सरकार से दी जाने वाली मदद से अपने जीवन को सुधारें : मनोरंजन कवि
सरकार के द्वारा लोगों को जागरूक करने के लिए शिविर का आयोजन किया जा रहा है जिससे वह अपने अधिकारों के बारे में जानकारी हासिल करें।
संवाद सहयोगी, चाईबासा : सरकार के द्वारा लोगों को जागरूक करने के लिए शिविर का आयोजन किया जा रहा है जिससे वह अपने अधिकारों के बारे में जानकारी हासिल करें। यह बातें झींकपानी प्रखंड कार्यालय परिसर में आयोजित विधिक सशक्तीकरण शिविर को संबोधित करते हुए जिला सत्र एवं प्रधान न्यायाधीश मनोरंजन कवि ने कहीं। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा दिए जाने वाले 2-4 लाख रुपये से आपका जीवन नहीं चल सकता है लेकिन इस मदद से आप अपने जीवन को सुधार सकते हैं। मेहनत कर अच्छा जीवन बिता सकते हैं। हम सभी मिलकर सरकार की योजनाओं की जानकारी आप तक पहुंचा रहे हैं। आप सभी उन्नति और सुख के साथ जीवन बिताएं। डीसी अरवा राजकमल ने कहा कि विधिक सशक्तिकरण शिविर सिर्फ इसी प्रखंड में आयोजित नहीं हो रहा है। बल्कि जिले के सभी प्रखंड में इस प्रकार के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। सरकार के एक वर्ष पूरा होने पर यह लगातार आयोजित होगा। जिसमें आपको राशन कार्ड, जॉब कार्ड, वृद्धा पेंशन, महिला समूह की दीदी को चेक। इस प्रकार के 50 हजार लाभुकों को लाभ देने का लक्ष्य रखा गया है। वनाधिकार पट्टा भी दिया जाएगा। कई बार देखा जाता है कि आधार में कम उम्र होने के कारण वृद्धा पेंशन का लाभ नहीं मिल पाता है। इसलिए मुंडा, बीडीओ, पंचायत सेवक के द्वारा बैठकर आधार कार्ड में उम्र को बढ़ाया भी जा सकता है जिससे वृद्धाओं को पेंशन का लाभ मिल सके। पीएम आवास की सुविधा भी आप लोगों को दी जाएगी। यह कार्यक्रम पंचायत स्तर में आयोजित होगा और आपको घर में ही इसका लाभ मिलेगा। एसपी अजय लिंडा ने कहा कि पश्चिमी सिंहभूम जिले में डायन-बिसाही कुप्रथा का मामला बहुत ज्यादा आता है। इसे हम जागरूकता के साथ ही खत्म कर सकते हैं। इसके अलावा यौन शोषण का बहुत मामला आता है। इसमें अधिकतर मामले में दोषी अपने होते हैं। नाबालिगों के साथ घटना होती है। इसके लिए हमें जागरूक होने की जरूरत है जिससे इस प्रकार की घटना नहीं घटे। इस दौरान ग्रामीणों को सरकार के द्वारा दी जाने वाली योजनाओं का वितरण किया गया। वहीं इप्टा की ओर से नशापान व डायन प्रथा जागरूकता को लेकर नुक्कड़ नाटक पेश किया गया।