जांगीबुरू घाटी के पास मिला एक व्यक्ति का शव

झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के सिंहपोखरिया-बलांडिया मुख्य सड़क के जांगीबुरू घाटी के नीचे एक व्यक्ति का शव बरामद हुआ है। उसकी पहचान बिदरी के पास डेबरावीर गांव निवासी प्रताप पिगुवा के रूप में की गई है। प्रताप पिगुवा गुरुवार देर शाम अपने गांव के कुछ युवकों के साथ घर से निकला था।

By JagranEdited By: Publish:Fri, 08 Oct 2021 07:22 PM (IST) Updated:Fri, 08 Oct 2021 07:22 PM (IST)
जांगीबुरू घाटी के पास मिला एक व्यक्ति का शव
जांगीबुरू घाटी के पास मिला एक व्यक्ति का शव

जागरण संवाददाता, चाईबासा : झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के सिंहपोखरिया-बलांडिया मुख्य सड़क के जांगीबुरू घाटी के नीचे एक व्यक्ति का शव बरामद हुआ है। उसकी पहचान बिदरी के पास डेबरावीर गांव निवासी प्रताप पिगुवा के रूप में की गई है। प्रताप पिगुवा गुरुवार देर शाम अपने गांव के कुछ युवकों के साथ घर से निकला था। काफी रात होने के बावजूद वह घर नहीं पहुंचा। सुबह में उसका शव घाटी नीचे मुख्य रोड किनारे पड़ा मिला। सुबह में जब स्थानीय लोग उधर से गुजर रहे थे तो प्रताप पिगुवा का शव वहां पड़ा हुआ देखा। तत्काल ही परिवार वालों को इसकी जानकारी दी गई। परिवार वालों ने पहुंचकर प्रताप पिगुवा को पहचाना और शव के ऊपर चादर डाल दिया। प्रताप के चेहरे व गर्दन पर चोट का निशान देखा गया है। स्थानीय लोगों ने कहा कि वह छोटी-मोटी ठेकेदारी का काम करता था और अपने दोस्तों के साथ खाने-पीने में लगा रहता था। किसी के साथ ज्यादा दुश्मनी वाली बात गांव में नहीं थी। घटनास्थल पर खून का धब्बा भी नहीं है। जिससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि हत्या दूसरी जगह करने के बाद उसे लाकर यहां फेंका गया है। प्रताप की बाइक भी गायब है। इस संबंध में स्थानीय लोगों ने मंझारी थाना पुलिस को जानकारी दे दी है। पुलिस ने घटना स्थल पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। इस संबंध में जानकारी देते हुए सदर एसडीपीओ दिलीप खलखो ने बताया कि सड़क किनारे शव मिला है तो प्रथम दृष्टया यह सड़क दुर्घटना का मामला लग रहा है। पोस्टमार्टम व पुलिस जांच के बाद ही पता चलेगा कि यह हत्या है या सड़क दुर्घटना। पुलिस हर एंगल से जांच करने में जुटी है। मामले का खुलासा जल्द ही कर दिया जाएगा।

------------------------

जिले में बढ़ गयी है हत्या की वारदात

बीते 15 दिन के अंदर पश्चिम सिंहभूम जिला में अचानक ही हत्या की घटना बढ़ गई है। जगन्नाथपुर-नोवामुंडी मुख्य सड़क में आयरन ओर ट्रक लूट में गोली मारकर खलासी की हत्या कर दी गई थी, वहीं चालक गंभीर रूप से घायल हो गया था। हाटगम्हरिया थाना के केंदपोसी गांव में एक ही परिवार के चार लोगों की हत्या के बाद कुमारडुंगी में एक युवती का शव बरामद किया गया था। तांतनगर ओपी क्षेत्र के रायकोला गांव में विगत दिनों हुई एक महिला की आत्महत्या का मामला नया मोड़ लेने जा रहा है। मृतका की मां तुलसी कुंकल अपनी बेटी मोती कुई की गला दबाकर हत्या कर दिए जाने का दावा कर रही है। वहीं मंझारी थाना के जांगीबुरू घाटी के पास शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।

chat bot
आपका साथी