बैल खोजने जंगल गए दो किसान भाइयों को उग्र हाथियों ने पटककर मार डाला

अपने बैलों को खोजने निकले दो किसानों को उग्र हाथियों ने बुरी तरह से पटक कर मौत के घाट उतार दिया है।

By JagranEdited By: Publish:Tue, 11 May 2021 08:27 PM (IST) Updated:Tue, 11 May 2021 08:27 PM (IST)
बैल खोजने जंगल गए दो किसान भाइयों को उग्र हाथियों ने पटककर मार डाला
बैल खोजने जंगल गए दो किसान भाइयों को उग्र हाथियों ने पटककर मार डाला

संवाद सूत्र, कुमारडुंगी : अपने बैलों को खोजने निकले दो किसानों को उग्र हाथियों ने बुरी तरह से पटक कर मौत के घाट उतार दिया है। एक किसान किसी तरह से अपनी जान बचाकर वहां से भाग निकला। करीब छह घंटे बाद उसने अपने घर पहुंचकर पूरी घटना की जानकारी दी। 24 घंटे बाद ग्रामीणों ने जंगल में पड़े दोनों किसान को मृत अवस्था में खोज निकाला। घटना पश्चिम सिंहभूम जिले के कुमारडुंगी थाना क्षेत्र अंतर्गत रतनासाई जंगल में घटी है। रतनासाई गांव के ग्रामीण मुंडा महेन्द्र बागे ने बताया कि उनके चार बैल दो सप्ताह पहले घर से कहीं निकल गये थे। बैलों की खोजबीन की गयी तो चार दिन पहले दो बैल ओडिशा से मिल गये। बाकी दो बैल काफी खोजबीन के बाद भी कहीं नहीं मिले। मुंडा ने बताया की उन्हीं दो बैलों को खोजने के लिए सोमवार की सुबह करीब नौ बजे उनका बेटा आमोस बागे, ममेरा भाई खागेश बिरुवा व गांव का एक युवक अरुण गोप जंगल की ओर निकले थे। 24 घंटे बाद दूसरे दिन मंगलवार की सुबह नौ बजे बेटे आमोस व खगेश के मृत होने की खबर मिली। इसके बाद करीब तीन घंटा तक जंगल की खाक छानने के बाद जंगल से पांच किलोमीटर अंदर स्थित बुरुई गोड़ा नामक स्थान पर दोनों का शव मिला। दोनों को हाथी ने पटक कर मार डाला था। उसके बाद ग्रामीणों ने कुमारडुंगी पुलिस प्रशासन व वन विभाग को घटना की जानकारी दी। जानकारी मिलते ही पुलिस प्रशासन व वन कर्मी 5 किलोमीटर का जंगल पार कर बुरुईगोड़ा नामक स्थल पहुंचे। दोनों के शव को जंगल से बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। पुलिस ने जंगल में ही दोनों के शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार किया। उसके बाद जंगल अंदर से ग्रामीणों ने दोनों शव को खटिया में ढोकर 5 किलोमीटर का सफर तय कर बाहर निकाला। दोनों को देखने के लिये पूरा गांव जुटा था। शव परिजनों को दिखाकर कुमारडुंगी थाना पहुंचाया गया। थाना प्रभारी अंकिता सिंह ने बताया की दोनों के शव को बुधवार के दिन पोस्टमार्टम के लिए चाईबासा सदर अस्पताल भेजा जाऐगा।

chat bot
आपका साथी