ट्रक-कार में सीधी टक्कर, चार घायल, जमशेदपुर रेफर

पश्चिम सिंहभूम जिले के मंझारी थाना अंतर्गत जांगीबुरू घाटी के पास सुबह लगभग 8 बजे कार और ईंट लदे ट्रक के बीच सीधी टक्कर हो गई।

By JagranEdited By: Publish:Mon, 18 Oct 2021 07:33 PM (IST) Updated:Mon, 18 Oct 2021 07:33 PM (IST)
ट्रक-कार में सीधी टक्कर, चार  घायल, जमशेदपुर रेफर
ट्रक-कार में सीधी टक्कर, चार घायल, जमशेदपुर रेफर

जागरण संवाददाता, चाईबासा : पश्चिम सिंहभूम जिले के मंझारी थाना अंतर्गत जांगीबुरू घाटी के पास सुबह लगभग 8 बजे कार और ईंट लदे ट्रक के बीच सीधी टक्कर हो गई। इससे कार में सवार चार लोग घायल हो गए। इसमें से एक की हालत नाजुक बताई जा रही है। सोमवार सुबह ओडिशा के बड़बिल से नेक्सा कार में सवार होकर एक परिवार के चार सदस्य जमशेदपुर लौट रहे थे। इसी दौरान तेज बारिश के बीच जांगीबुरू घाटी के ऊपर ईटा लदे ट्रक से कार की सीधी टक्कर हो गई। घटना में सीता देवी (45 वर्ष), अमित कुमार (24 वर्ष), प्रीति कुमारी (27 वर्ष) और रोहित कुमार सिंह (29 वर्ष) घायल हो गए। सभी रांची धुर्वा सेक्टर-3 के रहने वाले हैं। घायलों को तत्काल स्थानीय लोगों की मदद से सदर अस्पताल चाईबासा में भर्ती कराया गया। इसमें सीता देवी की हालत गंभीर बताई जा रही है। चारों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जमशेदपुर रेफर कर दिया गया है। स्थानीय लोगों के अनुसार रविवार से ही तेज बारिश हो रही है। जंगली क्षेत्र होने के कारण जांगीबुरू घाटी के आसपास सुबह में काफी तेज बारिश हो रही थी। इससे दोनों गाड़ी के चालक एक-दूसरे को देख नहीं पाए और सीधी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि नेक्सा कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। वहीं ट्रक का अगला हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हुआ है। तत्काल स्थानीय लोगों ने कार में सवार सभी घायलों को निकालकर प्राइवेट वाहन से सदर अस्पताल इलाज के लिए भेज दिया। साथ ही मंझारी थाना पुलिस को भी घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही मंझारी थाना की पुलिस ने घटनास्थल पहुंचकर दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया है। जांगीबुरू व भरभरिया घाटी व आसपास में बरसात के दिनों में काफी झाड़ी बढ़ गई है। इससे मोड़ में कुछ नजर नहीं आता है। इसी कारण से अक्सर वाहनों के बीच टक्कर होती है। पथ निर्माण विभाग व सड़क सुरक्षा समिति को इस ओर ध्यान देकर घाटी क्षेत्र में बढ़े हुए झाड़ियों की सफाई करनी चाहिए। इससे सड़क पर चलने वाले वाहनों को दूर से दूसरे वाहनों को देख कर सतर्क हो जाएंगे।

-----------------

सड़क किनारे घायल पड़े युवक को अस्पताल में कराया भर्ती

संवाद सूत्र, नोवामुंडी : नोवामुंडी-जैंतगढ़ मुख्य सड़क में हुटूबसुड गांव के निकट सड़क किनारे घायल पड़े एक बीमार युवक को 108 नंबर एंबुलेंस से लाकर नोवामुंडी टाटा स्टील अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। एंबुलेंस के ईएमटी अभय कुमार ने बताया कि रविवार दोपहर बारह बजे किसी ने सूचना देकर 108 नंबर एंबुलेंस को बुला लिया। एंबुलेंस लेकर जब वह घटनास्थल पहुंचा तो देखा कि सड़क किनारे एक व्यक्ति बेहोशी की हालत में पड़ा है। मरीज की गंभीरता को देखते हुए 108 नंबर एंबुलेंस के ईएमटी अभय कुमार के द्वारा उसे तत्काल नोवामुंडी टिस्को अस्पताल में भर्ती कराया गया। इसकी सूचना तत्काल नोवामुंडी थाना प्रभारी राकेश कुमार को दी गई। नोवामुंडी पुलिस ने उक्त अज्ञात व्यक्ति की जानकारी लेने और घटनास्थल के आसपास में उसकी शिनाख्त कराने का हरसंभव प्रयास किया, लेकिन अबतक पता नहीं चल सका है। खबर लिखे जाने तक गंभीर रूप से घायल अज्ञात युवक की पहचान नहीं हो पाई थी। पुलिस ने बताया कि मरीज हरे रंग का ट्राउजर एवं नीले रंग का टी-शर्ट पहना हुआ है। मरीज की गंभीर हालत को देखते हुए टिस्को अस्पताल के चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए टीएमएच अस्पताल जमशेदपुर रेफर कर दिया है।

chat bot
आपका साथी