चाईबासा में महिला की मौत, जांच में निकली कोरोना पाजिटिव

जागरण संवाददाता चाईबासा पश्चिमी सिंहभूम में कोरोना से चौथी मौत की खबर आ रही है। मरने

By JagranEdited By: Publish:Wed, 05 Aug 2020 09:25 PM (IST) Updated:Thu, 06 Aug 2020 07:17 AM (IST)
चाईबासा में महिला की मौत, जांच में निकली कोरोना पाजिटिव
चाईबासा में महिला की मौत, जांच में निकली कोरोना पाजिटिव

जागरण संवाददाता, चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम में कोरोना से चौथी मौत की खबर आ रही है। मरने वाली एक बुजुर्ग महिला है। यहां चाईबासा स्थित सदर अस्पताल के महिला वार्ड में भर्ती एक 65 वर्षीय वृद्ध महिला की बुधवार की सुबह 10 बजे इलाज के क्रम में मौत हो गई। मौत के बाद जब सदर अस्पताल द्वारा वृद्ध महिला की ट्रूनेट मशीन से जांच कराई गई तो, वो कोरोना पॉजिटिव पाई गई। मृतिका चाईबासा के गुट्टू साईं स्थित कल्याणपुर दारू भट्टी के समीप की रहने वाली है। वो पिछले दो तीन दिन से बीमार थी। बुखार के साथ खांसी थी। उसे सांस लेने में भी तकलीफ हो रही थी। इस वजह से परिजन उसे विगत मंगलवार की सुबह नौ बजे करीब सदर अस्पताल में भर्ती कराया था। परिजनों द्वारा परेशानी बताए जाने के बावजूद बगैर कोरोना जांच किए उसे फीमेल वार्ड में भर्ती करते हुए इलाज शुरू कर दिया गया। परिजनों ने बताया कि भर्ती करने के बाद भी उसे सांस लेने में दिक्कत हो रही थी। महिला के पॉजिटिव मिलने के बाद दोपहर तीन बजे करीब अस्पताल की ओर से परिजनों को 5 पीस पीपीई किट समेत डेड बॉडी डिस्पोजल बैग के साथ शव दे दिया गया। इसके बाद परिजनों ने शमशान काली स्थित घाट में महिला का अंतिम संस्कार कर दिया। इस दौरान मृतिका को उसके बेटे ने पीपीई किट पहनकर संस्कार किया। यहां बता दें कि पश्चिमी सिंहभूम के चार लोगों की अब तक कोरोना से मौत हो चुकी है। इनमें दो पुरुष व दो महिला शामिल हैं।

------------------------

पश्चिमी सिंहभूम में फिर मिले 14 कोरोना पॉजिटिव

चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम में बुधवार को कोरोना के फिर 14 नये मरीज मिले हैं। एमजीएम के आरटीपीसी आर व जिले के ट्रूनेट मशीन से जांच के बाद इसकी पुष्टि हुई है। जानकारी अनुसार 14 संक्रमितों में 10 झारखंड पुलिस के जवान है। चाईबासा डीपीएस स्कूल परिसर में कैंप किए हुए तीन अन्य जवान समेत एक कैदी भी ट्रूनेट से जांच के क्रम में पॉजिटिव मिला है।

chat bot
आपका साथी