साप्ताहिक हाट में उमड़ी भीड़, प्रशासन ने कराया खाली

गुरुवार की सुबह लगभग नौ बजे खरसावां बीडीओ मुकेश मछुआ व थाना प्रभारी प्रकाश रजक पुलिस बल के साथ खरसावां हाट पहुंचे और लोगों को स्वास्थ्य सुरक्षा सप्ताह की जानकारी दी। इस दौरान कई दुकानदारों को वापस घर भेज दिया गया..

By JagranEdited By: Publish:Fri, 23 Apr 2021 08:10 AM (IST) Updated:Fri, 23 Apr 2021 08:10 AM (IST)
साप्ताहिक हाट में उमड़ी भीड़, प्रशासन ने कराया खाली
साप्ताहिक हाट में उमड़ी भीड़, प्रशासन ने कराया खाली

संवाद सूत्र, खरसावां : गुरुवार की सुबह लगभग नौ बजे खरसावां बीडीओ मुकेश मछुआ व थाना प्रभारी प्रकाश रजक पुलिस बल के साथ खरसावां हाट पहुंचे और लोगों को स्वास्थ्य सुरक्षा सप्ताह की जानकारी दी। इस दौरान कई दुकानदारों को वापस घर भेज दिया गया। साथ ही सब्जी व फल के दुकानों को पांच-पांच फीट की दूरी पर लगवाया गया। हालांकि बीडीओ व थाना प्रभारी के वापस जाते ही साप्ताहिक हाट में कई दुकानदारों ने दुकान लगानी शुरू कर दी। बाजार में सब्जी व फल की खरीदारी के लिए काफी लोग पहुंच गए। जानकारी मिलने के बाद दोपहर में बीडीओ मुकेश मछुआ व थाना प्रभारी प्रकाश रजक पुलिस बल के साथ बाजार पहुंचे और भीड़ हटाया। इस दौरान शारीरिक दूरी के निर्देश का पालन नहीं करने वालों को फटकार लगायी गई और उन्हें वापस घर भेज दिया गया। इसके बाद साप्ताहिक हाट में भीड़ नियंत्रित हुई। इस दौरान बीडीओ व थाना प्रभारी ने मास्क जांच अभियान भी चलाया। बिना मास्क साप्ताहिक हाट में घूमने वालों से जुर्माना भी वसूला गया। बीडीओ व थाना प्रभारी ने कहा कि हर हाल में शारीरिक दूरी के निर्देश का पालन करें। कोविड नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। कुचाई, आमदा, व बड़ाबांबो में भी दिखा असर : कुचाई, आमदा व बड़ाबाबो बाजार में स्वास्थ्य सुरक्षा सप्ताह का असर पहले दिन से ही देखने को मिला। गुरुवार को कुचाई बाजार की अधिकांश दुकानें बंद रहीं। तीन-चार किराने की दुकानें ही खुली। इन दुकानों में ग्राहकों द्वारा शारीरिक दूरी का का अनुपालन किया गया। सड़कें वीरान थीं। खरसावां के आमदा व बड़ाबांबो बाजार में भी अधिकांश दुकानें बंद रही। सड़क पर काफी कम लोग नजर आए। कुछ स्थानों पर पुलिस के जवानों ने मास्क जांच भी किया। सड़कें वीरान, बाजारों में सन्नाटा : झ्लॉकडाउन के पहले दिन सरायकेला के बाजारों व चौक-चौराहों पर सन्नाटा रहा। कालुराम चौक, गैरेज चौक, संजय चौक मार्केट आदि स्थानों पर आवश्यक सामग्रियों की दुकानों को छोड़ लगभग सभी दुकानें बंद रही। हर दिन की तरह इन स्थानों पर लोगों की भीड़ भी नजर नहीं आई। सड़कें वीरान रही। टेंपो व प्राइवेट बसों की परिचालन भी ठप रहा। सुबह दस बजे के बाद इक्का-दुक्का लोग सड़क पर वाहन चलाते नजर आए। राशन व मेडिकल दुकानों को छोड़ अन्य दुकानें नहीं खुली। इधर, सरायकेला पुलिस भी कोविड नियमों का कड़ाई से पालन करने में जुटी रही। अपराह्न लगभग 3:30 प्रशासनिक अधिक पुलिस बल के साथ मुख्य बाजार पहुंचे। सरायकेला अनुमंडल अधिकारी रामकृष्ण कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राकेश रंजन व सरायकेला थाना प्रभारी मनोहर कुमार के नेतृत्व में पुलिस बल ने मुख्य बाजार क्षेत्र में फ्लैग मार्च किया। इस दौरान आम लोगों व दुकानदारों को स्वास्थ्य सुरक्षा सप्ताह के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही कोविड नियमों का पालन करने का निर्देश दिया गया। बाजार क्षेत्र में सिर्फ आवश्यक सेवाओं से संबंधित व दुकानें संचालित करने की जानकारी दी गई। जिला प्रशासन की ओर से जारी किए गए 13 बिदुओं को विस्तार पूर्वक प्रचारित किया गया। साथ यह जानकारी भी दी गई कि स्वास्थ्य सुरक्षा सप्ताह के तहत दिए गए गाइडलाइन का उल्लंघन करने पर संबंधित व्यक्ति, प्रतिष्ठान व संस्थान के खिलाफ डिजास्टर मैनेजमेंट एक्ट 2005 व भारतीय दंड संहिता के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

chat bot
आपका साथी