MP weather Update: मध्य प्रदेश में मंगलवार से बढ़ जाएगी ठंड, रात के तापमान में होगी गिरावट

MP weather Updateउत्‍तर भारत के पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी के कारण रात का पारा गिरता जा रहा है। मंगलवार से उत्तर भारत की ओर से ठंडी हवाएं मैदानी क्षेत्रों की ओर चलेगी। राज्‍य के अधिकतर जिलों में तीन से चार डिग्री तक तापमान गिर सकता है।

By Babita KashyapEdited By: Publish:Mon, 25 Oct 2021 01:44 PM (IST) Updated:Mon, 25 Oct 2021 01:44 PM (IST)
MP weather Update: मध्य प्रदेश में मंगलवार से बढ़ जाएगी ठंड, रात के तापमान में होगी गिरावट
अधिकतर जिलों में रात के तापमान में तीन से चार डिग्री की गिरावट दर्ज की जा सकती है।

भोपाल, जेएनएन। जम्मू-कश्मीर में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ की वजह से उत्‍तर भारत के पहाड़ों में खूब बर्फबारी हो रही है। मौसम विभाग का कहना है कि ये सिस्‍टम उत्‍तर भारत की ओर बढ़ता जाएगा। उसके बाद हवा का रुख उत्‍तरी हो जाएगा। इसके बाद उत्‍तर भारत की ओर से चलने वाली सर्द हवाओं के कारण भोपाल समेत मध्‍य प्रदेश के अधिकतर जिलों में रात के तापमान में तीन से चार डिग्री की गिरावट दर्ज की जा सकती है।

मौसम विभाग का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ की वजह से पाकिस्तान के मध्य में एक प्रेरित चक्रवात भी बना हुआ है। जिसकी वजह से राज्‍य में चलने वाली हवाओं का रुख दक्षिण और पश्चिम की ओर बना हुआ है। इसकी वजह से तापमान में अपेक्षित गिरावट दर्ज नहीं हो रही है। बता दें कि रविवार को भोपाल का अधिकतम तापमान 31.3 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया गया जो सामान्‍य था। जबकि शनिवार को अधिकतम तापमान (29.7 डिग्री से.) की तुलना में 1.6 डिग्री से. ज्‍यादा दर्ज हुआ था।

पूर्व वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अजय शुक्ला के अनुसार उत्तर भारत पर सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ की सोमवार को उत्‍तर भारत से आगे बढ़ने की संभावना है। इसके आगे अग्रसर होते ही पाकिस्‍तान के मध्‍य हिस्‍से में बना प्रेरित चक्रवात खत्‍म हो जाएगा। इसके बाद हवाओं का रुख उत्‍तरी हो जाएगा। बीते तीन दिनों से उत्‍तर भारत के पहाड़ों पर अच्‍छी खासी बर्फबारी हो रही है। पहाड़ों पर लगातार जारी बर्फबारी के कारण उत्‍तर भारत के तापमान में गिरावट आ रही है जिससे ठंड बढ़ जाएगी। मौसम विभाग का कहना है कि मंगलवार से उत्तर भारत की ओर से ठंडी हवाएं मैदानी क्षेत्रों की ओर चलेगी। जिससे न्‍यूनतम तापमान में गिरावट आने के पूरे आसार हैं।

chat bot
आपका साथी