Maharashtra: संजय राठौर के बाद अब धनंजय मुंडे के इस्तीफे का मुद्दा गरमाने में जुटी भाजपा

Maharashtra महाविकास अघाड़ी सरकार के वनमंत्री संजय राठौर के इस्तीफे के बाद अब भाजपा एक और मंत्री धनंजय मुंडे के भी इस्तीफे का मुद्दा गरमाने लगी है। पंकजा मुंडे ने कहा कि इस मामले में भाजपा के विचार ही मेरे विचार हैं।

By Sachin Kumar MishraEdited By: Publish:Mon, 01 Mar 2021 09:27 PM (IST) Updated:Mon, 01 Mar 2021 09:27 PM (IST)
Maharashtra: संजय राठौर के बाद अब धनंजय मुंडे के इस्तीफे का मुद्दा गरमाने में जुटी भाजपा
संजय राठौर के बाद अब धनंजय मुंडे के इस्तीफे का मुद्दा गरमाने में जुटी भाजपा। फाइल फोटो

मुंबई, राज्य ब्यूरो। Maharashtra: महाराष्ट्र विधानमंडल के बजट सत्र से पहले महाविकास अघाड़ी सरकार के वनमंत्री संजय राठौर के इस्तीफे के बाद अब भाजपा एक और मंत्री धनंजय मुंडे के भी इस्तीफे का मुद्दा गरमाने लगी है। अब तक इस मामले में चुप रहीं धनंजय मुंडे की चचेरी बहन व वरिष्ठ भाजपा नेता पंकजा मुंडे ने कहा कि इस मामले में भाजपा के विचार ही मेरे विचार हैं। पिछले दिनों एक महिला ने महाविकास अघाड़ी सरकार के सामाजिक न्याय मंत्री धनंजय मुंडे पर एक महिला ने दुष्कर्म का आरोप लगाया था। यह आरोप लगने के बाद स्वयं धनंजय मुंडे ने सार्वजनिक रूप से स्वीकार किया था कि उनके संबंध आरोप लगाने वाली महिला से नहीं, बल्कि उसकी बड़ी बहन से रहे हैं। उससे उनके दो बच्चे भी हैं।

उन्होंने स्कूल में उन्हें अपना नाम दिया है और उनके लिए अचल संपत्तियां भी खरीदी हैं। धनंजय मुंडे के इस खुलासे के कुछ दिनों बाद ही आरोप लगाने वाली महिला ने पुलिस थाने में अपना हलफनामा देकर अपना आरोप वापस ले लिया था। लेकिन धनंजय मुंडे ने जिस महिला से अपने संबंधों का खुलासा किया था, उसके साथ अभी मुंडे का विवाद कोर्ट में लंबित है। उसने उनके खिलाफ राज्य पुलिस महानिदेशक को लिखित शिकायत भी की है।

यह मामला सामने आने के बाद से ही भाजपा ने उनके इस्तीफे की मांग शुरू कर दी थी। प्रदेश अध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल व प्रदेश उपाध्यक्ष चित्रा वाघ ने पूरे राज्य में धनंजय मुंडे के खिलाफ अभियान छेड़ दिया था। लेकिन उस समय धनंजय की चचेरी बहन पंकजा मुंडे का कोई बयान सामने नहीं आया था। लेकिन सोमवार को पंकजा मुंडे से एक बातचीत के दौरान जब प्रेस ने इस संबंध में उनसे पूछा तो उन्होंने कहा कि भाजपा के विचार ही उनके विचार हैं।

एक दिन पहले ही शिवसेना के एक मंत्री संजय राठौर एक महिला की आत्महत्या से नाम जुड़ने के बाद अपना इस्तीफा दे चुके हैं। माना जा रहा है कि बजट सत्र की शुरुआत से ठीक एक दिन पहले राठौर का इस्तीफा लेकर मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने विपक्ष के विरोध की धार कम करने की कोशिश की है। लेकिन विपक्ष धनंजय मुंडे के इस्तीफे की मांग करके अपना विरोध जारी रखना चाहता है।

chat bot
आपका साथी