कागज पर जब्त अवैध गिट्टी लदे 21 हाइवा धरातल पर गायब

खनिज घोटालों के लिए सुर्खियों में रहने वाले पश्चिमी सिंहभूम जिला के नोवामुंडी थाना क्षेत्र में पुलिस और अंचल कार्यालय की अजीबोगरीब लापरवाही सामने आयी है।

By JagranEdited By: Publish:Tue, 15 Jun 2021 08:18 PM (IST) Updated:Tue, 15 Jun 2021 08:18 PM (IST)
कागज पर जब्त अवैध गिट्टी लदे 21 हाइवा धरातल पर गायब
कागज पर जब्त अवैध गिट्टी लदे 21 हाइवा धरातल पर गायब

संवाद सूत्र, नोवामुंडी : खनिज घोटालों के लिए सुर्खियों में रहने वाले पश्चिमी सिंहभूम जिला के नोवामुंडी थाना क्षेत्र में पुलिस और अंचल कार्यालय की अजीबोगरीब लापरवाही सामने आयी है। अंचल कार्यालय की ओर से सौंपी गयी 25 हाइवा की जब्ती सूची में से 21 हाइवा गायब हो गए हैं। पुलिस गायब हाइवा की खोजबीन में जुटी हुई है मगर उनका कुछ पता नहीं चल रहा है। दरअसल, बीती 12 जून को सुबह करीब 6.30 बजे नोवामुंडी अंचलाधिकारी सुनील चंद्रा के निर्देश पर अंचल कार्यालय की एक टीम ने नोवामुंडी में अलग-अलग जगहों पर वाहन जांच अभियान चलाया था। इस क्रम में वैद्य कागजात नहीं दिखा पाने की वजह से 23 गिट्टी लदे हाइवा और 2 बालू लदे हाइवा को इस टीम ने जब्त किया था। कर्मचारियों ने सभी जब्त हाइवा की सूची बनाकर व फोटोग्राफी कर दो हाइवा नोवामुंडी थाना के सुपुर्द किये थे। मामले में नोवामुंडी थाना में एक प्राथमिकी भी दर्ज की गयी थी। नोवामुंडी थाना प्रभारी राकेश कुमार व अंचलाधिकारी बाद में जब्त संबंधित हाइवा को जब्त करने पहुंचे तो हाइवा बताये गये स्थल पर नहीं मिले। इसके अगले दिन यानि 13 जून को भी जब्ती सूची के आधार पर संबंधित हाइवा की खोजबीन की गयी। काफी खोजबीन करने के बाद पचायसाई में एक पेट्रोल पंप के पास झाड़ी में छिपाकर रखे गये दो हाइवा ही मिल पाये। 21 हाइवा का कहीं कुछ अता-पता नहीं है। अब यह मामला पूरे नोवामुंडी में चर्चा का विषय बन गया है। लोगों का कहना है कि हाइवा संचालकों ने बड़ी ही चालाकी से माल समेत हाइवा गायब कर दिये हैं। थाना प्रभारी ने बताया कि जब्ती सूची के आधार पर केवल चार हाइवा की पुलिस की अभिरक्षा में थाना में हैं। अन्य 21 हाइवा की खोजबीन की जा रही है।

chat bot
आपका साथी