नियमित रूप से करें योग और रहें निरोग

सरायकेला सोमवार को बी विद योगा बी एट होम के संदेश के साथ अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया गया। इस अवसर पर जिला आयुष केंद्र में योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया..

By JagranEdited By: Publish:Tue, 22 Jun 2021 08:10 AM (IST) Updated:Tue, 22 Jun 2021 08:10 AM (IST)
नियमित रूप से करें योग और रहें निरोग
नियमित रूप से करें योग और रहें निरोग

जागरण संवाददाता, सरायकेला : सोमवार को बी विद योगा बी एट होम के संदेश के साथ अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया गया। इस अवसर पर जिला आयुष केंद्र में योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिला आयुष चिकित्सा पदाधिकारी डा. विपिन चंद्र गुप्ता ने कार्यालय के कर्मचारियों के साथ योग क्रिया कर संदेश दिया कि स्वस्थ जीवन के लिए प्रतिदिन नियम पूर्वक योगाभ्यास जरूरी है। कोरोना महामारी से लड़ने में योगाभ्यास की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने बताया कि जिला आयुष केंद्र में चिकित्सकों व कर्मियों को प्रतिदिन योगाभ्यास कराया जाएगा। योग व प्राणायाम से शरीर के समस्त रोगों का इलाज संभव है। इस दौरान सरायकेला नगर पंचायत की अध्यक्ष मीनाक्षी पटनायक ने अपने घर पर परिवार के साथ योग किया और दूसरों को भी योग करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि योग प्राणायाम से शरीर के समस्त रोगों का इलाज हो सकता है। इसलिए नियमित रूप से योग करें और निरोग रहें। नगर पंचायत उपाध्यक्ष सह पतंजलि योग समिति भारत स्वाभिमान ट्रस्ट के जिला संरक्षक मनोज कुमार चौधरी ने बिरसा मुंडा स्टेडियम में योगाभ्यास किया। उन्होंने जिले वासियों को सातवें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामना दी। कहा, योग प्राचीन भारतीय परंपरा की अनुपम भेंट है। इससे 99 फीसद असाध्य व सामान्य रोगों से मुक्ति मिलती है। योग के निरंतर अभ्यास से शरीर पुष्ट व मन स्वस्थ रहता है। राजकीय छऊ नृत्य कला केंद्र के निदेशक गुरु तपन कुमार पटनायक ने अपने आवास पर छऊ नृत्य कला के साथ योगाभ्यास किया। उन्होंने कहा कि छऊ नृत्य कला अपने आप में संपूर्ण योगाभ्यास है। उन्होंने सभी से नियमित रूप से योगाभ्यास करने की अपील की। सरायकेला थाना परिसर में थाना प्रभारी मनोहर कुमार के नेतृत्व में सभी पुलिस पदाधिकारियों व कर्मियों ने योगाभ्यास किया। थाना प्रभारी ने पुलिसकर्मियों से नियमित रूप से योगा करने की अपील की। बुद्धा ऑफ योगा एंड मार्शल आर्ट एसोसिएशन के योग शिक्षक देबू दे ने नारायणपुर स्थित सेंटर पर इंटरनेशनल डे ऑफ योग मनाया। इस अवसर पर सूक्ष्म व्यायाम, आसन व प्राणायाम आदि का अभ्यास कराते हुए उन्होंने कहा कि तेज दिमाग, स्वस्थ दिल व सुकून भरे शरीर को पाने के लिए नियमित रूप से योग जरूरी है। योगाभ्यास कर फिट और हेल्दी रहा जा सकता है। इससे इम्युनिटी बूस्ट होता है। वजन भी कम होता है। उन्होंने आनंद महतो, सिलाई सोरेन व अजय मार्डी समेत अन्य को योग कराते हुए योग से तनाव मुक्त जीवन पाने का आह्वान किया। सरस्वती शिशु मंदिर उच्च विद्यालय के प्रधानाचार्य पार्थसारथी आचार्य के नेतृत्व में शिक्षक-शिक्षिकाओं व छात्र-छात्राओं ने अपने-अपने घर पर ऑनलाइन योगाभ्यास किया। प्रधानाचार्य ने कहा कि नियमित योग से शारीरिक, मानसिक, नैतिक व आध्यात्मिक विकास संभव है। नियमित योगाभ्यास से शरीर को स्वस्थ व निरोग रखा जा सकता है। ध्यान से पढ़ने व याददाश्त शक्ति बढ़ाने में योग महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। चाइल्डलाइन की ओर से कोविड-19 गाइडलाइन का पालन कर गम्हरिया प्रखंड के गोहिरा गांव में योग शिविर लगाया गया। योग प्रशिक्षक आनंद महतो ने बच्चों व ग्रामीणों को कपाल भाति प्राणायाम, अनुलोम-विलोम प्राणायाम, सूक्ष्म व्यायाम, आसन, वक्रासन, मयूरासन, शीर्षासन आदि योग क्रियाएं कराई। सि दौरान चाइल्ड लाइन के अजीत कवि, नीतू सिन्हा, सेविका भारती महतो, उत्क्रमित मध्य विद्यालय गोहिरा के प्रधानाध्यापक विनोद प्रसाद महतो, शिक्षक अशोक महतो, राजकुमार महतो, रूबी महतो, इरफान व सरोज महतो की उपस्थिति में चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 सहित योग से होने वाले लाभ की जानकारी दी गई। भूतपूर्व सैनिक सह भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के सरायकेला प्रखंड अध्यक्ष शंकर सोय ने अपने गांव हेसा में ग्रामीणों के साथ योगाभ्यास किया। उन्होंने ग्रामीणों को योगाभ्यास से होने वाले लाभों की जानकारी दी।

chat bot
आपका साथी