Kamal Nath In Delhi: सोनिया गांधी से मिलने के बाद कमल नाथ ने फिर कहा, नहीं छोडूंगा मध्य प्रदेश

Kamal Nath In Delhi कमल नाथ ने नई दिल्ली में पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात की। उन्होंने फिर दोहराया कि वे मध्य प्रदेश नहीं छोड़ेंगे। कहा कि एक व्यक्ति एक पद की व्यवस्था के तहत पार्टी अध्यक्ष जो भी फैसला करें उन्हें कोई आपत्ति नहीं है।

By Sachin Kumar MishraEdited By: Publish:Mon, 22 Nov 2021 08:12 PM (IST) Updated:Mon, 22 Nov 2021 08:50 PM (IST)
Kamal Nath In Delhi: सोनिया गांधी से मिलने के बाद कमल नाथ ने फिर कहा, नहीं छोडूंगा मध्य प्रदेश
सोनिया गांधी से मिलने के बाद कमल नाथ ने फिर कहा, नहीं छोडूंगा मध्य प्रदेश। फाइल फोटो

भोपाल, जेएनएन। मध्य प्रदेश के कांग्रेस अध्यक्ष कमल नाथ ने सोमवार को नई दिल्ली में पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात की। इसके बाद मीडिया से चर्चा में उन्होंने फिर दोहराया कि वे मध्य प्रदेश नहीं छोड़ेंगे। कमल नाथ ने कहा कि एक व्यक्ति, एक पद की व्यवस्था के तहत पार्टी अध्यक्ष जो भी फैसला करें, उन्हें कोई आपत्ति नहीं है। कमल नाथ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष होने के साथ ही विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष भी हैं। वे नेता प्रतिपक्ष पद के लिए किसी अन्य नेता का चयन करने के लिए आपसी सहमति बनाने की बात पहले ही कह चुके हैं। कमल नाथ के राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया से मुलाकात के बारे में पार्टी सूत्रों ने बताया कि उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारी और प्रदेश में चल रहे सदस्यता अभियान की उन्हें जानकारी दी। साथ ही, महंगाई, बेरोजगारी सहित अन्य उठाए जाने वाले मुद्दों पर भी चर्चा की। उन्होंने तीनों कृषि कानूनों को वापस लिए जाने के निर्णय और किसानों के संघर्ष में पार्टी द्वारा पूरी दमदारी से खड़े रहने को लेकर सोनिया गांधी को बधाई दी।

महिला कांग्रेस की समीक्षा करेंगे कमल नाथ, निष्क्रिय पदाधिकारियों की होगी छुट्टी

प्रदेश कांग्रेस कमेटी मंगलवार से अपने सहयोगी संगठनों की समीक्षा का दौर शुरू करेगी। सबसे पहले प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमल नाथ महिला कांग्रेस के कामकाज की समीक्षा करेंगे। इसमें आगामी कार्ययोजना तैयार करने के साथ कार्यकारिणी के विस्तार को लेकर चर्चा होगी। संगठन से निष्क्रिय पदाधिकारियों की छुट्टी भी की जाएगी। 24 नवंबर को आदिवासी कांग्रेस और 26 नवंबर को पार्टी के अनुसूचित जाति विभाग की बैठक बुलाई गई है।प्रदेश कांग्रेस ने वर्ष 2023 में होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारी प्रारंभ कर दी है। इसके लिए जिला प्रभारी पहले ही नियुक्त किए जा चुके हैं और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पिछले दिनों इनके साथ बैठक भी कर चुके हैं। सभी पदाधिकारियों को नगरीय निकाय और पंचायत चुनाव की तैयारी करने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, सहयोगी संगठनों को सक्रिय करने के लिए मंगलवार से समीक्षा प्रारंभ की जा रही है। इसकी शुरुआत महिला कांग्रेस से होगी। इसमें प्रदेश अध्यक्ष डा.अर्चना जायसवाल अब तक संगठन द्वारा संचालित गतिविधियों की जानकारी देंगी। इसके लिए उन्होंने संभागवार जानकारी तैयार कराई है। बैठक में संगठन के आगामी कार्यक्रमों पर चर्चा की जाएगी। वहीं, ऐसे पदाधिकारी, जो पारिवारिक या अन्य कारणों से संगठन को पूरा समय नहीं दे पा रहे हैं, उन्हें हटाकर नई नियुक्तियां की जाएंगी। प्रदेश कार्यकारिणी का विस्तार भी किया जाना है। इस पर भी बैठक में चर्चा होगी। वहीं, 24 नवंबर को आदिवासी कांग्रेस और 26 नवंबर को अनुसूचित जाति विभाग की बैठक बुलाई गई है। इसमें दोनों वर्गो के विधायक, 2018 का चुनाव लड़े प्रत्याशी, प्रदेश, जिला और ब्लाक कांग्रेस के पदाधिकारी हिस्सा लेंगे।

आदिवासियों का बड़ा सम्मेलन करेगी कांग्रेस

जनजातीय गौरव दिवस पर आयोजित महासम्मेलन की तर्ज पर कांग्रेस भी आदिवासियों का ब़़डा सम्मेलन आयोजित करेगी। बड़वानी में एक आयोजन हो चुका है। अब महाकोशल क्षेत्र में सम्मेलन की तैयारी है। इसकी कार्ययोजना पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष 24 नवंबर को आदिवासी कांग्रेस के पदाधिकारियों से चर्चा करेंगे। साथ ही, ग्राम चौपाल, जनजागरण यात्रा सहित अन्य कार्यक्रमों में स्थानीय व्यक्तियों की भागीदारी बढ़ाने के लिए संगठन को सक्रिय किया जाएगा।

chat bot
आपका साथी