जानें, लंबे समय तक मास्क पहनने से गले में खराश क्यों होती है और कैसे करें बचाव

लंबे समय तक मास्क पहनने से लोगों को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इनमें एक्ने चेहरे पर दाग और चश्मे का धुंधला होना प्रमुख हैं। जबकि कुछ लोगों को गले में खराश की समस्या भी होती है।

By Umanath SinghEdited By: Publish:Sun, 27 Sep 2020 01:58 PM (IST) Updated:Sun, 27 Sep 2020 06:56 PM (IST)
जानें, लंबे समय तक मास्क पहनने से गले में खराश क्यों होती है और कैसे करें बचाव
अपने पास एक से अधिक मास्क रखें और बारी-बारी से उनका इस्तेमाल करें

नई दिल्ली, लाइफस्टाइल डेस्क। कोरोना वायरस के संक्रमण से बचने के लिए मास्क सबसे बड़ा सुरक्षा कवच है। कई शोधों से पता चलता है कि मास्क कोरोना वायरस के संक्रमण को 50 फीसदी तक कम करता है। आसान शब्दों में कहें तो मास्क पहनने से संक्रमण का खतरा कम हो जाता है। इसके लिए विश्व स्वास्थ्य संगठन और रोग नियंत्रण और रोकथाम केंद्र ने कई गाइडलाइंस जारी की हैं। इनमें संक्रमण से बचने और फैलने से रोकने के लिए मास्क पहनना अनिवार्य बताया गया है। साथ ही मास्क पहनने के सही तरीके को भी बताया गया है।

हालांकि, लंबे समय तक मास्क पहनने से लोगों को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इनमें एक्ने, चेहरे पर दाग और चश्मे का धुंधला होना प्रमुख हैं। जबकि कुछ लोगों को गले में खराश की समस्या भी होती है। इस विषय को लेकर लोग असमंजस में रहते हैं कि क्या मास्क पहनने के बाद भी गले में खराश होना, कहीं कोरोना वायरस संक्रमण के लक्षण तो नहीं हैं। आइए जानते हैं कि क्यों लंबे समय तक मास्क पहनने से गले में खराश होती है और बचाव कैसे करें -

मास्क पहनने से गले में खराश क्यों होती है

कोरोना वायरस संक्रमण से बचने के प्रमुख सुरक्षा कवच मास्क पहनना, शारीरिक दूरी का ख्याल रखना, अनजान चीजों को न छूना और साफ़ सफाई हैं। लोग इन नियमों का पालन भी कर रहे हैं। हालांकि, जब बात मास्क की आती है, तो लोग एक मास्क को लंबे समय तक इस्तेमाल करते हैं। इससे न केवल मास्क गंदे हो जाते हैं बल्कि मास्क पर धूल, कीटाणु और जीवाणु भी जमा हो जाते हैं और जब हम सांस लेते हैं, तो सांसों के माध्यम से ये शरीर में प्रवेश कर जाते हैं, जिनसे एलर्जी का खतरा बढ़ जाता है। इस वजह से लंबे समय तक मास्क पहनने से गले में खराश की शिकायत होती है। साथ ही मास्क पहने लोग एक-दूसरे से तेज आवाज में बातचीत करते हैं, ताकि दोनों को बातें सुनाई दें। इससे गले पर अतिरिक्त दवाब पड़ता है। इससे भी गले में खराश हो सकती है।

बचाव कैसे करें

अगर कोई व्यक्ति लंबे समय तक एक ही मास्क का इस्तेमाल करता है, तो व्यक्ति को गले में खराश की शिकायत हो सकती है। जिस तरह हम अपने हाथ, कपड़े और अन्य चीजों को धोते हैं। ठीक उसी तरह कीटाणु और जीवाणुओं से बचने के लिए मास्क को नियमित अंतराल पर जरूर धोएं।

इसके लिए मास्क को हर बार यूज़ करने के बाद गर्म पानी और साबुन से धोएं। इसके बाद उसे धूप में सुखाएं। अपने पास एक से अधिक मास्क रखें और बारी-बारी से उनका इस्तेमाल करें। अपने मास्क को बार-बार छूने से बचें। साथ ही मास्क पहनने से पहले और हटाने के बाद अपने हाथों को जरूर धोएं।

डिस्क्लेमर: स्टोरी के टिप्स और सुझाव सामान्य जानकारी के लिए हैं। इन्हें किसी डॉक्टर या मेडिकल प्रोफेशनल की सलाह के तौर पर नहीं लें। बीमारी या संक्रमण के लक्षणों की स्थिति में डॉक्टर की सलाह जरूर लें।

chat bot
आपका साथी