योजनाओं में गड़बड़ी हुई तो मुखिया जाएंगे जेल: उपायुक्त

सदर प्रखंड परिसर स्थित प्रशिक्षण सह उद्योग भवन में गुरुवार को उपायुक्त ने मुखिया और ग्राम प्रधानों के साथ बैठक की।

By JagranEdited By: Publish:Thu, 22 Aug 2019 06:55 PM (IST) Updated:Sun, 25 Aug 2019 06:36 AM (IST)
योजनाओं में गड़बड़ी हुई तो मुखिया जाएंगे जेल: उपायुक्त
योजनाओं में गड़बड़ी हुई तो मुखिया जाएंगे जेल: उपायुक्त

जागरण संवाददाता, सरायकेला : सदर प्रखंड परिसर स्थित प्रशिक्षण सह उद्योग भवन में गुरुवार को उपायुक्त अंजनेयुलु दोड्डे ने मुखिया एवं ग्राम प्रधान से सीधे संवाद करते हुए पंचायतवार विकास कार्यो की प्रगति से अवगत होकर सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। उपायुक्त को जानकारी दी गई कि प्रखंड के सभी ग्राम प्रधान को मानदेय मिल चुका है। 14वें वित्त आयोग के तहत प्रखंड में 35 सोलर जलमीनार योजना, दस पैवर्स ब्लॉक सड़क एवं आठ सौ स्ट्रीट लाइट अधिष्ठापन की योजना चल रही है। इसमें दो पंचायतों में काम पूरा हो गया है। अन्य पंचायतों में काम प्रगति पर है।

उपायुक्त ने मुखिया से कहा कि सभी काम गुणवत्तापूर्ण होनी चाहिए। ग्राम प्रधान योजनाओं की गुणवत्ता जांच करेंगे। जांच में सही पाए जाने के बाद ही भुगतान होगा। विकास कार्य में गुणवत्ता का संधारण नहीं किए जाने पर संबंधित मुखिया के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज होगी। मुखिया जेल भी जा सकते हैं। उन्होंने ग्राम प्रधानों से कहा कि योजना की जांच करें और गड़बड़ी पाए जाने पर हमें बताएं।

उपायुक्त ने मुख्यमंत्री कृषि आशीर्वाद योजना की जानकारी देते हुए कहा कि एक एकड़ से कम व अधिक सभी किसानों को प्रति एकड़ प्रतिवर्ष पांच हजार रुपये सीधे उनके खाते में दिया जाएगा। जल शक्ति अभियान की जानकारी देते हुए कहा कि पूरे जिले में जलस्तर नीचे चला गया है। चापाकलों से पानी नहीं मिल रहा है। नया चापाकल लगाने पर भी पानी निकलने की उम्मीद कम है। उन्होंने कहा कि जलस्तर को संतुलित करने के लिए बेकार बहने वाले बरसात का पानी रोकना जरूरी है। इसके लिए हर गांव में टीसीपी गड्ढा बनाने का अभियान चलाएं। उन्होंने विधवा पेंशन की जानकारी देते हुए कहा कि जिले की कोई भी विधवा पेंशन से छूटना नहीं चाहिए। प्रधानमंत्री आवास योजना की जानकारी देते हुए उपायुक्त ने कहा कि जिले के 250 बेसहारा लोगों को आवास योजना का लाभ दिया जाएगा। ऐसे लोगों को चिन्हित कर सूची उपलब्ध कराएं। उन्होंने आयुष्मान भारत की जानकारी देते हुए कहा कि इसके तहत योजना से जुड़े जिले के अस्पताल में 13 सौ बीमारियों का पांच लाख रुपये तक का इलाज होगा। जिले में छह लाख परिवार का गोल्डन कार्ड बनाना है। इसमें अभी दो लाख गोल्डन कार्ड बना है।

उपायुक्त ने सुनी लोगों की समस्या

मुखिया व ग्राम प्रधान के साथ सीधे संवाद में उपायुक्त ने गांव की समस्याएं सुनी। उन्होंने अपना संपर्क नंबर देते हुए कहा कि किसी तरह की कोई समस्या हो तो सूचित करें। समाधान के लिए त्वरित कार्रवाई की जाएगी। उपायुक्त ने कहा कि वे कार्यालय में प्रत्येक दिन लोगों से मिलते हैं, कोई समस्या हो तो आकर मिल सकते हैं। मुंड़ाटांड़ के प्रेम प्रधान ने गांव की समस्या से अवगत कराते हुए उपायुक्त को बताया कि गांव आने-जाने के लिए सड़क नहीं है। इस कारण खासकर बरसात में लोगों को काफी परेशानी होती है। उपायुक्त ने इस संबंध में प्रखंड विकास पदाधिकारी को निरीक्षण करने का आदेश दिया। सीनी के मुखिया ने कहा कि पंचायत के 30 भूमिहीनों को प्रधानमंत्री आवास नहीं मिल रहा है। इस पर उपायुक्त ने कहा कि फिलहाल भूमिहीनों को जमीन देने का प्रावधान नहीं है। अगर कहीं सरकारी जमीन है तो इस पर विचार किया जा सकता है। बीरबांस पंचायत के ग्राम प्रधान ने कहा कि 12 गांव में अब तक किसी को उज्ज्वला योजना एवं प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ नहीं मिला है। इसपर उपायुक्त ने प्रखंड विकास पदाधिकारी को सूचना देने का निर्देश दिया। नुवागांव पंचायत के ग्राम प्रधान ने कहा कि नाम में गड़बड़ी के कारण कुछ किसानों को मुख्यमंत्री आशीर्वाद योजना का लाभ नहीं मिल रहा है। उपायुक्त ने इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। इस मौके पर प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रवीण कुमार, अंचलाधिकारी कुमारी गीतांजलि, प्रखंड कृषि पदाधिकारी आशीर्वाद महतो समेत कई पदाधिकारी एवं प्रखंड व अंचल के मुखिया व ग्राम प्रधान उपस्थित थे।

chat bot
आपका साथी