सर्दियों में चुस्त-दुरुस्त बने रहने के लिए, इन 5 चीज़ों को करें अपनी डाइट में शामिल

सर्दी के मौसम में आपकी सेहत दुरुस्त बनी रहेगी तो आप कई प्रकार की शारीरिक समस्याओं से भी बची रहेंगी। जिसमें खानपान का है अहम रोल तो जानते हैं क्या खाकर रहें इस मौसम में हेल्दी।

By Priyanka SinghEdited By: Publish:Mon, 16 Dec 2019 10:43 AM (IST) Updated:Mon, 16 Dec 2019 10:43 AM (IST)
सर्दियों में चुस्त-दुरुस्त बने रहने के लिए, इन 5 चीज़ों को करें अपनी डाइट में शामिल
सर्दियों में चुस्त-दुरुस्त बने रहने के लिए, इन 5 चीज़ों को करें अपनी डाइट में शामिल

यह तो आपको पता ही है कि हमें स्वस्थ रखने में हमारा खानपान बहुत महत्व रखता है। अगर आप अपने खानपान पर थोड़ा सा ध्यान दें तो सर्दी के मौसम में आपकी सेहत दुरुस्त बनी रहेगी साथ ही कई प्रकार की शारीरिक समस्याओं से भी बची रहेंगी। हेल्थ एक्सप‌र्ट्स का कहना है कि खानपान में थोड़ा सा परिवर्तन करने से हमारा इम्यून सिस्टम भी मजबूत होगा।

मशरूम

यह तो हम सभी को पता ही है कि हमारे शरीर को विटामिन डी की प्राप्ति सूरज की किरणों से होती है। इसके अलावा यह विटामिन मशरूम में भी पाया जाता है। इतना ही नहीं मशरूम सेलेनियम, पोटैशियम, प्रोटीन, फाइबर, विटामिन बी और सी का भी बढ़िया स्रोत है। इसलिए इसके सेवन से शरीर का रोग-प्रतिरोधक तंत्र काफी मजबूत रहता है। इसमें पाए जाने वाले पोषक तत्व जैसे कई प्रकार की शारीरिक समस्याओं से राहत दिलाते हैं। इसमें फोलेट भी पाया जाता है। यह पोषक तत्व गर्भवती महिलाओं के लिए काफी फायेदमंद होता है। इसमें मौजूद अन्य फाइटोन्यूट्रिएंट्स शरीर में मौजूद लाल रक्त कणिकाओं को मजबूत बनाते हैं। मशरूम के सेवन से ब्रेन को भी पावर मिलती है। यह याददाश्त बढ़ाने और सीखने की क्षमता को मजबूत करता है। 

शकरकंद

यह बीटाकैरोटिन से भरपूर होती है। बीटाकैरोटिन विटामिन ए का बढि़या स्रोत होता है। इसके सेवन से वजन कम करने में भी मदद मिलती है साथ ही इम्यून सिस्टम भी मजबूत होता है। इसमें मौजूद विटामिन ए पाचन तंत्र को सही रखने में मदद करता है। शकरकंद में विटामिंस, मिनरल्स, एंटीऑक्सीडेंट्स और फाइबर भरपूर मात्रा में पाए जाते हैं। इसमें विटामिन ए, बी-6, सी और पोटैशियम, मैंग्नीज, कॉपर, नियासिन, पैंटोथेनिक एसिड पाया जाता है। इसमें दो प्रकार के फाइबर पाए जाते हैं- सॉल्यूबल और इनसॉल्यूबल। ये पाचनतंत्र को सही रखने में और शरीर से हानिकारक तत्वों को बाहर निकालने में मदद करते हैं। इसमें पाया जाने वाला बीटाकैरोटिन आंखों के लिए फायदेमंद रहता है। यह आंखों की रोशनी को सही बनाए रखने में मदद करता है। इसमें मौजूद एंथोसियानिंस ब्रेन के लिए बहुत लाभदायक होता है। 

