पुलिस लाइन में बलिदानियों के परिजनों को कोल्हान डीआइजी ने किया सम्मानित

पश्चिम सिंहभूम जिले के चाईबासा पुलिस लाइन में गुरुवार को पुलिस स्मरण दिवस मनाया गया।

By JagranEdited By: Publish:Thu, 21 Oct 2021 07:37 PM (IST) Updated:Thu, 21 Oct 2021 08:08 PM (IST)
पुलिस लाइन में बलिदानियों के परिजनों को कोल्हान डीआइजी ने किया सम्मानित
पुलिस लाइन में बलिदानियों के परिजनों को कोल्हान डीआइजी ने किया सम्मानित

जागरण संवाददाता, चाईबासा : पश्चिम सिंहभूम जिले के चाईबासा पुलिस लाइन में गुरुवार को पुलिस स्मरण दिवस मनाया गया। मौके पर पश्चिमी सिंहभूम जिला अंतर्गत शहीद आरक्षी विजय सिंह बिरुवा, शहीद आरक्षी श्याम चरण दास दोंगो, शहीद आरक्षी गोनो अंगरिया, शहीद आरक्षी दामू तियु, शहीद आरक्षी सालकु हाईबुरू, शहीद आरक्षी लाल सिंह हाईबुरू, शहीद आरक्षी लखींद्र मुंडा व सिमडेगा जिला बल के शहीद आरक्षी तुराम बिरुली के परिजनों को आमंत्रित कर पुलिस उप महानिरीक्षक असीम विक्रांत मिज व पुलिस अधीक्षक अजय लिडा ने सम्मानित किया। साथ ही साथ शहीदों के परिजनों से बातचीत कर उनकी समस्याओं को जाना। कोल्हान डीआइजी ने बलिदानियों के आश्रितों को कहा कि आप लोगों को चाईबासा पुलिस की जहां पर भी मदद की जरूरत रहेगी, वहां आपके साथ है। जवानों का बलिदान बेकार नहीं जाएगा। कार्यक्रम में प्रशिक्षु आईपीएस सह चक्रधरपुर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी नाथू सिंह मीणा, सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी दिलीप खलखो, मुख्यालय डीएसपी सुधीर कुमार, पीसीआर इंस्पेक्टर अनिल तिवारी, सार्जेंट मेजर मंटू यादव, इंस्पेक्टर सह सदर थाना प्रभारी निरंजन तिवारी व मुफस्सिल थाना प्रभारी पवन चंद्र पाठक उपस्थित थे। इस दौरान शहीद वीर सपूतों के सम्मान में परेड का आयोजन कर शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि भी अर्पित की गयी।

------------------

सीआरपीएफ 174 बटालियन में शहीदों को दी गई श्रद्धांजलि

जासं, चाईबासा : केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) 174 बटालियन में गुरुवार को पुलिस स्मृति दिवस मनाया गया। इस दौरान बटालियन के कमांडेंट संजय कुमार सिंह ने शहीदों के नामों की सूची को पढ़ा तथा शहीद स्मारक पर माल्यार्पण करके शहीदों को शहीद बेदी पर श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर उनकी याद में दो मिनट का मौन धारण किया गया। मौके पर कमांडेंट संजय कुमार सिंह ने कहा कि यह दिवस इसलिए मनाया जाता है क्योंकि आज से 62 वर्ष पहले 21 अक्टूबर 1959 को लद्दाख के हॉट स्प्रिंग में देश की प्रथम पंक्ति में तैनात केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की तीसरी बटालियन की एक कंपनी के एक छोटे से 21 जवानों के गश्ती दल पर चीनी सेना ने बड़ी संख्या में घात लगाकर हमला किया था। तब इस बल के मात्र 21 जवानों ने चीनी आक्रमणकारियों का डटकर मुकाबला किया। मातृभूमि की रक्षा के लिए इस लड़ाई में 10 केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के रण बांकुड़ों ने सर्वोच्च बलिदान दिया था। तभी से राष्ट्रीय स्तर पर हर वर्ष 21 अक्टूबर को समस्त पुलिस बल में पुलिस स्मृति दिवस मनाया जाता है। मौके पर द्वितीय कमान अधिकारी हजारी लाल, उप कमांडेंट संजय कुमार सिन्हा व बटालियन के अधीनस्थ पदाधिकारी व जवान मौजूद थे।

chat bot
आपका साथी