नवाखानी पर्व के मौके पर हुआ मिस्सा अनुष्ठान
जिले के पाकरटांड़ प्रखंड के सोगड़ा चर्च में नवाखानी पर्व सादगी पूर्वक मनाया ग
जासं,सिमडेगा: जिले के पाकरटांड़ प्रखंड के सोगड़ा चर्च में नवाखानी पर्व सादगी पूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर पल्ली पुरोहित की अगुवाई में मिस्सा पूजा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सिमडेगा विधायक भूषण बाड़ा व उनकी पत्नी जोसिमा खाखा भी उपस्थित होकर वहीं पर लोगों को नवाखानी पर्व की शुभकामना दी। विधायक भूषण बाड़ा ने कहा कि आज का दिन ईश्वर को अच्छी उपज के लिए धन्यवाद देने का दिन है। नवाखानी के दिन विश्वासी अपनी पहली उपज का हिस्सा ईश्वर के नाम पर दान के रूप में समर्पित करते हैं। साथ ही आने वाले वर्षों में भी अच्छी बारिश हो और अच्छी फसल हो,इसके लिए प्रार्थना करते हैं। नवाखानी पर्व में जुटे विश्वासी टोकरियों में अनाज लेकर पहुंचे थे,जो उन्होंने ईश्वर को समर्पित किया। मौके पर पल्ली पुरोहित ने अपने संदेश में कहा कि प्रभु की कृपा से ही हमारे खेतों में अनाज उपजता है। उन्होंने कहा कि आज का दिन अपने पूर्वजों को भी धन्यवाद देने का दिन है।कार्यक्रम में प्रार्थनामय गीत प्रस्तुत किया गया। युवतियों के समूह ने प्रभु की आराधना में भजन प्रस्तुत किए । मौके पर काफी संख्या में विश्वासी उपस्थित थे।