World AIDS Day 2021: एड्स और एचआईवी में क्या है अंतर, कैसे होते हैं इसके लक्षण?

World AIDS Day 2021 एचआईवी एक वायरस है जो शरीर की प्रतिरक्षा प्रणाली में सफेद रक्त कोशिका के एक प्रकार पर हमला करता है। एचआईवी पॉजिटिव पाए जाने के बाद रोगी के लिए मामूली चोट या बीमारी से उबरना भी मुश्किल हो जाता है।

By Ruhee ParvezEdited By: Publish:Wed, 01 Dec 2021 09:48 AM (IST) Updated:Wed, 01 Dec 2021 10:48 AM (IST)
World AIDS Day 2021: एड्स और एचआईवी में क्या है अंतर, कैसे होते हैं इसके लक्षण?
एड्स और एचआईवी में क्या है अंतर, कैसे होते हैं इसके लक्षण?

नई दिल्ली, लाइफस्टाइल डेस्क। World AIDS Day 2021: हर साल दुनियाभर में एक दिसंबर को विश्व एड्स दिवस मनाया जाता है, ताकि लोगों को इस लाइलाज बीमारी के बारे में जागरुक किया जा सके। एड्स ह्यूमन इम्यूनो डेफिशियेंसी (HIV) वायरस के संक्रमण की वजह से होता है। साल 1995 में अमेरिका के राष्ट्रपति ने विश्व एड्स दिवस के लिए एक आधिकारिक घोषणा की थी, जिसके बाद से दुनिया भर में यह दिन जागरुकता पैदा करने के लिए मनाया जाने लगा।

क्या है एचआईवी और एड्स में अंतर

एचआईवी एक वायरस है, जो शरीर की प्रतिरक्षा प्रणाली में सफेद रक्त कोशिका के एक प्रकार पर हमला करता है। एचआईवी पॉजिटिव पाए जाने के बाद रोगी के लिए मामूली चोट या बीमारी से उबरना भी मुश्किल हो जाता है। हमारा शरीर कई वायरस से लड़ने में सक्षम है, लेकिन एचआईवी संक्रमण किसी भी बीमारी से लड़ने की शरीर की क्षमता को कम कर देता है। एचआईवी एक ऐसा वायरस है जिससे कभी भी शरीर को मुक्त नहीं किया जा सकता है।

दूसरी ओर, एड्स एक बीमारी है जो कई लक्षणों का कारण बनती है। एचआईवी से संक्रमित व्यक्ति में तब एड्स के लक्षण विकसित होने की संभावना बढ़ जाती है, जब वे एचआईवी का सही समय और सही तरीके से इलाज नहीं करते। एक व्यक्ति को एड्स विकसित किए बिना एचआईवी हो सकता है, हालांकि एचआईवी के बिना एड्स से पीड़ित होना संभव नहीं है।

एचआईवी क्या है?

हमारे शरीर में सीडी 4 कोशिकाएं या टी कोशिकाएं हैं, जो हमें तंदरुस्त रखती हैं। एचआईवी इन कोशिकाओं पर हमला करता है और उनकी संख्या को कम करता है। इससे व्यक्ति बैक्टीरिया और वायरस का शिकार बन जाता है। एंटीरेट्रोवायरल ड्रग थेरेपी की मदद से सीडी 4 कोशिकाओं के विनाश को नियंत्रित किया जा सकता है। आप स्तन के दूध, योनि द्रव, वीर्य और रक्त के सीधे संपर्क में आने से एचआईवी से संक्रमित हो सकते हैं। वायरस आमतौर पर एक व्यक्ति से दूसरे व्यक्ति में संभोग के ज़रिए, गर्भावस्था के दौरान मां से बच्चे के संक्रमण और एक इंजेक्शन का उपयोग कई लोगों के लिए करने से हो सकता है।

एचआईवी के लक्षण

एचआईवी से संक्रमित व्यक्ति को ऐसा लगता है कि वह फ्लू से पीड़ित है। शुरुआती लक्षणों में थकान, सिरदर्द, बुखार, चकत्ते, रात में पसीना आना और गर्दन, कमर व लिम्फ नोड्स में सूजन शामिल हैं।

एड्स क्या है?

जब एचआईवी का इलाज नहीं किया जाता है, तो इससे एड्स हो सकता है। एड्स एचआईवी का तीसरा और सबसे उन्नत चरण है। एक व्यक्ति जिसका एचआईवी का इलाज नहीं किया गया है, उसमें एड्स विकसित होने की संभावना बढ़ जाती है। एड्स होने से पहले एक व्यक्ति लगभग 10 से 15 साल तक एचआईवी वायरस के साथ रह सकता है।

एड्स के लक्षण

-रात में सोते वक्त पसीना आना

- तनाव

- याददाश्त में कमी

- अचानक वज़न कम होना

- बार-बार बुखार आना

- निमोनिया

- त्वचा, नाक, पलकें या मुंह पर धब्बे

- बिना किसी कारण के थकान महसूस होना।

Disclaimer:लेख में उल्लिखित सलाह और सुझाव सिर्फ सामान्य सूचना के उद्देश्य के लिए हैं और इन्हें पेशेवर चिकित्सा सलाह के रूप में नहीं लिया जाना चाहिए। कोई भी सवाल या परेशानी हो तो हमेशा अपने डॉक्टर से सलाह लें।

chat bot
आपका साथी