गोबर गांव की महिलाओं ने 72 घंटे बाद फिर घेरा जगन्नाथपुर थाना

गोबरगांव और राजाबासा गांव के बीच बिजली के तार खींचने और पोल गाड़ने को लेकर हुई मारपीट का मामला पुलिस के लिए सिरदर्द बन गया है।

By JagranEdited By: Publish:Mon, 17 May 2021 08:11 PM (IST) Updated:Mon, 17 May 2021 08:11 PM (IST)
गोबर गांव की महिलाओं ने 72 घंटे बाद फिर घेरा जगन्नाथपुर थाना
गोबर गांव की महिलाओं ने 72 घंटे बाद फिर घेरा जगन्नाथपुर थाना

संवाद सूत्र, जगन्नाथपुर : गोबरगांव और राजाबासा गांव के बीच बिजली के तार खींचने और पोल गाड़ने को लेकर हुई मारपीट का मामला पुलिस के लिए सिरदर्द बन गया है। 72 घंटे के बाद सोमवार को एक बार फिर गांव की 40 से ज्यादा महिलाओं ने जगन्नाथपुर थाना का घेराव कर दिया। महिलाएं थाना परिसर में करीब दो घंटे तक डटी रहीं। महिलाओं ने कहा कि जिस तरह से इस मारपीट प्रकरण में दोनों गांव के तरफ से दर्ज प्राथमिकी के आधार पर पुलिस ने गोबरगांव के दो लोगों को पकड़ कर जेल भेजा है, उसी तरह राजाबासा गांव के भी प्राथमिकी आरोपितों को पुलिस जल्द से जल्द पकड़ कर जेल भेजे। महिलाओं ने एक अनुरोध पत्र जगन्नाथपुर थाना प्रभारी को सौंपा और राजाबासा के प्राथमिकी आरोपितों को 24 घंटे के अंदर गिरफ्तार कर जेल भेजने की मांग की है। मारपीट में दोनों ही गांव के लगभग दो दर्जन महिला-पुरुष घायल हुए थे। घटना विगत 12 मई की है। मामले में दोनों ही गांव के लोगों ने कई नामजद अभियुक्त सहित अन्य के खिलाफ मारपीट का मामला दर्ज कराया है। विगत 15 मई को पुलिस ने गोबरगांव के दो लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। जानकारी होने पर 15 मई को ही गिरफ्तारी के विरोध में गोबरगांव के ग्रामीणों ने थाना का घेराव किया था। घेराव के दौरान अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी इंकुड डुंगडुंग ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया था कि 24 घंटे के अंदर राजाबासा गांव के भी प्राथमिकी आरोपियों को पुलिस गिरफ्तार कर जेल भेजेगी। इस बीच किसी तरह की कार्रवाई नहीं होने से गोबर गांव की महिलाएं उखड़ी हुई हैं। महिलाओं ने अल्टीमेटम दिया है कि पुलिस 24 घंटे के अंदर राजाबासा गांव के दोषी लोगों को नहीं पकड़ेगी तो वे सड़क पर उतरने को बाध्य होंगी। महिलाएं सोमवार को दोपहर तीन बजे से शाम साढ़े छ: बजे तक थाना में डटे रहीं। इस दौरान पुलिस की ओर से अनुरोध पत्र की रिसिविग नहीं दिए जाने पर भी महिलाओं ने नाराजगी जताई। कहा कि रिसिविग के बिना वे थाना से नहीं हिलेंगी। इसके बाद फिर आपसी सहमति से पुलिस से प्राप्त रिसिविग लेकर महिलाएं अपने गांव चली गईं। थाना प्रभारी देवसाय भगत ने कहा कि पुलिस लगातार राजाबासा के आरोपितों को पकड़ने के लिए लगी हुई है किन्तु गांव में आरोपित नहीं मिलते हैं। जल्द ही उनकी गिरफ्तारी होगी।

chat bot
आपका साथी