पश्चिम सिंहभूम में आज से हड़ताल पर रहेंगे स्वास्थ्य कर्मचारी

पश्चिम सिंहभूम जिला में स्वास्थ्य कर्मचारियों को विगत सात माह से वेतन भुगतान नहीं किया गया है।

By JagranEdited By: Publish:Sat, 13 Nov 2021 07:08 PM (IST) Updated:Sat, 13 Nov 2021 07:08 PM (IST)
पश्चिम सिंहभूम में आज से हड़ताल पर रहेंगे स्वास्थ्य कर्मचारी
पश्चिम सिंहभूम में आज से हड़ताल पर रहेंगे स्वास्थ्य कर्मचारी

जागरण संवाददाता, चाईबासा : पश्चिम सिंहभूम जिला में स्वास्थ्य कर्मचारियों को विगत सात माह से वेतन भुगतान नहीं किया गया है। स्वास्थ्य कर्मचारियों को कोविड-19 की प्रोत्साहन राशि का भी अभी तक भुगतान नहीं किया गया है। इस वजह से स्वास्थ्य कर्मियों में आक्रोश है। राशि का भुगतान नहीं होने से नाराज इन कर्मियों ने 14 नवंबर को हड़ताल पर रहने की घोषणा की है। झारखंड चिकित्सा एवं जन स्वास्थ्य कर्मचारी संघ की पश्चिम सिंहभूम जिला शाखा की ओर से मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी को शनिवार को हड़ताल के संबंध में जानकारी दे दी गई है। शाखा के प्रभारी जिला मंत्री मनोरंजन कुमार ने बताया कि हड़ताल में जिले के सभी स्वास्थ्य कर्मचारी एवं जिला स्वास्थ्य समिति अंतर्गत राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत विभिन्न कार्यक्रमों में कार्यरत अनुबंध कर्मचारी रविवार को हड़ताल पर चले जाएंगे। इसकी सारी जिम्मेदारी जिले के स्वास्थ्य विभाग एवं जिला प्रशासन की होगी।

------------------------

बिना वेतन के बीती दुर्गापूजा, दीपावली व छठ पूजा

जिला मंत्री मनोरंजन कुमार ने कहा कि जिले भर के करीब 1000 स्वास्थ्य कर्मचारियों का वेतन भुगतान लंबित है। सिविल सर्जन से बार-बार गुहार लगाने के बाद भी कोई सुनवाई नहीं हो रही है। दुर्गापूजा, दीपावली व छठ पूजा जैसे महत्वपूर्ण त्योहारों में भी कर्मचारियों को वेतन नहीं किया गया। यह कर्मचारियों के प्रति घोर प्रशासनिक लापरवाही एवं संवेदनहीनता को दर्शाता है। इतना ही नहीं इस संबंध में उपायुक्त से भी कई बार वार्ता हो चुकी है परंतु वेतन भुगतान एवं प्रोत्साहन राशि का भुगतान नहीं हो पाया है। इतने लंबे समय से भुगतान नहीं होने के पीछे क्या कारण है, एवं दोषी व्यक्ति की पहचान कर क्या कार्रवाई की गई, इसकी भी कोई जानकारी उपलब्ध नहीं कराई गई है।

------------------------

विवादित डीपीएम को लेखा प्रबंधक का चार्ज मिलने से पैदा हुई दिक्कतें

हड़ताल की घोषणा करने वाले स्वास्थ्य कर्मियों का कहना है कि वर्तमान में सदर अस्पताल में जिला लेखा प्रबंधक का पद खाली है। जिला कार्यक्रम प्रबंधक विजय कुमार को विभाग के पदाधिकारियों ने आपसी समन्वय से डैम का प्रभार दे रखा है जबकि विजय कुमार के पास लेखा से संबंधित बहुत ज्यादा ज्ञान नहीं है। विभाग में यह सवाल उठ रहा है कि जब एनएचएम में कई सारे प्रोगाम में लेखापाल कार्यरत हैं तो उन्हें प्रभार न देकर ऐसे व्यक्ति को क्यों प्रभार दे दिया गया है जो पहले से विवादित रहा है। स्वास्थ्य कर्मचारियों का कहना है कि जब से विजय कुमार जिले में आए हैं, उसके बाद से वेतन आदि के भुगतान में विलंब हो रहा है। पहले यह स्थिति नहीं थी। विजय कुमार लातेहार में अपने क्रियाकलापों की वजह से विवादित रह चुके हैं। विभाग ने अंतिम चेतावनी देते हुए उनकी प्रतिनियुक्त चाईबासा में की है। इसके बावजूद वो अपनी कार्यशैली में सुधार नहीं ला रहे।

------------------------

कोविड-19 टीकाकरण कार्यक्रम हो रहा प्रभावित

बीते 5 अक्टूबर को प्रधानमंत्री ने कोविड-19 टीकाकरण में पीछे चल रहे देश के 48 जिलों का रिव्यू किया था। इनमें पश्चिम सिंहभूम समेत झारखंड के आठ जिले शामिल थे। जिले में टीकाकरण कार्यक्रम प्रभावित होने की एक बड़ी वजह स्वास्थ्य कर्मियों को समय पर वेतन भुगतान नहीं करना भी माना जा रहा है। दरअसल, टीकाकरण की पूरी जिम्मेदारी एएनएम व उनकी टीम पर है। लंबे समय से वेतन नहीं मिलने की वजह से ये लोग निराश हैं। काम को लेकर इनमें उत्साह नजर नहीं आता। जिला प्रशासन को इस पर ध्यान देने की जरूरत है।

-------------------

अक्टूबर में 5 करोड़ मिला था आवंटन, वेंडर पेमेंट में कर दिया खर्च

अक्टूबर माह में राज्य सरकार ने पश्चिम सिंहभूम जिले को स्वास्थ्य कर्मचारियों को भुगतान करने के लिए 5 करोड़ रुपये आवंटित किए थे। साथ ही पत्र निर्गत करते हुए स्पष्ट आदेश दिया था कि एक सप्ताह के भीतर स्वास्थ्य कर्मचारियों के खाते में वेतन मद की राशि स्थानांतरित कर दी जाए मगर उन्हें वेतन से वंचित रखा गया। विभाग ने उक्त फंड से वेंडर को भुगतान कर दिया है। बताया जा रहा है कि सारा खेल कमीशन का है। वेंडर को राशि का भुगतान करने में संबंधित पदाधिकारियों को अच्छा-खासा कमीशन मिल जाता है। इस वजह से विभाग स्वास्थ्य कर्मियों की अनदेखी कर वेंडर को ज्यादा प्राथमिकता दे रहा है।

chat bot
आपका साथी