लड़कियों को तमिलनाडु ले जा रहा एजेंट सूरज कुमार सिंह गिरफ्तार, गया जेल
पश्चिम सिंहभूम जिला की लड़कियों को काम के लिए तमिलनाडु ले जा रहे एजेंट सूरज कुमार सिंह को पुलिस ने गिरफ्तार कर मंगलवार को जेल भेज दिया है। उसके खिलाफ आहतू थाना में मामला दर्ज किया गया है।
संवाद सहयोगी, चाईबासा : पश्चिम सिंहभूम जिला की लड़कियों को काम के लिए तमिलनाडु ले जा रहे एजेंट सूरज कुमार सिंह को पुलिस ने गिरफ्तार कर मंगलवार को जेल भेज दिया है। उसके खिलाफ आहतू थाना में मामला दर्ज किया गया है। सोमवार की रात चाईबासा बस स्टैंड से बरामद की गई लड़कियों में से कुछ को पुलिस ने उनके घर देर रात वाहनों के सहारे पहुंचा दिया। साथ ही परिवार के मुखिया के द्वारा शपथ पत्र भी भरवाया गया कि बिना निबंधन बच्चों को काम के लिए बाहर नहीं भेजना है। वहीं आहतू थाना पुलिस ने जानकारी दिया कि इन लड़कियों को ले जाने में मुख्य भूमिका उत्तर प्रदेश के सूरज कुमार सिंह की रही। उसे पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया है। बस चालक और खलासी को पूछताछ के बाद छोड़ दिया गया क्योंकि लड़कियों को ले जाने के लिए सूरज के द्वारा ही बस को भाड़ा देकर लाया गया था। वहीं तमिलनाडु की कपड़ा कंपनी के ऊपर भी मामला दर्ज किया गया है। कंपनी के द्वारा झारखंड सरकार से बिना निबंधन कराए ही दूसरे राज्य मजदूरों को ले जाया जा रहा था। 16 लड़कियों में से आधार कार्ड के अनुसार दो नाबालिग युवती भी शामिल थीं। सोमवार को देर रात चाईबासा बस स्टैंड के सामने जमा होकर एक साथ 16 लड़कियां तमिलनाडु कपड़ा कंपनी में काम करने के लिए जा रहीं थीं। इसी दौरान सदर थाना पुलिस को इसकी जानकारी मिली। पुलिस ने बस स्टैंड पहुंचकर लड़कियों से पूछताछ करते हुए सभी को रोक लिया। इसके बाद रात 11.30 बजे तामिलनाडु से लड़कियों को लेने से लिए जैसे ही बस चाईबासा पहुंची पुलिस ने उसे भी जप्त कर लिया। रात में लड़कियों को बालिका आश्रय गृह में रखा। जबकि गाड़ी के चालक, खलासी व एक एजेंट सुरज कुमार सिंह को पकड़कर पुलिस थाना ले आई। मंगलवार को मामले की पड़ताल कर बची हुई लड़कियों के परिजनों से संपर्क करते हुए सभी को थाना बुलाया गया। लेकिन कुछ अधिक गरीब परिवार होने के कारण सभी थाना नहीं पहुंच पाए। इसके बाद पुलिस तमिलनाडु के वाहन में ही लड़कियों को बैठाकर महिला पुलिस पदाधिकारी व पुरुष पुलिस पदाधिकारियों की निगरानी में सभी को उनके घर तक देर रात में पहुंचाया गया।