सरसों का तेल

भारतीय रसोई में सरसों के तेल को प्रमुखता से शामिल किया जाता है। कारण, इसे सेहत के लिए बहुत फायदेमंद माना जाता है। शोध-अध्ययनों से पता चला है कि इसमें मौजूद ओमेगा-3 फैटी एसिड बैड कोलेस्ट्राल को घटाने के साथ ही गुड कोलेस्ट्रॉल को बढ़ाने का काम करता है। इसमें फैटी एसिड का संतुलित अनुपात हृदय रोग की आशंका को काफी हद तक कम कर देता है। यह मेटाबॉलिज्म की प्रक्रिया को भी दुरुस्त रखता है। इतना ही नहीं, इसमें कई ऐसे पोषक तत्व मौजूद होते हैं, जो मांसपेशियों, त्वचा और बालों के लिए भी फायदेमंद साबित होते हैं। मालिश के लिए भी इसका इस्तेमाल किया जाता है।

अलसी

अलसी को विश्व के टॉप हेल्दी फूड्स में यू नहीं शुमार किया गया है। इसमें पाए जाने वाले पोषक तत्वों की वजह से इसे सुपरफूड में शामिल किया गया है। इसमें सबसे प्रमुख रूप से ओमेगा-3 फैटी एसिड पाया जाता है, जो हमारे इम्यून सिस्टम को दुरुस्त रखने में बहुत मदद करता है। ओमेगा 3 फैटी एसिड्स को पावरफुल एंटी इनफ्लेमैटरी फूड कहा जाता है। अलसी के सेवन से हृदयरोग, डायबिटीज आदि होने की आशंका काफी कम हो जाती है। यह दांतों के लिए भी फायदेमंद होती है। सबसे खास बात यह है कि जोड़ों के दर्द से आराम पाना है तो अलसी का सेवन जरूर करें। इसमें फाइबर, प्रोटीन, विटामिंस और मिनरल्स काफी मात्रा में पाए जाते हैं। इसमें विटामिन बी 1, बी 6 के साथ ही फोलेट, कैल्शियम, आयरन, मैग्नीशियम, फॉस्फोरस, पोटेशियम आदि पाया जाता है। इसमें लिगनंस नामक पोषक तत्व भी प्रचुर मात्रा में पाया जाता है। यह एक प्रकार का फाइबर होता है, जो पाचनतंत्र को सही रखता है। अलसी हमारी त्वचा को भी पोषण देती है। इसमें पाया जाने वाला कोलाइन नामक पोषक तत्व ब्रेन को हेल्दी रखने में बहुत मदद करता है। इसको कटे हुए फलों और सलाद में डालकर खा सकते हैं। इसके लड्डू बनाए जा सकते हैं। दही के साथ भी इसका सेवन फायदेमंद रहता है। सुबह नाश्ते के दौरान इसको अन्य फूड में मिलाकर खा सकते हैं। यह खून की कमी को दूर करने के साथ ही ब्लड प्रेशर सही रखने और ब्लड शुगर के लेवल को दुरुस्त रखने में मदद करती है। इसके सेवन से भूख कम लगती है। 

हरी सब्जियां

आजकल के मौसम में बाजार में विभिन्न प्रकार की हरी पत्तेदार सब्जियां बहुतायत में मौजूद रहती हैं। इनमें पाए जाने वाले पोषक तत्व हमारे इम्यून सिस्टम को मजबूत बनाने में काफी मदद करते हैं। इनके सेवन से विटामिन सी भी काफी मात्रा में प्राप्त होता है। यह शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत करने के साथ ही विभिन्न प्रकार की शारीरिक समस्याओं को दूर रखने में मदद करता है। हरी सब्जियां विटामिंस, मिनरल्स और फाइबर का अच्छा स्रोत होती हैं। हालांकि इनमें कैलोरी काफी कम मात्रा में पाई जाती है। इनके सेवन से मोटापा दूर होता है साथ ही ये हृदय संबंधी समस्याओं, ब्लड प्रेशर को सही रखने और मेंटल हेल्थ को दुरुस्त रखने में मदद करती हैं। इनमें विटामिन ए, बी, सी, ई व के आदि पाया जाता है। इनके सेवन से पाचन तंत्र भी सही रहता है। इनमें कैल्शियम, पोटेशियम आदि खनिज तत्व पाए जाते हैं तो हमें स्वस्थ रखने में बहुत मदद करते हैं।

निहारिका

chat bot
आपका साथी