासत पांच मई तक बढ़ा दी गई है। इन दोनों को रायगढ़ की तलोजा जेल में रखा गया है।

chat bot
आपका साथी