टेंपो पटलने से एक वर्षीय बच्चे की मौत
पश्चिम सिंहभूम के जगन्नाथपुर-जैंतगढ़ सड़क के पुकाम गांव में एक टेंपो पलटने से उसमे सवार एक वर्षीय बालक की घटना स्थल पर ही मौत हो गई।
संवाद सूत्र, जगन्नाथपुर : पश्चिम सिंहभूम के जगन्नाथपुर-जैंतगढ़ सड़क के पुकाम गांव में एक टेंपो पलटने से उसमे सवार एक वर्षीय बालक की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। वहीं टेंपो में सवार मालुका और चांपुआ घाघरबेड़ा के रहने वाले एक ही परिवार के करीब 12 लोग घायल हो गए। जबकि इस घटना में दो मासूम बच्चों समेत 3 लोग बाल-बाल बच गए। घटना रविवार रात लगभग नौ बजे की है। घटना की सूचना करीब 10.30 बजे 108 एंबुलेंस को हुई। सूचना मिलते ही एंबुलेंस पुकाम गांव पहुंची और घायलों सहित सभी लोगों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। यहां चिकित्सक ने एक वर्षीय बच्चा अमीर कालिंदी को मृत घोषित कर दिया। जबकि अन्य घायलों का प्राथमिक उपचार किया गया।
रिश्तेदार के क्रियाकर्म में शामिल होने गए थे सभी लोग
घटना की सूचना मिलने पर जगन्नाथपुर थाना के अवर निरीक्षक व सहायक अवर निरीक्षक नंदकिशोर सिंह सहित अन्य पहुंचे और घटना की जानकारी ली। घटना के संबंध में जानकारी देते हुए घायलों ने बताया कि चांपुआ से एक टेंपो किराया पर लेकर घाघरबेड़ा से मालुका के कालिंदी बस्ती के सभी लोग एक रिश्तेदार के क्रियाकर्म में शामिल होने आए थे। सभी लोग कार्यक्रम के बाद उसी टेंपो से करीब सात बजे शाम को मालुका से घाघरबेड़ा के लिए निकले। टेंपो में छह छोटे-बड़े बच्चे सहित करीब 16 लोग सवार थे। पुकाम गांव के पास जैसे ही टेंपो पहुंची टेंपो चालक ने अपना संतुलन खो दिया और टेंपो दो बार पलटी मारते हुए गिर गई। घटना में कई बच्चे व लोग टेंपो से बाहर छिटक कर गिर गए। जिसमें घाघरबेड़ा निवासी प्रोसन्नो कालिंदी का करीब एक वर्ष का बेटा अमीर कालिदी भी सवार था। वह मां की गोद में सोया हुआ था। टेंपो के पलटी खाते ही मां- बेटा छिटक कर अलग-अलग दूर सड़क पर जा गिरे। घटना से आमीर के सिर पर गंभीर चोट आई है, उसका सिर फट गया। इधर, जब अमीर को स्वास्थ्य केंद्र लाया गया तो चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। जबकि घटना में प्रोसन्नो कालिंदी व बच्चे की मा पुष्पा कालिंदी को अंदरूनी चोट आई है। वहीं अन्य दो बच्चे भी छिटक कर गिर गए, कितु वे बाल- बाल बच गए। उन्हें भी मामूली चोटें आईं। जबकि अन्य 8 लोगों को सिर, चेहरा, हाथ, पैर सहित अन्य हिस्से में चोट लगी है। घटना के बाद टेंपो का चालक फरार हो गया। वहीं मृत बच्चा अमीर के माता-पिता व अन्य रिश्तेदारों का रो-रोकर हाल बुरा था। मृतक के माता और पिता ने बताया कि उनका एक ही बेटा था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सभी लोगों को स्वास्थ्य केंद्र में ठहरने की व्यवस्था करवाई।
------------------------
ये हुए घायल
पार्वती कालिंदी (घाघरबेड़ा)
राजेश कालिदी (चांपुआ)
काजल कालिदी (मालुका)
गुरा कालिदी (मालुका)
निपुल कालिदी (मालुका)
शिवानी कालिदी (मालुका)
जगदीश कालिदी (घाघरबेड़ा)
प्रिया कालिदी (घाघरबेड़ा)
मीनुसी कालिदी (घाघरबेड़ा)
शिवो कालिदी (घाघरबेड़ा)
लिपुन कालिदी (मालुका)
गोरा कालिदी शामिल हैं।