टोक्यो की तपीश महसूस कर रहे थे सिमडेगा के लोग

जासंसिमडेगा जब जापान की राजधानी टोक्यो में भारतीय महिला हाकी टीम ओलिंपिक सेमीफाइनल के

By JagranEdited By: Publish:Wed, 04 Aug 2021 09:49 PM (IST) Updated:Wed, 04 Aug 2021 09:49 PM (IST)
टोक्यो की तपीश महसूस कर रहे थे सिमडेगा के लोग
टोक्यो की तपीश महसूस कर रहे थे सिमडेगा के लोग

जासं,सिमडेगा : जब जापान की राजधानी टोक्यो में भारतीय महिला हाकी टीम ओलिंपिक सेमीफाइनल के रोमांचक मुकाबले में अर्जेटीना से भिड़ रही थी उसी समय झारखंड के आदिवासी बहुल सिमडेगा के एक सुदूर गांव बड़कीछापर में लोगों का दिल जोर-जोर से धड़क रहा था। इस महत्वपूर्ण मैच में जिले की बेटी सलीमा भी भारत की ओर से मोर्चा संभाले थी। भारतीय टीम जब-जब गेंद ले विरोधी टीम पर हमला बोलती लोगों का जोश उफान मारने लगता..इंडिया..इंडिया के नारे लगने लगते। प्रशासन की पहल पर सलीमा के घर स्मार्ट टीवी लगाया गया था वहीं गांव के लोग मैच देखने जुटे थे। टीवी स्क्रीन पर सलीमा के दिखते ही शोर बढ़ जाता। यह हाल सिर्फ सलीमा के गांव बड़कीछापर कर ही नहीं पूरे सिमडेगा का था। मैच के दौरान जहां देखो लोग टीवी से चिपके नजर आ रहे थे। टीम इंडिया ने शानदार खेल से सबका दिल जीत लिया। शुरू में गोल कर जैसे ही भारतीय टीम ने बढ़त बनाई लोगों को विश्वास हो गया अब हमें कोई नहीं रोक सकता। लेकिन जैसे ही अर्जेंटीना ने दो गोल के दागे भारतीय टीम ही नहीं सिमडेगा के लोगों पर दबाव साफ नजर आने लगा। फिजा में बोझिल सन्नाटा छा गया.. और हार के साथ लोगों के दिल टूट गए। बावजूद इसके टीम के शानदार प्रदर्शन पर सभी मंत्रमुग्ध थे। कहा कोई बात नहीं अब स्वर्ण या रजत नहीं तो अब कांस्य के लिए लड़ेंगे। मालूम हो कि 6 अगस्त को भारत व ब्रिटेन के बीच मुकाबला होगा। जिसमें अगर भारतीय महिला टीम जीत दर्ज कराती है तो वह कांस्य पदक की हकदार होगी और यह भी ऐतिहासिक होगा। जिले के लोगों ने कहा कि जिस जज्बे व उत्साह के साथ भारतीय महिला टीम ने खेला वह काबिले तारीफ है, आने वाले नई पीढि़यों के लिए यह प्रेरणादायक होगा और उन्हें स्वर्ण पदक के लिए प्रेरित करेगा। टीम ने किया बेहतर प्रदर्शन:मनोज सिमडेगा: हॉकी सिमडेगा के अध्यक्ष मनोज कोनबेगी ने कहा कि टीम की हार से निराशा जरूर हुई है,लेकिन भारतीय टीम ने जिस तरह से प्रदर्शन किया है,उससे बेहतर भविष्य के संकेत मिल रहे हैं। टीम के पास अभी भी कांस्य पदक जीतने का मौका है। उन्होंने कहा कि आज सलीमा के गांव में भी मैच देख लोग उत्साहित थे। उन्हें निराश होने की जरूरत नहीं है। आगामी 2024 व 2028 में भारतीय टीम और भी मजबूती के साथ खिलेगी। और मजबूत बनकर उभरेगी टीम : सुलक्शन टेटे

सिमडेगा : ओलिपियन बेटी सलीमा के पिता सुलक्शन टेटे ने कहा कि टीम इंडिया ने अच्छा खेल का प्रदर्शन किया है। टीम हार से सबक लेकर और भी मजबूती के साथ उभरेगी। उन्हें पूरा विश्वास है भविष्य में भारत जरूर स्वर्ण जीतेगा। पूरी टीम को मेरी शुभकामनाएं। टीम जीतेगी कांस्य पदक : महिमा

सिमडेगा: सलीमा टेटे की बहन महिमा टेटे ने कहा कि भारतीय महिला टीम अच्छी टीम है। यही कारण है कि सबसे पहला गोल भारतीय टीम ने दागी। वह टीम का बधाई देती है। टीम अगले मैच में और अच्छा प्रदर्शन कर कांस्य पदक जीते। पदक की है उम्मीद

सिमडेगा: सलीमा की कोच प्रतिमा बरवा ने कहा कि भारतीय महिला टीम ने सेमीफाइनल मैच में अच्छा प्रदर्शन किया। कुछ जगहों पर मौके मिले थे जिसे खिलाड़ी भूना नहीं सके फिर भी यह उम्मीद है भारतीय टीम ओलिपिक में कांस्य पदक जरूर जीतेगी।

chat bot
आपका साथी